
देश के कई राज्यों में आज से शुरू होगा बारिश का सिलसिला, जानिए कब तक रहेगा
क्या है खबर?
पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में सक्रिय हुए नए पश्चिमी विक्षोभ का असर आज (12 मार्च) से मैदानी इलाकों में दिखाई देने लगेगा। इस प्रभाव 16 मार्च तक रहेगा।
इस दौरान कहीं बादल छाने के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं, वहीं कुछ राज्यों में बारिश हाेने के आसार हैं। हरियाणा में आज सुबह गहरा कोहरा छाया नजर आया, जिससे वाहनों को चलने में परेशानी हुई।
भारतीय मौसम विभाग (IMD), होली तक बारिश से तापमान में गिरावट के संकेत दिए हैं।
बारिश
इन राज्यों में आज होगी बारिश
IMD के पूर्वानुमान के मुताबिक, आज सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, अंडमान और निकोबार द्वीपसमूह, केरल और लक्षद्वीप में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती हैं।
इसी के साथ उत्तर पाकिस्तान, गिलगित-बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद, लद्दाख, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी की संभावना है।
इसके अलावा तमिलनाडु में कुछ जगह भारी बारिश की चेतावनी है। दूसरी तरफ गुजरात, दक्षिण राजस्थान, विदर्भ के कुछ इलाकों में लू चलने की संभावना है।
राहत
राजधानी में गर्मी से मिलेगी राहत
दिल्ली में मंगलवार (11 मार्च) को इस वर्ष का अब तक का सबसे गर्म दिन रहा और अधिकतम तापमान सामान्य से 6.4 डिग्री अधिक 34.8 डिग्री दर्ज किया गया।
इस दौरान न्यूनतम तापमान 15.7 डिग्री रहा, जो सामान्य से 1.7 डिग्री ज्यादा है। IMD ने बुधवार (12 मार्च) को दिनभर तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है।
इसके साथ अधिकतम तापमान 34 डिग्री रहने की संभावना है। राजधानी में 13 मार्च से बादल छाने और हल्की बारिश से मौसम बदलेगा।
ट्विटर पोस्ट
हरियाणा में आज सुबह दिखा कोहरा
#WATCH | A layer of dense fog witnessed in Haryana's Jhajjar. pic.twitter.com/ke3KwWQHLw
— ANI (@ANI) March 12, 2025
गर्मी
राजस्थान में 40 के पार पहुंचा तापमान
राजस्थान में पारा तेजी से चढ़ता जा रहा है। प्रदेश में मंगलवार को बाड़मेर में अधिकतम तापमान 41 डिग्री तक पहुंच गया, जो सामान्य से 7.5 डिग्री ज्यादा है।
इसके अलावा जालोर, जैसलमेर, जोधपुर और बीकानेर में भी तापमान 40 डिग्री के आस-पास रहा।
13 से 15 मार्च के दौरान पश्चिमी विक्षोभ के चलते यहां कुछ इलाकों में हल्की बारिश और बूंदाबांदी हो सकती है। इससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिलने के आसार हैं।
पूर्वानुमान
उत्तर प्रदेश में बारिश को लेकर अलर्ट
उत्तर प्रदेश में सर्दी का असर खत्म होने के बाद अब गर्मी तीखे तेवर दिखाने लगी है। तेज धूप के कारण तापमान में इजाफा हो रहा है।
प्रदेश में मंगलवार को सर्वाधिक तापमान झांसी में 38.6 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने 5 दिनों के लिए प्रदेश में बारिश का अलर्ट जारी किया है।
बारिश का सिलसिला आज से शुरू हो सकता है। राज्य में 2 दिनों तक 20-30 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवा भी चलेगी।