Page Loader
आज से मौसम में फिर आएगा तगड़ा बदलाव, मौसम विभाग ने दी चेतावनी 
कोहरे के कारण रेल और हवाई सेवा दोनों प्रभावित हो रही हैं (तस्वीर: एक्स/@Aryan_warlord)

आज से मौसम में फिर आएगा तगड़ा बदलाव, मौसम विभाग ने दी चेतावनी 

Jan 08, 2025
09:45 am

क्या है खबर?

पहाड़ी राज्यों में हो रही भारी बर्फबारी ने पूरे उत्तर भारत को शीतलहर की चपेट में ले लिया है। भीषण ठंड के साथ कोहरे के कारण दोहरी मार पड़ रही है, जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। आने वाले 3 दिनों में बारिश के साथ पारा और गिरने के संकेत मिल रहे हैं। अगले 2 दिनों में उत्तर-पश्चिम, पूर्वी और मध्य भारत में न्यूनतम तापमान 2-4 डिग्री नीचे जा सकता है। उसके बाद वृद्धि होने की संभावना है।

राहत

कश्मीर में कुछ जगह  मिली थोड़ी राहत

जम्मू-कश्मीर में आज मौसम साफ रहेगा। किसी भी तरह का अलर्ट घोषित नहीं किया गया है। कश्मीर के अधिकांश स्थानों पर रात के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। श्रीनगर में तापमान जमाव बिंदु से ऊपर दर्ज किया गया। यहां न्यूनतम तापमान 0.9 डिग्री दर्ज किया गया। अभी भी गुलमर्ग (-6.6 डिग्री), पहलगाम (-7.8 डिग्री) सहित कई इलाकों में शून्य से नीचे बना हुआ है। हिमाचल प्रदेश में आज घने कोहरे के साथ शीतलहर का येलो अलर्ट है।

दिल्ली 

राजधानी में आज के बाद गिरेगा तापमान 

मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में आने वाले दिनों में और जोरदार ठंड पड़ने के आसार हैं। आज बादल छाए रहेंगे और मकर संक्रांति से पहले यहां एक बार फिर बारिश हो सकती हैं। राजधानी में आज न्यूनतम तापमान 8 डिग्री और अधिकतम 16 डिग्री रहने की संभावना है। आज से तापमान में गिरावट आएगी और शुक्रवार तक 5 डिग्री तक कम हाेने की उम्मीद है। कोहरे के कारण 7 जनवरी को 300 से अधिक उड़ानें देरी से रवाना हुईं।

उत्तर प्रदेश 

उत्तर प्रदेश में बिगड़ेगा मौसम 

उत्तर प्रदेश में अगले 24 घंटे के भीतर कई जिलों में बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा 10 जनवरी से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है, जो कि उत्तर प्रदेश के मौसम को प्रभावित करेगा। इसकी वजह से 11 और 12 जनवरी को कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। प्रदेश में आज भी शीतलहर और कोहरे का अलर्ट जारी किया है। इसके बाद रात का तापमान और गिरेगा।

राजस्थान 

राजस्थान में 2.5 डिग्री तक पहुंचा पारा 

राजस्थान के ज्यादातर इलाकों में कड़ाके की सर्दी पड़ रही है और अगले कुछ दिनों में कई जगहों पर बारिश होने का अनुमान जताया गया है। बीते 24 घंटे में प्रदेश में सबसे कम तापमान नागौर में 2.5 डिग्री दर्ज किया गया। आज भी कुछ जिलों में तापमान 5 डिग्री के नीचे जा सकता है। कुछ स्थानों पर घना कोहरा छाया रहेगा। पश्चिमी विक्षोभ के कारण 10-12 जनवरी के दौरान बीकानेर, जयपुर, भरतपुर संभाग में बारिश होने की संभावना है।

ट्विटर पोस्ट

दिल्ली में छाया आज कोहरा