
कौन हैं गेराल्ड जैरी लॉसन, जिनके 82वें जन्मदिन पर गूगल ने समर्पित किया खास डूडल?
क्या है खबर?
गूगल अक्सर अपने डूडल के जरिए विशेष अवसरों को हाइलाइट करता है और आज (01 दिसंबर) गूगल डूडल मॉडर्न वीडियो गेम के जनक 'गेराल्ड जैरी लॉसन' का 82वां जन्मदिन मना रहा है।
इस गूगल डूडल को डेविओने गूडेन, लॉरेन ब्राउन और मोमो पिक्सेल ने डिजाइन किया है।
बता दें कि लॉसन को मुख्य रूप से पहला वीडियो गेम कंसोल बनाने के लिए जाना जाता है।
आइए आज लॉसन के बारे में विस्तार से जानते हैं।
जानकारी
गेराल्ड जैरी लॉसन कौन है?
गेराल्ड जैरी लॉसन का जन्म न्यूयॉर्क के ब्रुकलिन में 1 दिसंबर, 1940 को हुआ था। उन्हें बचपन से ही इलेक्ट्रोनिक सामानों में रुचि थी और वह पुराने इलेक्ट्रिक सामान को ठीक करने की कोशिश किया करते थे।
वह 1970 के दशक में टेक्नोलॉजी क्षेत्र में काम करने वाले कुछ अश्वेत इंजीनियरों में से एक थे।
लॉसन प्रसिद्ध रूप से इंजीनियरों की एक टीम का नेतृत्व करने के लिए जाने जाते हैं, जिसने पहला विनिमेय वीडियो गेम कार्ट्रिज बनाया था।
आविष्कार
लॉसन के बचपन के आविष्कार
लॉसन के बचपन के आविष्कारों की बात करें तो 13 साल की उम्र में लॉसन ने अपने कमरे में अपना रेडियो स्टेशन बनाया था और उसका एंटीन उनकी खिड़की से लटकता था।
एक किशोर के रूप में लॉसन अपने आस-पास के लोगों के टीवी सैट ठीक करके अपना जीवन यापन करते थे।
उन्होंने वॉकी-टॉकी भी बनाया था, जिन्हें वो छोटे बच्चों को बेचते थे।
करियर
कैसा रहा लॉसन का करियर?
1970 में लॉसन फेयरचाइल्ड सेमीकंडक्टर में एक एप्लिकेशन इंजीनियरिंग सलाहकार के रूप में शामिल हुए।
कुछ साल बाद उन्हें फेयरचाइल्ड के वीडियो गेम विभाग के इंजीनियरिंग और मार्केटिंग के निदेशक के रूप में पदोन्नत किया गया।
उनके द्वारा बनाई गई टीम ने फेयरचाइल्ड चैनल एफ बनाया, जो बदली जाने वाली कार्ट्रिज के साथ पहला होम वीडियो गेमिंग कंसोल था।
इस अग्रणी प्रणाली (pioneering system) ने SNES, ड्रीमकास्ट और अटारी जैसी प्रणालियों के लिए बतौर एक मॉडल कार्य किया।
कंपनी
लॉसन ने शुरू की थी खुद की कंपनी
लॉसन ने 1980 में फेयरचाइल्ड को छोड़कर अपना खुद का व्यवसाय शुरू किया।
उनकी कंपनी अफ्रीकी-अमेरिकी व्यक्ति के स्वामित्व वाली शुरुआती गेम कंपनियों में से एक थी।
वीडियोसॉफ्ट नामक उनकी कंपनी ने अटारी 2,600 के लिए सॉफ्टवेयर बनाया, जिससे विनिमय कारतूस लोकप्रिय हो गया।
उनकी कंपनी केवल पांच साल तक चली और वे अपने पूरे करियर में खेल कंपनियों के सलाहकार बने रहे।
पुरस्कार
लॉसन के पुरस्कार
लॉसन ने बचपन से ही अपने अविष्कार शुरू कर दिए थे, लेकिन उन्हें पहचान हासिल करने में काफी समय लग गया था।
लॉसन को इंटरनेशनल गेम डेवलपर्स एसोसिएशन से 2011 में गेम कार्ट्रिज अवधारणा पर उनके काम के लिए एक उद्योग अग्रणी के रूप में सम्मानित किया गया था।
2019 में उन्हें पहले कार्ट्रिज-आधारित गेम कंसोल के विकास के लिए 21वें इंडिपेंडेंट गेम्स फेस्टिवल में ID@Xbox गेमिंग हीरोज पुरस्कार से मरणोपरांत सम्मानित किया गया था।
निधन
70 वर्ष की उम्र में हो गया था लॉसन का निधन
साल 2003 में लॉसन की मधुमेह स्थिति काफी गंभीर हो गई थी। उनके एक पैर ने जहां काम करना बंद कर दिया था, वहीं एक आंख की रोशनी भी चली गई थी।
9 अप्रैल, 2011 को IGDA से सम्मानित किए जाने के लगभग एक महीने बाद मधुमेह की जटिलताओं के कारण उनकी मौत हो गई थी।
उनकी मौत के समय वह कैलिफोर्निया के सांता क्लारा नामक जगह पर रह रहे थे।