Page Loader
स्वास्थ्य के लिए लाभदायक होती है कलौंजी की चाय, जानिए इसके फायदे और रेसिपी

स्वास्थ्य के लिए लाभदायक होती है कलौंजी की चाय, जानिए इसके फायदे और रेसिपी

लेखन अंजली
Oct 31, 2024
06:33 am

क्या है खबर?

रसोई में कई ऐसी चीजें होती हैं, जो सेहत के लिए बहुत फायदेमंद होती हैं, लेकिन हम उनके बारे में नहीं जानते। जैसे कि कलौंजी, जिसका सेवन आमतौर पर लोग परांठें या फिर किसी न किसी सब्जी के छोंक में करते हैं। ये मसाला कई पोषक तत्वों से भरपूर होता है, जो विभिन्न बीमारियों से छुटकारा दिला सकते हैं। आइए आज हम आपको कलौंजी की चाय की रेसिपी और उसके सेवन से मिलने वाले फायदों के बारे में बताते हैं।

रेसिपी

कलौंजी की चाय बनाने का तरीका

सबसे पहले एक पैन में आधा गिलास पानी गर्म करें, फिर उसमें एक छोटी चम्मच कलौंजी डालकर पानी को एक उबाला दिलाएं। इसके बाद इसमें एक छोटी चम्मच चायपत्ती डालें और चाय अच्छे से कड़ जाए तो गैस बंद कर दें। अब इस चाय को छानकर एक कप में डालें, फिर इसमें स्वादानुसार शहद मिलाकर पिएं। आप चाहें तो इस चाय में थोड़ा दालचीनी पाउडर भी मिला सकते हैं।

#1

बढ़ते वजन को नियंत्रित करने में है कारगर 

वजन प्रबंधन के लिए रोजाना एक्सरसाइज करने के साथ अपनी डाइट में पोषक तत्वों से भरपूर चीजें शामिल करना लाभदायक हो सकता है। ऐसे में कलौंजी की चाय का सेवन करना भी लाभदायक हो सकता है। एक अध्ययन के अनुसार, जिन लोगों ने 8 हफ्ते तक कलौंजी की चाय का सेवन किया उनमें बॉडी मास इंडेक्स (BMI) और कुल कोलेस्ट्रॉल का स्तर कम हुआ। यहां जानिए BMI से जुड़ी महत्वपूर्ण बातें

#2

हृदय स्वास्थ्य के लिए है लाभदायक 

कलौंजी की चाय में पॉलीफेनोल्स मौजूद होते हैं, जो हृदय रोग से सुरक्षित रखने में काफी मदद कर सकते हैं। एक अन्य शोध के मुताबिक, पॉलीफेनोल्स एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण की तरह काम करके हृदय को मजबूती देने में भी सक्षम होते हैं। इसके अलावा सूजन से संबंधित हृदय रोग जैसे कोरोनरी हृदय रोग और मायोकार्डियल इंफार्क्शन आदि से भी बचाए रख सकते हैं।

#3

रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाने में है मददगार 

कलौंजी की चाय में एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण होते हैं, जो रोग प्रतिरोधक क्षमता को मजबूती देने में सहायता कर सकते हैं। ये गुण सफेद रक्त कोशिकाओं के उत्पादन में वृद्धि करके शरीर से विषाक्त पदार्थ को बाहर निकालते हैं और संक्रमण से बचाते हैं। अगर मौसम बदलने से आप जल्दी बीमार हो जाते हैं या जल्दी संक्रमण के शिकार हो जाते हैं तो रोजाना इस चाय का सेवन करना शुरू कर दें क्योंकि यह आपकी रोग प्रतिरोधक शक्ति में सुधार करेगी।

#4

पाचन को बढ़ावा देने में है कारगर 

कलौंजी की चाय का सेवन पाचन को सुधारने और अच्छे आंत स्वास्थ्य को बढ़ावा देने के लिए बेहतर मानी जाती है। कलौंजी में मौजूद थाइमोल और अन्य सक्रिय तत्व पाचन के गैस्ट्रिक जूस के स्राव को बूस्ट करने में मदद कर सकते हैं, जिससे अपच और एसिडिटी जैसी समस्याओं से राहत मिल सकती है। यह उन लोगों के लिए बढ़िया विकल्प है, जिन्हें भोजन के बाद गैस या पेट दर्द होता है क्योंकि यह पेट को शांत रखता है।