Page Loader
क्या कांग्रेस ने लोगों की संपत्ति को गरीबों और मुस्लिमों में बांटने का वादा किया है?
कांग्रेस ने अपने घोषणा पत्र में संपत्ति वितरण की बात नहीं कही है

क्या कांग्रेस ने लोगों की संपत्ति को गरीबों और मुस्लिमों में बांटने का वादा किया है?

लेखन आबिद खान
Apr 24, 2024
06:02 pm

क्या है खबर?

कांग्रेस नेता सैम पित्रोदा के एक बयान पर खूब राजनीति हो रही है। उन्होंने अमेरिका में व‍िरासत कर का हवाला देते हुए भारत में भी इस पर चर्चा करने की पैरवी की है। हालांकि, बाद में उन्होंने सफाई दी है, लेकिन भाजपा ने इस मुद्दे पर कांग्रेस को घेर लिया है। भाजपा ने कहा कि अगर कांग्रेस सत्ता में आई तो घोषणापत्र के मुताबिक संपत्ति का पुनर्वितरण करेगी। जानते हैं कांग्रेस ने घोषणापत्र में क्या वादा किया है।

बयान

क्या बोले थे सैम पित्रोदा?

अमेरिका के शिकागो में पित्रोदा ने कहा, "अमेरिका में विरासत कर लगता है। अगर किसी के पास अरबों की संपत्ति है तो मरने के बाद उसकी केवल 45 प्रतिशत संपत्ति उसके बच्चों के पास जाती है, बाकी 55 प्रतिशत सरकार रखती है। यह दिलचस्प कानून है। यह कहता है कि आपने अपनी पीढ़ी में संपत्ति बनाई और अब आप जा रहे हैं, आपको अपनी संपत्ति जनता के लिए छोड़नी होगी, पूरी नहीं, आधी। भारत में भी इस पर विचार हो।"

भाजपा

संपत्ति वितरण पर भाजपा ने क्या कहा था?

भाजपा ने यह दावा किया है कि कांग्रेस ने अपने घोषणापत्र में लोगों की संपत्ति को जब्त करने और पुनर्वितरित करने का वादा किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक रैली में कहा था, "कांग्रेस अपने घोषणापत्र में हर किसी की संपत्ति का सर्वे करने की बात करती है। हमारी बहनों के पास सोना कितना है, इन सभी का पता लगाया जाएगा। कांग्रेस कहती है कि वो इन सभी को समान रूप से वितरित करने का काम करेगी।"

कांग्रेस

कांग्रेस ने अपने घोषणापत्र में क्या वादा किया है?

कांग्रेस ने अपने घोषणापत्र में आर्थिक असमानता, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लोगों और सरकारी भूमि और संसाधनों के आवंटन के संबंध में कई बातें कही हैं। कांग्रेस ने कहा, "भारत की पूरी क्षमता का अहसास करने के लिए अल्पसंख्यकों का आर्थिक सशक्तिकरण एक आवश्यक कदम है। हम यह सुनिश्चित करेंगे कि बैंक बिना किसी भेदभाव के अल्पसंख्यकों को संस्थागत ऋण प्रदान करेंगे।" इसके अलावा कांग्रेस ने जातिगत जनगणना की बात कही है।

घोषणा पत्र

घोषणापत्र में नहीं है संपत्ति बांटने की बात

कांग्रेस ने घोषणापत्र में कहीं भी यह नहीं कहा कि वह लोगों की संपत्ति जब्त कर गरीबों या मुस्लिमों में बांटेगी। उसका कहना है कि वह नीतियों में उपयुक्त बदलावों के माध्यम से धन और आय की बढ़ती असमानता को संबोधित करेगी। घोषणापत्र में महिलाओं के मंगलसूत्र के सर्वे या पुनः वितरित करने का भी कोई जिक्र नहीं है। कई कांग्रेस नेताओं ने कहा है कि पार्टी की संपत्ति को 'जब्त करने और पुनर्वितरित' करने की कोई योजना नहीं है।

प्रधानमंत्री

सैम पित्रोदा के बयान पर प्रधानमंत्री ने क्या कहा?

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, "कांग्रेस अब विरासत कर लगाएगी। यानी माता-पिता से मिलने वाली संपत्ति पर भी कर लगाया जाएगा। आप जो अपनी मेहनत से संपत्ति जुटाते हैं, वो आपके बच्चों को नहीं मिलेगी। कांग्रेस का मंत्र है- कांग्रेस की लूट जिंदगी के साथ भी और जिंदगी के बाद भी। जब तक आप जीवित रहेंगे, कांग्रेस आपको ज्यादा कर से मारेगी और जब आप जीवित नहीं रहेंगे, तो वो आप पर विरासत कर का बोझ लाद देगी।"