Page Loader
बारिश से आज फिर बिगड़ेगा मौसम, इन राज्यों में अलर्ट जारी 
देश के कई राज्यों में आज बारिश होने की संभावना है

बारिश से आज फिर बिगड़ेगा मौसम, इन राज्यों में अलर्ट जारी 

Mar 15, 2025
09:48 am

क्या है खबर?

होली के बाद देश के कई राज्यों के मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हुआ है, जिससे राजस्थान, तमिलनाडु, गुजरात, बंगाल और असम में चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। इसके चलते इन राज्यों में तूफान के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा 16 मार्च तक जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश और भारी बर्फबारी की संभावना बनी हुई है और इस दौरान बिजली भी गिर सकती है।

बर्फबारी 

यहां होगी भारी बर्फबारी 

हिमाचल प्रदेश में 15-16 मार्च को चंबा, कांगड़ा और कुल्लू में भारी बारिश और आंधी का येलो अलर्ट जारी किया गया है, वहीं मनाली, नारकंडा, कुफरी, सोलांग वैली और सिस्सू में बर्फबारी की संभावना है। कश्मीर के ऊंचाई वाले इलाकों में 14 मार्च को बर्फबारी और मैदानी इलाकों में बारिश हुई। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने आज भी यहां अधिकांश जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश और पहाड़ों पर बर्फबारी की संभावना व्यक्त की है।

ट्विटर पोस्ट

जम्मू-कश्मीर में लगातार हो रही बर्फबारी 

नुकसान 

ओलावृष्टि-अंधड़ से फसलों को हुआ नुकसान

राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ के चलते शुक्रवार शाम को जयपुर समेत कई इलाकों में आंधी और ओलावृष्टि हुई। इससे तापमान में 1-3 डिग्री की गिरावट से ठंड़ का अहसास होने लगा। साथ ही फसलों को नुकसान हुआ है। इस दौरान सबसे अधिक तापमान चित्तौड़गढ़ में 39.7 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम संगरिया में 13.8 डिग्री रहा। IMD के मुताबिक, आज कई इलाकों में दोपहर बाद हल्की बारिश और 30-40 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है।

दिल्ली 

राजधानी में होली पर बदला मौसम 

दिल्ली में होली के दिन हुई हल्की बूंदाबांदी के बाद शनिवार को मौसम ठंड़ा हो गया है और तेज हवाएं चलीं। बारिश के बावजूद 14 मार्च को तापमान में कोई खास गिरावट नहीं आई। इस दौरान अधिकतम तापमान 36 डिग्री दर्ज किया गया, जो इस महीने का अब तक का सबसे अधिक है। IMD के अनुसार, तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश के आसार हैं। इसके चलते अधिकतम तापमान 24 डिग्री और न्यूनतम 17 डिग्री रहने की संभावना है।

अलर्ट 

उत्तर प्रदेश में इस दिन के बाद से बढ़ेगी गर्मी 

होली के एक दिन पहले 13 मार्च को उत्तर प्रदेश में ओलावृष्टि और बारिश से मौसम बदल गया। यहां आज भी ऐसा ही मौसम रहने की संभावना जताई गई है। इसके बाद 16 मार्च से तापमान में तेजी से इजाफा होगा और प्रदेश में गर्म हवाएं चलने की संभावना है। बिहार में आज कहीं-कहीं बादल छाए रह सकते हैं, लेकिन बारिश होने की संभावना नहीं है। झारखंड में अगले 4 दिनों तक लू का येलो अलर्ट जारी किया है।