Page Loader
होली पर बारिश और बर्फबारी से बदलेगा मौसम का मिजाज, मौसम विभाग ने चेताया 
होली पर देश के कई राज्यों में बारिश होने की संभावना है

होली पर बारिश और बर्फबारी से बदलेगा मौसम का मिजाज, मौसम विभाग ने चेताया 

Mar 14, 2025
09:52 am

क्या है खबर?

देशभर में आज (14 मार्च) को होली का पर्व हर्षोल्लास से मनाया जा रहा है। इस बीच भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। इसके मुताबिक, कई राज्यों में आज बारिश होली के रंग में भंग डाल सकती है। दिल्ली, राजस्थान समेत कई राज्यों में कल (13 मार्च) को हुई बारिश से मौसम पहले से ठंड़ा हो गया है। आज भी दिल्ली NCR, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा में बारिश होने के आसार हैं।

बर्फबारी 

कश्मीर में हिमस्खलन का खतरा 

हिमाचल प्रदेश में शनिवार और रविवार को चंबा, कांगड़ा और कुल्लू जिलों में भारी बारिश, बर्फबारी, आंधी और बिजली गिरने का 'येलो' अलर्ट भी जारी किया है। कश्मीर के ऊंचाई वाले कुछ इलाकों में 13 मार्च को बर्फबारी और मैदानों में बारिश हुई। प्रशासन ने गुरेज में बर्फबारी और हिमस्खलन के खतरे के कारण 15 मार्च तक स्कूल बंद करने का आदेश दिया है। IMD ने रविवार तक हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी की चेतावनी दी है।

कोहरा 

देश में दिख रहे मौसम के अलग-अलग रंग

दक्षिण भारतीय राज्यों में आज तमिलनाडु में आज भारी बारिश हो सकती है। यहां सुबह कोहरा भी देखने को मिला है। 16 मार्च तक असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में कहीं-कहीं बारिश होने के आसार हैं। दूसरी तरफ गुजरात और महाराष्ट्र के कुछ इलाकों में पारा 40 के पार पहुंच चुका है। यहां 15 मार्च से गर्मी में कमी आएगी, लेकिन 3-4 बाद तापमान में इजाफा होगा। इसके अलावा राजस्थान में भी बारिश से राहत मिल सकती है।

ट्विटर पोस्ट

तमिलनाडु में अभी भी छा रहा कोहरा 

राहत 

दिल्ली में गर्मी से मिलेगी राहत 

दिल्ली में भी पिछले कुछ दिनों से बढ़ रही गर्मी से गुरुवार को हुई बारिश से राहत मिली है। यहां 13 मार्च को सफदरजंग में अधिकतम तापमान 34.4 डिग्री दर्ज गया, जो सामान्य से 5.5 डिग्री अधिक है। न्यूनतम तापमान 18.6 डिग्री पर पहुंच गया। पश्चिमी विक्षोभ के असर से आज से लेकर 3 दिनों तक बादल छाए रहने के साथ बारिश के आसार हैं। आज सुबह रिज, द्वारका, नजफगढ़, आया नगर में हल्की बूंदाबांदी देखने को मिली है।