Page Loader
अपनी रसोई को मानसून के अनुकूल बनाने के लिए अपनाएं ये तरीके, मिलेगी मदद

अपनी रसोई को मानसून के अनुकूल बनाने के लिए अपनाएं ये तरीके, मिलेगी मदद

लेखन सयाली
Jun 24, 2024
03:30 pm

क्या है खबर?

देश के कई राज्यों में मानसून ने दस्तक दे दी है, लेकिन उत्तर भारत के राज्य अभी भी गर्मी झेल रहे हैं। इस मौसम में होने वाली बारिश सभी को पसंद होती है। हालांकि, अगर सावधानी न बरती जाए तो मानसून का मौसम स्वास्थ्य पर बुरा असर डाल सकता है। मानसून के दौरान फ्लू, आंत की समस्याएं और बुखार हो सकता है। ऐसे में आप अपनी रसोई को मानसून के अनुकूल बनाने के लिए ये किचन टिप्स अपना सकते हैं।

#1

रसोई की चिमनी और एग्जॉस्ट फैन को करें साफ 

तेज आंच पर खाना पकाने से किचन में नमी भरने लगती है। ऐसे में जरूरी है कि आप रोजाना अपनी रसोई में धूप और हवा आने दें। हालांकि, मानसून के दौरान ऐसा करना थोड़ा मुश्किल हो सकता है। खाना बनाते समय नमी को दूर करने के लिए रसोई में एग्जॉस्ट फैन और चिमनी लगवानी चाहिए। बरसात के मौसम से पहले इन दोनों उपकरणों को अच्छी तरह साफ कर लें, ताकि ये अधिक कुशलता से काम कर सकें।

#2

खरीदें कांच के एयर-टाइट कंटेनर 

मानसून के दौरान वातावरण में अतिरिक्त नमी जमा हो जाती है। इसके कारण नमक और चीनी जैसी सामग्रियां खराब हो सकती हैं। ऐसे में आप मसालों को स्टोर करने के लिए प्लास्टिक के डिब्बों के बजाए कांच के डिब्बे इस्तेमाल करें। मसालों को नमी और बैक्टीरिया से मुक्त रखने के लिए एयर-टाइट जार में ही रखें। मानसून में बचा हुआ खाना भी जल्दी खरब हो जाता है। इस समस्या से बचने के लिए भी एयर-टाइट कंटेनर का उपयोग करें।

#3

रसोई में जरूर रखें औषधीय गुणों वाले मसाले

भारतीय रसोई में विभिन्न प्रकार के मसाले इस्तेमाल होते हैं, जिनका उपयोग खान-पान के अलावा भी किया जा सकता है। दालचीनी, लौंग, सोंठ आदि जैसे मसाले एंटीऑक्सिडेंट और सूजन-रोधी गुणों से भरपूर होते हैं। ये आपकी मौसमी स्वास्थ्य चिंताओं के लिए घरेलू उपचार के रूप में काम कर सकते हैं। आयुर्वेद के मुताबिक, इन सभी मसालों में प्राकृतिक औषधीय गुण होते हैं और ये मानसून के दौरान होने वाली समस्याओं को दूर करने में मदद कर सकते हैं।

#4

सिंक की पाइप को भी रखें साफ

मानसून के दिनों में ये सुनिश्चित करें कि आपकी रसोई के छिपे हुए क्षेत्र भी अच्छी तरह साफ हों। किचन की सिंक की पाइप और नालियों में कोई कूड़ा या पानी जमा न होने दें, वरना इनमें बैक्टीरिया पनप सकते हैं। इन्हीं क्षेत्रों से मच्छर और मक्खियां आती हैं, जो रसोई और उसमें रखे भोजन को दूषित कर देती हैं। मानसून शुरू होने से पहले सिंक की पाइप और सभी नालियों को अच्छी तरह साफ कर लें।

#5

मौसमी फलों और सब्जियों को करें स्टोर 

मानसून में होने वाली बीमारियों से लड़ने के लिए शरीर को पर्याप्त पोषण पहुंचना जरूरी होता है। इस मौसम में अपने शरीर को स्वस्थ रखने के लिए डाइट में ढेर सारे मौसमी फल और सब्जियां शामिल करें। बारिश के दिनों में जगह-जगह पर बैक्टीरिया से भरपूर पानी जमा हो जाता है, जिससे रेहड़ी-पटरी पर बिकने वाली सब्जियां और फल दूषित हो सकते हैं। ऐसे में कोशिश करें कि आप ताजे फल और सब्जियों को खरीदकर फ्रिज में स्टोर कर लें।