Page Loader
आर्ट और क्राफ्ट जैसी रचनात्मक गतिविधियों के जरिए सुधरता है मानसिक स्वास्थ्य, अध्ययन में हुआ खुलासा

आर्ट और क्राफ्ट जैसी रचनात्मक गतिविधियों के जरिए सुधरता है मानसिक स्वास्थ्य, अध्ययन में हुआ खुलासा

लेखन सयाली
Sep 17, 2024
07:54 pm

क्या है खबर?

लोग अक्सर अपने मन को शांत करने के लिए पेंटिंग, चित्रकारी और कलरिंग जैसी कोई रचनात्मक गतिविधि करते हैं। हालांकि, काफी कम लोग इस बात से वाकिफ हैं कि ये मजेदार गतिविधियां हमारे मानसिक स्वास्थ्य को दुरुस्त करने में हमारी मदद करती हैं। हाल ही में हुए एक नए अध्ययन से यह खुलासा हुआ है कि आर्ट और क्राफ्ट जैसी रचनात्मक गतिविधियां मानसिक स्वास्थ्य को सुधारने का काम करती हैं। आइए इस अध्ययन के बारे में विस्तार से जानते हैं।

अध्ययन 

किस उद्देश्य से किया गया यह अध्ययन?

संज्ञानात्मक मनोवैज्ञानिक और एंग्लिया रस्किन विश्वविद्यालय में मनोविज्ञान और खेल विज्ञान स्कूल की प्रमुख डॉ. हेलेन कीज ने अपनी टीम के साथ मिलकर यह अध्ययन किया। इस शोध का उद्देश्य लोगों के स्वास्थ्य पर रचनात्मक गतिविधियों के प्रभाव का पता लगाता था। फ्रंटियर्स इन पब्लिक हेल्थ में प्रकाशित इस अध्ययन के मुताबिक, रचनात्मक गतिविधियों के जरिए मानसिक स्वास्थ्य तो सुधरता ही है, साथ ही लोगों का अकेलापन भी दूर हो जाता है।

शोध 

यूनाइटेड किंगडम के एक सर्वेक्षण से लिया गया था डाटा

हेलेन और उनकी टीम ने जीवन संतुष्टि पर रचनात्मक गतिविधियों के प्रभाव की जांच करने के लिए यूनाइटेड किंगडम (UK) में 2019-2020 के बीच किए गए एक प्रमुख राष्ट्रीय सर्वेक्षण के डाटा का उपयोग किया। शोधकर्ताओं ने UK के संस्कृति, मीडिया और खेल विभाग द्वारा आयोजित वार्षिक सर्वेक्षण से 16 वर्ष और उससे अधिक आयु के 7,182 प्रतिभागियों के नमूनों का विश्लेषण किया। इनमें से 37% से अधिक लोगों ने पिछले साल कम से कम एक रचनात्मक गतिविधि अपनाई थी।

परिणाम

अध्ययन से सामने आए ये नतीजे

अध्ययन में पाया गया कि प्रतिभागियों की खुशी और संतुष्टि की भावना का आर्ट और क्राफ्ट अपनाने से सीधा संबंध होता है। हालांकि, इस अध्ययन से यह नहीं स्पष्ट हो सका कि आर्ट और क्राफ्ट न करने से चिंता, तनाव और अवसाद बढ़ता है या नहीं। हेलेन ने बताया कि रचनात्मक गतिविधियों को अपने जीवन में शामिल करना आसान होता है। इसके लिए आपको केवल अपनी पसंदीदा गतिविधि को चुनकर खाली समय में उसका अभ्यास करना चाहिए।

फायदे

जानिए रचनात्मक गतिविधियों को अपनाने के फायदे

इस अध्ययन से पहले किए गए अन्य शोध से सामने आया है कि रचनात्मक गतिविधियां करने से शरीर के तनाव हॉर्मोन कोर्टिसोल के स्तर में गिरावट आती है। इसके अलावा, इन गतिविधियों के जरिए आत्मविश्वास भी बढ़ता है और आप अपने बारे में नई चीजें जान पाते हो। इससे संज्ञानात्मक क्षमताएं भी बढ़ती हैं और समस्याओं को सुलझाने का गुण भी बढ़ता है। बच्चों की तरह बड़ों को भी कलरिंग करने से कई फायदे मिल सकते हैं।