Page Loader
पुदीने का पानी होता है पोषण का भंडार, जानिए क्यों करना चाहिए गर्मी में इसका सेवन 

पुदीने का पानी होता है पोषण का भंडार, जानिए क्यों करना चाहिए गर्मी में इसका सेवन 

लेखन सयाली
Apr 21, 2024
06:30 am

क्या है खबर?

गर्मी में लोग आम तौर पर ठंडक का एहसास पाने के लिए कोल्ड ड्रिंग्स पीते हैं, जबकि इनकी जगह स्वस्थ और पौष्टिक पेय पदार्थों पीना सेहत के लिए अच्छा होता है। आप गर्मी में ताजगी पाने के लिए पुदीने का पानी पी सकते हैं। यह एक हर्बल पेय है, जो आपको आराम और हाइड्रेशन प्रदान करेगा। इस पेय में चीनी और कैलोरी भी कम होती हैं। आइए पुदीने के पानी को डाइट में शामिल करने के 5 फायदे जानते हैं।

#1

पाचन में करता है सुधार 

अगर आप पाचन संबंधी समस्याओं से परेशान हैं, तो अपने खान-पान में पुदीने के पानी को शामिल करें। पानी में पुदीने की पत्तियां मिलाने से पाचन में सुधार करने में मदद मिल सकती है। यह पेय पेट में बनी गैस और सूजन जैसे लक्षणों से राहत दिलाने में भी सहायक साबित होता है। जर्नल बायोलॉजी में प्रकाशित एक अध्ययन में पाया गया कि पुदीना पाचन मांसपेशियों को आराम देता है और आंत में होने वाली ऐंठन से राहत दिलाता है।

#2

ठीक होता है हार्मोनल असंतुलन 

पुदीने का पानी पीने से टेस्टोस्टेरोन के स्तर को कम किया जा सकता है। इसके रोजाना सेवन से आपके शरीर के होर्मोन्स को संतुलित करने में मदद मिल सकती है। बायोमोलेक्यूलर कॉन्सेप्ट्स में प्रकाशित एक अध्ययन में पाया गया कि पुदीना आपके हार्मोन को संतुलित करने और पॉलीसिस्टिक ओवरी सिंड्रोम (PCOS) का इलाज करने में मदद कर सकता है। यह एक हार्मोनल असंतुलन है, जो अंडे बनाने वाले प्रजनन अंगों को प्रभावित करता है।

#3

हाइड्रेटेड रहता है शरीर 

हाइड्रेटेड रहना आपके शरीर के ठीक तरह से काम करने के लिए जरूरी होता है। पुदीने का पानी आपके आहार में कुछ स्वाद और जलयोजन जोड़ने का एक अच्छा तरीका है। यह पेय न केवल स्वादिष्ट होता है, बल्कि यह आपको उचित हाइड्रेशन भी देता है। इसके सेवन से शारीरिक कार्यों और संपूर्ण स्वास्थ्य को बनाए रखने में मदद मिलती है। आप पुदीने की चाय पी कर भी कई स्वास्थ्य लाभ पा सकते हैं।

#4

वजन घटाने में करता है मदद 

अगर आप वजन घटाने की कोशिश कर रहे हैं, तो अपने आहार में पुदीने के पानी को शामिल करें। इसमें कम कैलोरी होती हैं और यह चीनी से भरपूर पेय पदार्थों का बढ़िया विकल्प हो सकता है। इसे पीने से आपको प्यास महसूस नहीं होगी और आप ज्यादा खाने की लालसा पर काबू पा सकेंगे। इंटरनेशनल जर्नल ऑफ ओबेसिटी में प्रकाशित अध्ययन में पाया गया कि ऐसे पेय पदार्थों से वजन कम हो सकता है।

#5

त्वचा की देखभाल में सहायक 

पुदीने की पत्तियां सैलिसिलिक एसिड और विटामिन-A से भरपूर होती हैं। ये दोनों तत्व त्वचा की देखभाल करने के लिए बेहद जरूरी होते हैं। पुदीने के पानी में एंटी-फंगल गुण भी होते हैं, जो सूजन और मुंहासों को दूर रखने के लिए अच्छे माने जाते हैं। इसका नियमित रूप से सेवन करने से शरीर से विषाक्त पदार्थों को बाहर निकालने में मदद मिलेगी। इसके बाद आपकी त्वचा भी स्वस्थ और सुंदर हो सकेगी।