Page Loader
भारत के पहले हॉलीवुड सुपरस्टार साबू दस्तगीर पर बायोपिक, कभी अस्तबल में चराते थे हाथी
हॉलीवुड वॉक ऑफ फेम में पहुंचने वाली साबू दस्तगीर पर फिल्म

भारत के पहले हॉलीवुड सुपरस्टार साबू दस्तगीर पर बायोपिक, कभी अस्तबल में चराते थे हाथी

Jul 16, 2025
07:09 pm

क्या है खबर?

आने वाले समय में कई बायोपिक फिल्में दर्शकों के बीच होंगी। एक ओर भारतीय सिनेमा के जनक दादा साहेब फाल्के का सफरनामा पर्दे पर उतारने की तैयारी चल रही है तो दूसरी ओर दिग्गज अभिनेत्री मधुबाला की बायोपिक पर काम चल रहा है। अब एक और महान शख्सयित साबू दस्तगीर पर बायोपिक बनने जा रही है, जो हिंदी सिनेमा के पहले हॉलीवुड सुपरस्टार रहे। उनकी कहानी बहुत जल्द बड़े पर्दे पर आ रही है। आइए जानें कौन हैं साबू दस्तगीर।

बायोपिक

सामने आएगी साबू की अनसुनी और प्रेरणादायी कहानी

भारत के पहले हॉलीवुड एक्टर साबू दस्तगीर की बायोपिक पर काम शुरू हो गया है। ऑलमाइटी मोशन पिक्चर की निर्माता प्रभलीन संधू ने देबलीना मजूमदार की किताब साबू: द रिमार्केबल स्टोरी ऑफ इंडियाज फर्स्ट एक्टर इन हॉलीवुड' के राइट्स खरीद लिए हैं। इस बायोपिक को या तो एक फीचर फिल्म या एक वेब सीरीज के रूप में बनाया जाएगा। प्रभलीन कहती हैं, "साबू की कहानी ईमानदारी के साथ बताई जानी चाहिए। उनकी प्रेरणादायी कहानी है, जिसे भुलाया नहीं जा सकता।"

संघर्ष

 हाथियों के अस्तबल से निकलकर कैसे सुपरस्स्टार बने साबू?

प्रभलीन बोलीं, "यह एक ऐसी जिम्मेदारी है, जिसे हम अपने दिलों के करीब रखते हैं। हाथी की देखभाल करने वाले महावत के बेटे साबू एक ऐसे व्यक्ति थे, जिनकी यात्रा वाकई असाधारण थी।" साबू का जन्म 1924 में मैसूर (अब कर्नाटक) के एक साधारण परिवार में हुआ था। उनके पिता एक महावत थे और साबू का बचपन भी हाथियों के बीच बीता। हाथियों के अस्तबल से निकलकर साबू कैसे एक अंतरराष्ट्रीय स्टार बने, ये सब इस फिल्म में दिखाया जाएगा।

लोकप्रियता

'एलिफेंट बॉय' से दुनियाभर में मशहूर हो गए थे साबू

ब्रिटिश शासित भारत से लेकर हॉलीवुड तक की साबू की यात्रा काफी शानदार रही, जिसमें उन्होंने कई सीमाओं को लांघकर हॉलीवुड में एक बड़ा नाम कमाया। उनका सफर महाद्वीपों, संस्कृतियों और युगों तक फैला हुआ था। हॉलीवुड में फिल्म 'एलिफेंट बॉय' से साबू काे बड़ा ब्रेक मिला था, जो साल 1937 में रिलीज हुई थी। इसमें उन्होंने मुख्य भूमिका निभाई थी। इस फिल्म से उन्हें अंतरराष्ट्रीय पहचान मिली। उन्होंने दूसरे विश्व युद्ध में भी अपने सेवाएं दी हैं।

शोहरत

हॉलीवुड वॉक ऑफ फेम में मिली जगह

'एलिफेंट बॉय' के बाद साबू ने हॉलीवुड की कई बड़ी फिल्मों में काम किया। इनमें 'द थीफ ऑफ बगदाद', 'जंगल बुक', 'अरेबियन नाइट्स' और 'ब्लैक नार्सिसस' जैसी फिल्में शामिल हैं। साबू की फिल्मों ने बॉक्स ऑफिस पर खूब धूम मचाई। सिनेमा में उनके खास योगदान को देखते हुए उन्हें 1960 में हॉलीवुड 'वॉक ऑफ फेम' में जगह मिली। दुर्भाग्यवश साल 1963 में 39 की उम्र में दिल का दौरा पड़ने की वजह से साबू का अचानक निधन हो गया था।