Page Loader
दिल्ली में कांग्रेस मुख्यालय का नया पता 'इंदिरा भवन 9ए कोटला रोड', कितनी खास है इमारत?
कांग्रेस के नए मुख्यालय 'इंदिरा भवन' में क्या है खास

दिल्ली में कांग्रेस मुख्यालय का नया पता 'इंदिरा भवन 9ए कोटला रोड', कितनी खास है इमारत?

लेखन गजेंद्र
Jan 15, 2025
12:30 pm

क्या है खबर?

दिल्ली में कांग्रेस पार्टी को आजादी के बाद अपना नया मुख्यालय मिल गया है। इसका नया पता 24 अकबर रोड से शिफ्ट होकर 9ए कोटला रोड है। सूर्य के उत्तरायण होने पर बुधवार को शुभ घड़ी में मुख्यालय का उद्घाटन कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी ने किया। यह मुख्यालय कई मायनों में खास है। 2009 में इमारत बनना शुरू हुई थी, जिसे 15 साल लग गए। आइए जानते हैं मुख्यालय की खासियत।

खासियत

अंदर से कैसी है इमारत?

कांग्रेस का 5 मंजिला मुख्यालय आजादी से लेकर अब तक के 140 साल गौरवपूर्ण इतिहास समेटे है, जो किसी संग्रहालय से कम नहीं। इसमें कांग्रेस के पहले अध्यक्ष से लेकर वर्तमान अध्यक्ष की तस्वीरें हैं। इमारत की बाहरी दीवार पर पार्टी के संविधान के 5 मूल सिद्धांत 'लोकतंंत्र, राष्ट्रवाद, धर्मनिरपेक्ष, समावेशी विकास और न्याय' लिखा मिलेगा। स्वागतकक्ष में पहले अध्यक्ष ब्योमेश चंद्र बनर्जी और वर्तमान अध्यक्ष खड़गे की तस्वीर दिखेगी, जो अतीत और वर्तमान के बीच सामंजस्य बनाते दिखेंगे।

खासियत

किस तल पर क्या है?

निचले तल पर बाईं तरह अत्याधुनिक प्रेस कॉन्फ्रेंस हॉल है। बीच में अर्ध चंद्राकार आकार में स्वागत मेज है। उसके पीछे खान-पान के लिए कैंटीन है। दाईं तरफ मीडिया प्रभारी का दफ्तार, टीवी में बहस करने के लिए छोट-छोटे साउंड प्रूफ चैंबर और पत्रकारों के बैठने के लिए कमरा बनाया गया है। यहीं बाबा साहेब डॉ भीमराव अंबेडकर के आदर्श वाक्य के साथ तस्वीर लगी है। बिना अनुमति के मीडिया ऊपर के तलों पर नहीं जा सकेगी।

व्यवस्था

पहली से तीसरी मंजिल पर कौन बैठेगा?

यहां पहली मंजिल में बाईं तरफ विशेष कार्यक्रमों के लिए एक बड़ा हाईटेक ऑडिटोरियम है। साथ ही किसान विभाग, डेटा विभाग जैसे विभागों के प्रमुखों के दफ्तर होंगे। यहां कुल 18 कमरे होंगे। दूसरी मंजिल पर राष्ट्रीय सचिवों के लिए 24 कमरें हैं और हर कमरे को 4 भाग में बांटकर 4 सचिवों को एक-एक कमरा दिया जाएगा। तीसरी मंजिल पर स्वतंत्र प्रभारियों के लिए 18 कमरे हैं, जो एक-दूसरे के सामने कॉमन लॉबी में खुलेंगे।

पंचम तल

पांचवीं मंजिल पर बैठेंगे प्रमुख नेता

चौथी मंजिल पर संगठन महासचिव और कोषाध्यक्ष समेत पार्टी महासचिवों के लिए 12 बड़े कमरे हैं। बीच में एक वेटिंग एरिया का एक लॉबी है। पांचवीं मंजिल पर 3 बड़े दफ्तर होंगे, जिसमें बीच में खड़गे, दाईं तरफ सोनिया गांधी और बाईं तरफ राहुल गांधी बैठेंगे। पूरे दफ्तर में 246 दुर्लभ तस्वीरें लगाई गई हैं, जिसमें महात्मा गांधी की पुरानी बैठकें और अखबारों की पुरानी खबरें भी दिखेंगी। इसमें 140 साल का इतिहास एक टाइमलाइन में दिखाया गया है।

डिजाइन

प्रियंका गांधी ने डिजाइन किए पर्दे और फर्नीचर

मुख्यालय में आंतरिक साज-सज्जा और इंटीरियर में कांग्रेस सांसद और महासचिव प्रियंका गांधी ने भी योगदान दिया है। उन्होंने पर्दों के रंग से लेकर फर्नीचर तक खुद ही डिजाइन किए हैं। दीवारों पर रंग और तस्वीरों की जगह के चुनाव में भी उनके सुझाव लिए गए। मुख्यालय में संतराम जैसे निष्ठावान कांग्रेसी कार्यकर्ताओं की भी तस्वीरें लगी हैं। मुख्यालय नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से नजदीक है, जिससे लोगों को आने-जाने में सहूलियत होगी।

इमारत

पुराने दफ्तर 24 अकबर रोड का क्या है इतिहास?

कांग्रेस ने 24 अकबर रोड स्थित बंगले को अपने सबसे बुरे दौर में मुख्यालय बनाया था। हालांकि, बाद में इसी दफ्तर से कांग्रेस को ऐतिहासिक विजय भी मिली। ये दिल्ली के लुटियन इलाके का टाइप 7 बंगला था, जहां 1978 में कांग्रेस इंदिरा गांधी के समय शिफ्ट हुई थी। बंगला उस समय आंध्र प्रदेश से राज्यसभा सांसद जी वेंकटस्वामी के नाम आवंटित था। इससे पहले दिल्ली में कांग्रेस का मुख्यालय जंतर-मंतर रोड पर था, जो इलाहाबाद से शिफ्ट हुआ था।

जानकारी

2009 में हुआ था कांग्रेस मुख्यालय का भूमि पूजन

कोटला रोड स्थित मुख्यालय के लिए सोनिया गांधी ने 2009 में भूमि पूजन किया था। तब मनमोहन सिंह के नेतृत्व में कांग्रेस सरकार थी। हालांकि, निर्माण शुरू नहीं हो सका। यह 2016 में शुरू हुआ, जो 252 करोड़ रुपये की लागत से अब पूरा हुआ।

ट्विटर पोस्ट

देखिए, कैसा दिखता है कांग्रेस का नया मुख्यालय