Page Loader
बॉलीवुड अभिनेत्री आलिया भट्ट को है ADHD, जानिए इस न्यूरोडेवलपमेंट विकार की संपूर्ण जानकारी

बॉलीवुड अभिनेत्री आलिया भट्ट को है ADHD, जानिए इस न्यूरोडेवलपमेंट विकार की संपूर्ण जानकारी

लेखन सयाली
Oct 15, 2024
02:47 pm

क्या है खबर?

बॉलीवुड की मशहूर अभिनेत्री आलिया भट्ट अपनी नई फिल्म जिगरा के कारण सुर्खियों में बनी हुई हैं। उन्होंने हाल ही में अपने एक इंटरव्यू में खुलासा किया है कि उन्हें अटेंशन डेफिसिट हाइपरएक्टिविटी डिसऑर्डर (ADHD) है। यह मानसिक स्वास्थ्य और विकास से जुड़ा एक तरह का विकार होता है, जिसके दौरान लोगों को चीजों पर ध्यान लगाने में कठिनाई होती है। आइए इसके लक्षण समेत इस विकार से जुड़ी संपूर्ण जानकारी जानते हैं।

आलिया भट्ट

छोटी उम्र से ही ध्यान लगाने में होती थी परेशानी-आलिया

इंटरव्यू के दौरान आलिया ने बताया, "मैं छोटी उम्र से ही अचानक ख्यालों में खो जाया करती थी। मैं क्लास में भी पढ़ाई करते समय या बातचीत के दौरान अलग-थलग पड़ जाती थी।" आलिया ने हाल ही में एक मनोवैज्ञानिक परीक्षण करवाया था, जिसके जरिए उन्हें ADHD से पीड़ित होने का पता चला। उनके मुताबिक, जब वह कैमरा के सामने होती हैं, केवल उस वक्त उन्हें इस विकार का अनुभव नहीं होता है।

ADHD

क्या होता है ADHD विकार?

ADHD एक न्यूरोडेवलपमेंटल स्थिति है, जिसमें पीड़ित लोगों के मस्तिष्क के विकास और गतिविधि में अंतर आ जाता है। इसमें असावधानी और अतिसक्रियता के लक्षण नजर आते हैं और चीजों पर ध्यान देने में मुश्किल होती है। यह विकार बच्चों और बड़ों दोनों को प्रभावित कर सकता है, जिसका निदान आमतौर पर बचपन में किया जाता है। इससे पीड़ित लोगों को ध्यान केंद्रित करने और अपने चाल-चलन को नियंत्रित करने में कठिनाई हो सकती है

लक्षण

ADHD के दौरान नजर आते हैं ये लक्षण

ADHD से पीड़ित लोगों का किसी भी चीज या ख्याल के कारण आसानी से ध्यान भटक जाता है। उन्हें अपने काम पूरे करने और चीजों को याद रखने में भी मुश्किल हो सकती है। इस विकार से जूझ रहे लोग एक स्थान पर देर तक सीधे बैठे नहीं रह पाते और बिना सोचे-समझे कुछ भी बोल या कर देते हैं। वे ज्यादा बातूनी होते हैं, ख्यालों में खोए रहते हैं और उनकी सुनने की क्षमता कम होती है।

कारण

किस कारण होता है ADHD विकार?

ADHD होने का सटीक कारण सामने नहीं आ सका है। हालांकि, यह एक तरह का जेनेटिक विकार हो सकता है। दिमाग के कुछ हिस्सों के आकार, गतिविधि और रासायनिक संतुलन में अंतर आने के कारण भी यह स्थिति पैदा होती है। जिन बच्चों का जन्म समय से पहले हो जाता है, उन्हें ADHD का अधिक खतरा रहता है। इसके अलावा, छोटी उम्र में लड़ाई-झगड़ा देखना, दिमाग पर चोट लगना या बड़े होकर शराब पीने से भी यह विकार होता है।

निदान

ADHD के निदान के तरीके

ADHD का निदान करने के लिए कोई एक परीक्षण नहीं है, बल्कि इसे कई चरणों में किया जाता है। बच्चों में ADHD का पता लगाने के लिए स्वास्थ्य परीक्षण किए जाते हैं और लक्षणों पर ध्यान दिया जाता है। बड़ों में इस विकार का निदान करने के लिए उनसे बचपन में दिखाई देने वाले और वर्तमान लक्षणों के बारे में पूछा जाता है। इस विकार के कई लक्षण अवसाद, तनाव और चिंता से भी मेल खा सकते हैं।