LOADING...
उत्तर भारत में बदला मौसम का मिजाज, आज भी आंधी-बारिश का अलर्ट 
कई राज्यों में आज भी बारिश होने के आसार हैं (तस्वीर: एक्स/@Anoopnautiyal1)

उत्तर भारत में बदला मौसम का मिजाज, आज भी आंधी-बारिश का अलर्ट 

May 04, 2025
09:35 am

क्या है खबर?

मानसून पूर्व की गतिविधियां शुरू होने से उत्तर भारत में पिछले 2 दिनों से आए बदलाव के चलते मौसम सुहाना हो गया है। दिल्ली से लेकर राजस्थान तक अंधड़ और बारिश का असर देखा जा रहा है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 4 मई को कई राज्यों में ओलावृष्टि, बारिश, आंधी और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। तेज हवाओं को देखते हुए हादसे की आशंका के चलते लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

उत्तर भारत 

उत्तर भारत में कैसा रहेगा मौसम?

उत्तर भारत के पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में बारिश और आंधी का पूर्वानुमान है। कुछ जगह ओलावृष्टि भी होने की संभावना है। IMD के मुताबिक, 7 मई तक मौसम इसी तरह का रहेगा। इस दौरान अधिकतम तापमान 30-32 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री तक रहने का अनुमान है। 8 और 9 मई को भी बादल छाए रहने की उम्मीद है। ऐसे में अगले सप्ताह भी लोगों को लू के थपेड़ों और गर्मी से राहत मिलेगी।

ओलावृष्टि 

इन राज्यों में ओलावृष्टि के आसार 

असम, मेघालय, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, बंगाल और झारखंड के कुछ स्थानों पर 50-60 किमी/घंटा की गति से तेज हवाएं चलने की भी आशंका है। दूसरी तरफ हिमाचल प्रदेश, बंगाल और सिक्किम में बारिश होने की भी संभावना बनी हुई है। उत्तराखंड के सभी जिलों में 4 और 5 मई को गर्जन के साथ बिजली चमकने, ओलावृष्टि और 50-70 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चलने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। हिमालयी क्षेत्र में बर्फबारी भी हो सकती है।

भारी बारिश 

यहां हो सकती है भारी बारिश 

दक्षिण भारतीय राज्यों में भी मौसम बदला हुआ है। आज कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, केरल और तमिलनाडु में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। यहां 30 से 50 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है। गरज के साथ बिजली चमकने की संभावना भी है। ओडिशा में शनिवार को भारी बारिश देखने को मिली है। यहां आज भी ऐसा ही मौसम रहने का अनुमान है। पूर्वोत्तर राज्यों में भी भारी बारिश होने के आसार हैं।

राहत 

दिल्ली में रहेगी गर्मी से राहत 

दिल्ली और आस-पास के शहरों में रविवार (4 मई) को गरज के साथ हल्की बारिश होने, आकाशीय बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने का अनुमान है। साथ ही 40-50 किमी/घंटा की रफ्तार से हवा चल सकती है। इस दौरान अधिकतम तापमान 35 डिग्री और न्यूनतम 21 डिग्री तक रहने की संभावना है। राजधानी में अगले 3 दिनों तक बारिश होने की संभावना है। शनिवार को अधिकतम तापमान सामान्य से 4.3 डिग्री कम और न्यूनतम 2.5 डिग्री कम रहा।