Page Loader
त्रिकोणीय टी-20 सीरीज 2025: न्यूजीलैंड ने दक्षिण अफ्रीका को हराया, ये बने रिकॉर्ड्स 
न्यूजीलैंड ने दक्षिण अफ्रीका को हराया (तस्वीर: एक्स/@ProteasMenCSA)

त्रिकोणीय टी-20 सीरीज 2025: न्यूजीलैंड ने दक्षिण अफ्रीका को हराया, ये बने रिकॉर्ड्स 

Jul 16, 2025
07:53 pm

क्या है खबर?

इस समय जारी त्रिकोणीय टी-20 सीरीज के दूसरे मैच में न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम ने दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम को 21 रन से हराया। हरारे स्टेडियम में हुए मुकाबले में कीवी टीम ने टिम रॉबिंसन के अर्धशतक (75) की मदद से पहले खेलते हुए निर्धारित 20 ओवर के बाद 173/5 का स्कोर बनाया। जवाब में प्रोटियाज टीम 18.2 ओवर में 152 रन पर सिमट गई। आइए मैच में बने रिकॉर्ड्स पर एक नजर डालते हैं।

लेखा-जोखा 

इस तरह से जीती न्यूजीलैंड की टीम

न्यूजीलैंड ने 35 के स्कोर तक अपने दोनों सलामी बल्लेबाजों के विकेट गंवा दिए। नंबर-3 पर बल्लेबाजी के लिए आए रॉबिंसन ने नाबाद 75 रन बनाते हुए टीम को अच्छे स्कोर तक पहुंचाया। उनके अलावा बेवॉन जैकब्स ने नाबाद 44 रन बनाए। जवाब में दक्षिण अफ्रीका ने पावरप्ले के बाद 50/2 का बनाया। इसके बाद टीम ने नियमित अंतराल पर विकेट गंवाए। मुश्किल घड़ी में डेवाल्ड ब्रेविस (35) और जॉर्ज लिंडे (30) ने संघर्ष किया, लेकिन जीत नहीं दिला सके।

टिम रॉबिंसन

टिम रॉबिंसन ने लगाया अपना दूसरा अर्धशतक 

23 वर्षीय रॉबिंसन ने अपनी बल्लेबाजी में प्रभावित किया। उन्होंने संभलकर बल्लेबाजी करते हुए 42 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। इस बीच उन्होंने जैकब्स के साथ मिलकर 63 गेंदों में नाबाद 103 रन की साझेदारी की। वह 57 गेंदों में 6 चौकों और 3 छक्के की मदद से 75 रन बनाकर नाबाद रहे। उन्होंने 11 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 29.78 की औसत और 131.37 की स्ट्राइक रेट के साथ 268 रन बनाए।

बेवॉन जैकब्स 

बेवॉन जैकब्स ने डेब्यू में किया प्रभावित 

न्यूजीलैंड की ओर से बेवॉन जैकब्स ने डेब्यू मैच में छाप छोड़ी। जब कीवी टीम ने 70 रन के स्कोर पर अपना 5वां विकेट खोया, तब जैकब्स क्रीज पर आए। दाएं हाथ के इस युवा बल्लेबाज ने 30 गेंदों का सामना करते हुए 1 चौके और 3 छक्के की मदद से नाबाद 44 रन बनाए। उन्होंने रॉबिंसन के साथ मिलकर टीम का स्कोर 150 के पार पहुंचाया।

पारी 

डेवाल्ड ब्रेविस और जॉर्ज लिंडे की ऐसी रही पारियां 

ब्रेविस ने 18 गेंदों में 35 रन की पारी खेली। उन्होंने 1 चौका और 3 छक्के लगाए। वह मैट हेनरी की गेंद पर डेरिल मिचेल को कैच दे बैठे। लिंडे ने 20 गेंदों में 1 चौका और 2 छक्कों की मदद से 30 रन बनाए। उनकी पारी का अंत जैकब डफी ने लिया। ब्रेविस और लिंडे की जोड़ी ने 37 रन की साझेदारी की।

अंक तालिका 

न्यूजीलैंड ने दर्ज की पहली जीत 

त्रिकोणीय सीरीज में यह न्यूजीलैंड का पहला ही मैच है, जिसमें उन्होंने जीत दर्ज की है। अंक तालिका में कीवी टीम पहले स्थान पर पहुंच गई है। दक्षिण अफ्रीका ने 2 मैच खेले हैं और 1 में जीत और 1 में हार झेली है। प्रोटियाज टीम दूसरे स्थान पर पहुंच गई है। तीसरे स्थान पर मौजूद मेजबान जिम्बाब्वे ने अब सिर्फ 1 मैच खेला है और उसमें हार झेली है।