LOADING...
सुबह के नाश्ते के लिए एक अच्छा विकल्प है सूजी के वेज रोल्स, जानिए रेसिपी

सुबह के नाश्ते के लिए एक अच्छा विकल्प है सूजी के वेज रोल्स, जानिए रेसिपी

लेखन अंजली
Oct 14, 2024
08:19 am

क्या है खबर?

व्यस्तता के कारण कई लोग सुबह के नाश्ते को नजरअंदाज कर देते हैं, लेकिन यह पूरे दिन आपको ऊर्जावान और सक्रिय बनाए रखने में मदद कर सकता है इसलिए इसे न छोड़ें। आप चाहें तो अपने सुबह के नाश्ते में सूजी के वेज रोल्स बना सकते हैं, जो न सिर्फ स्वादिष्ट, बल्कि पौष्टिक भी होते हैं। आइए आज हम आपको सूजी के वेज रोल्स की रेसिपी बताते हैं, जिन्हें घर पर 10 से 15 मिनट में बनाया जा सकता है।

सामग्रियां

सूजी के वेज रोल्स के लिए आवश्यक सामग्रियां 

1) डेढ़ कप बारीक सूजी 2) आधा कप दही 3) एक छोटी चम्मच बेकिंग सोडा 4) बारीक कटी हुई एक शिमला मिर्च 5) कदूकस की हुई आधी फूलगोभी 6) कदूकस की हुई आधी गाजर 7) बारीक कटी हुई दो हरी मिर्च 8) आधी छोटी चम्मच अदरक का पेस्ट 9) बारीक कटा पत्तेदार धनिया 10) एक चौथाई छोटी चम्मच सरसों के दाने 11) आधी छोटी चम्मच सफेद तिल 12) 10-12 करी पत्ते 13) नमक (स्वादानुसार) 14) तेल

स्टेप-1

सूजी का आटा गूंथने से करें शुरूआत

सबसे पहले एक बर्तन में सूजी, दही, थोड़ा नमक और बेकिंग सोडा को डालकर अच्छे से मिलाएं, फिर इसमें गुनगुना पानी डालते हुए चिकना आटा गूंथ लें। आटे को चिकना करने के लिए इसे जितना हो सके उतना मसलें। अब इस आटे को 10 मिनट के लिए ढककर रख दें। इसके बाद आटे को दो बराबर भागों में बांटकर लोईयां बना दें। यहां जानिए दही के शोले बनाने का तरीका

स्टेप-2

रोल्स की स्टफिंग बनाएं

अब एक कटोरे में शिमला मिर्च, फूलगोभी, गाजर, अदरक का पेस्ट, एक चौथाई छोटी चम्मच नमक और पत्तेदार धनिया मिलाकर स्टाफिंग तैयार कर लें। इसके बाद एक लोई को पतला आयताकार आकार में बेलकर उसमें आवश्यकतानुसार स्टफिंग भर दें, फिर उसका रोल बना दें। इसी तरह दूसरी लोई का भी रोल तैयार कर लें। इसके बाद दोनों रोल्स को भाप में पकाकर एक प्लेट में निकालें। यहां जानिए पोटली समोसे की रेसिपी

स्टेप-3

रोल्स में तड़का लगाकर इसे गर्मागर्म परोसें

भाप में पकाने के बाद दोनों रोल्स को कमरे के तापमान पर ठंडा करके उन्हें छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें। इसके बाद एक पैन में थोड़ा तेल गर्म करके उसमें सरसों के दाने, सफेद तिल और करी पत्ते डालकर भूनें, फिर इस मिश्रण को रोल्स के ऊपर डाल दें। अब गर्मागर्म सूजी के वेज रोल्स को पुदीने की चटनी और अदरक की चाय के साथ परोसें।