Page Loader
लोकसभा चुनाव: 2019, 2014 और 2009 में कितने सटीक साबित हुए थे एग्जिट पोल के अनुमान? 
2019 में एग्जिट पोल मोटे तौर पर सटीक रहे थे

लोकसभा चुनाव: 2019, 2014 और 2009 में कितने सटीक साबित हुए थे एग्जिट पोल के अनुमान? 

लेखन आबिद खान
Jun 01, 2024
01:49 pm

क्या है खबर?

लोकसभा चुनाव के अंतिम चरण का मतदान खत्म होते ही एग्जिट पोल जारी कर दिए जाएंगे। इसमें अनुमान लगाया जाएगा कि अंतिम नतीजों में किस पार्टी को कितनी सीटें मिल सकती हैं। एग्जिट पोल की विश्वसनीयता पर सवाल उठते रहे हैं। कई बार इनके अनुमान में जमीन-आसमान का फर्क होता है तो कई बार बेहद सटीक बैठते हैं। आइए जानते हैं कि 2019, 2014 और 2009 में एग्जिट पोल के अनुमान कितने सटीक साबित हुए थे।

2019

2019 के एग्जिट पोल में क्या अनुमान लगाया गया था?

2019 में ज्यादातर एग्जिट पोल के अनुमान सही साबित हुए थे। तब इंडिया टुडे-एक्सिस माय इंडिया ने राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) को 339 से 365 और संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (UPA) को 77 से 108 सीटें जीतने का अनुमान लगाया था। न्यूज 24-टुडे चाणक्य ने NDA को 350 और UPA को 95 सीटें मिलने का दावा किया था। ABP-CSDS ने NDA को 277 और UPA को 130 सीटें मिलने की संभावना जताई थी।

नतीजे

क्या थे 2019 चुनाव के अंतिम नतीजे? 

2019 में भाजपा के नेतृत्व वाले NDA ने 543 में से 353 सीटें जीतकर लगातार दूसरी बार सत्ता हासिल की थी। इनमें से भाजपा ने अकेले 303 सीटों पर जीत हासिल की थी। कांग्रेस के नेतृत्व वाला UPA केवल 91 सीटें जीतने में कामयाब हो पाया था। इनमें से 52 पर कांग्रेस को जीत मिली थी। तृणमूल कांग्रेस (TMC) तीसरी सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी थी। उसे 22 सीटें मिली थीं।

2014

2014 में क्या थे एग्जिट पोल के अनुमान?

2014 में 8 एग्जिट पोल ने औसतन अनुमान लगाया था कि UPA को 105 और NDA को 283 सीटें मिलेंगी। इंडिया टुडे-सिसेरो ने NDA को 272 और UPA को 115, न्यूज 24-चाणक्य ने NDA को 340 और UPA को 101, CNN-IBN-CSDS ने NDA को 280 और UPA को 97, ABP न्यूज-नील्सन ने NDA को 274 और UPA को 97 और NDTV-हंसा रिसर्च ने NDA को 279 और UPA को 103 सीटें मिलने का अनुमान जताया गया था।

नतीजे

क्या थे 2014 चुनाव के अंतिम नतीजे?

2014 में ज्यादातर एग्जिट पोल के अनुमान वास्तविकता से दूर थे। NDA के सत्ता में आने की बात तो सही साबित हुई, लेकिन सीटों के आंकड़े सटीक नहीं बैठे। अंतिम नतीजों में NDA को 336 और UPA को मात्र 60 सीटें मिली थीं। भाजपा ने अकेले ही 282 सीटें जीती थीं और कांग्रेस मात्र 44 पर सिमट गई थी। ऑल इंडिया द्रविड़ मुन्नेत्र कड़गम (AIADMK) तीसरी सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी थी और उसे 37 सीटें मिली थीं।

2009

2009 में क्या थे अनुमान और नतीजे?

2009 में कम से कम 4 एग्जिट पोल ने UPA को 191 से 199 सीटें जीतने का अनुमान लगाया था। NDA को 175 से 196 सीटें मिलने की संभावना जताई गई थी। अंतिम नतीजों में UPA ने 262 और NDA ने 158 सीटें जीती थीं। इनमें से कांग्रेस को 206 और भाजपा को 116 सीटें मिली थीं। एग्जिट पोल और नतीजों में UPA को लेकर 54 और NDA को लेकर 22 सीटों का अंतर था।

एग्जिट पोल

क्या होते हैं एग्जिट पोल?

एग्जिट पोल एक तरह का चुनावी सर्वे होता है, जो मतदान के दिन किया जाता है। इसमें वोट डालकर आ रहे मतदाता से जानने की कोशिश की जाती है कि उसने किस पार्टी या उम्मीदवार के पक्ष में मतदान किया है। मतदाताओं से कई सवाल पूछे जाते हैं। ये सर्वे अधिकतर निजी एजेंसियों द्वारा किए जाते हैं, न कि किसी सरकारी संस्था द्वारा। इसे आखिरी चरण के मतदान के बाद ही जारी किया जाता है।