एवोकाडो को इन तरीकों से करें अपने स्किन केयर रूटीन में शामिल, मिलेंगे कई फायदे

स्वास्थ्य के लिए तो कई लोग एवोकाडो का सेवन करते हैं, लेकिन क्या आपने कभी त्वचा की देखभाल के लिए इसका इस्तेमाल किया है? शायद नहीं! एवोकाडो में विटामिन-A, विटामिन-C और एंटी-ऑक्सीडेंट जैसे कई ऐसे गुण पाए जाते हैं, जो त्वचा को प्राकृतिक तौर पर निखारने और पोषित करने का काम कर सकते हैं। आइए आज आपको बताते हैं कि एवोकाडो को किन-किन तरीकों से अपने स्किन केयर रूटीन में शामिल करके आप इसका भरपूर फायदा पा सकते हैं।
मॉइश्चराइजिंग फेस मास्क त्वचा पर एक सुरक्षात्मक परत बना सकता है और कई तरह की अशुद्धियों के संपर्क से त्वचा को बचा सकता है। इसे बनाने के लिए भी आप एवोकाडो का इस्तेमाल कर सकते हैं। यह आपकी त्वचा को भरपूर नमी देकर इसे स्वस्थ रखने में काफी मदद कर सकता है। इसके लिए सोने से पहले अपनी त्वचा पर एवोकाडो का पेस्ट लगाकर हल्के हाथों से मलें, फिर अपने चेहरे को साफ पानी से धोकर सो जाएं।
अगर आपको मुंहासों की समस्या है तो इससे राहत दिलाने में एवोकाडो काफी मदद कर सकता है। इसके लिए सबसे पहले सबसे पहले एवोकाडो को ब्लेंडर में ब्लेंड करें, फिर इसे एक कटोरी में शहद और नींबू के रस के साथ अच्छे से मिलाएं, फिर इस मिश्रण को चेहरे पर लगाएं और जब यह सूख जाए तो चेहरे को गुनगुने पानी से साफ करें। हफ्ते में दो से तीन बार इस प्रक्रिया को दोहराएं।
अगर आप समय से पहले उभरने वाले बढ़ती उम्र के लक्षणों से राहत पाना चाहते हैं तो इसके लिए एवोकाडो का इस्तेमाल किया जा सकता है। राहत के लिए एवोकाडो के एक बड़ी चम्मच गूदे को एक चम्मच शहद के साथ मिलाएं। अब इस मिश्रण को अपने चेहरे पर लगाकर आराम-आराम से मालिश करें, फिर 10 मिनट बाद चेहरे को साफ पानी से धो लें। हफ्ते में तीन बार इस प्रक्रिया को दोहराएं।
स्क्रब त्वचा की गहराई से सफाई करने के लिए बहुत कारगर साबित होता है और इसे बनाने के लिए भी आप एवोकाडो का इस्तेमाल कर सकते हैं। सबसे पहले दो बड़ी चम्मच एवोकाडो के पेस्ट के साथ एक बड़ी चम्मच ब्राउन शुगर या पिसी हुई कॉफी मिलाएं। अब इस मिश्रण को अपने चेहरे, हाथों और पैरों पर सर्कुलर मोशन में धीरे-धीरे से कुछ मिनट रगड़ें और अंत में इन सभी को साफ पानी से धो लें।