नट बटर को घर पर बनाना है बेहद आसान, जानिए 5 रेसिपी
क्या है खबर?
नट बटर सूखे मेवों से बनाया जाने वाला मक्खन होता है और ये वीगन डाइट वालों के साथ ही फिटनेस फ्रिक लोगों के बीच काफी लोकप्रिय है।
आप इन बटर स्प्रेड के तौर पर कई व्यंजनों में मिला सकते हैं।
नट बटर स्वादिष्ट होते हैं और इन्हें बनाते समय पौष्टिक सामग्रियों का इस्तेमाल किया जाता है।
आइए आज हम आपको पांच तरह के नट बटर की रेसिपी बताते हैं, जिन्हें आप घर पर आसानी से बना सकते हैं।
#1
काजू मक्खन
सबसे पहले कच्चे काजू को 176 डिग्री सेल्सियस पर लगभग 10 से 15 मिनट के लिए ओवन में बेक करें।
इसके बाद एक फूड प्रोसेसर में बेक काजू को डालकर इन्हें पाउडरी और ऑयली होने तक ब्लेंड करें।
इसे और अधिक क्रीमी बनाने के लिए इसमें थोड़ा नारियल तेल, वनिला एसेंस, दालचीनी, शहद या मेपल सिरप आदि डालकर फिर से ब्लेंड करें।
अब यह बटर इस्तेमाल के लिए तैयार है।
#2
बादाम मक्खन
सबसे पहले ओवन को 175 डिग्री सेल्सियस पर प्रीहीट करें।
अब बादाम को बेकिंग ट्रे पर फैलाएं और 10 मिनट के लिए भूनें। इसके बाद इन्हें ठंडा होने दें। फिर एक ब्लेंडर में इन बादामों को क्रीमी होने तक पीस लें।
इसके बाद मक्खन को एक कंटेनर में डालकर इसमें शहद या मेपल सिरप मिलाएं। अगर आपको मीठा मक्खन पसंद नही है तो आप इन मीठी चीजों को छोड़ भी सकते हैं।
#3
अखरोट का मक्खन
सबसे पहले कुछ छिले अखरोट को रातभर के लिए पानी में भिगो दें।
अगले दिन पानी को छानकर अखरोट को बेकिंग ट्रे पर फैलाएं और 15 से 20 मिनट के लिए 180 डिग्री सेल्सियस पर बेक करें।
जब ये हल्के से टोस्ट और थोड़े काले हो जाए तो इन्हें ठंडा करें और एक फूड प्रोसेसर में डालकर इन्हें अच्छे से ब्लेंड करें।
#4
हेजलनट मक्खन
सबसे पहले कच्चे हेजलनट्स को ओवन में लगभग 15 मिनट के लिए 165 डिग्री सेल्सियस पर भूनें। फिर इसे ठंडा होने के लिए छोड़ दें।
इसके बाद हेजलनट के छिलके को हटाना है, जिसे आप अपनी हथेलियों के बीच रगड़कर भी हटा सकते हैं।
अब इन्हें हाई-स्पीड फूड प्रोसेसर में स्मूद होने तक ब्लेंड करें। आप चाहें तो इसमें थोड़ा वीगन नुटेला मिला सकते हैं।
#5
नारियल का मक्खन
एक कच्चा नारियल लें और इसे छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें।
अब इसे फूड प्रोसेसर में डालकर अच्छे से ब्लेंड करें। इसके लिए बहुत धैर्य की आवश्यकता होती है, क्योंकि जब तक आप एक क्रीमी बनावट प्राप्त नहीं कर लेते तब तक आपको इसे बार-बार ब्लेंड करना पड़ सकता है।
एक बार जब यह बन जाए तो आप इसमें अतिरिक्त स्वाद के लिए नमक या शहद मिला सकते हैं।