
पाकिस्तान ने लगातार 10वें दिन किया सीजफायर उल्लंघन, राजस्थान सीमा पर पकड़ा गया पाकिस्तानी रेंजर
क्या है खबर?
भारत और पाकिस्तान के बीच पहलगाम हमले के बाद से लगातार तनाव जारी है। नियंत्रण रेखा (LoC) पर पाकिस्तानी सेना अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रही है।
पाकिस्तानी सेना ने लगातार 10वें दिन सीमा पर सीजफायर का उल्लंघन किया है। पाकिस्तानी सेना ने करीब 8 जगहों पर गोलीबारी की है, जिसका भारतीय सेना ने मुंहतोड़ जवाब दिया है।
वहीं, राजस्थान सीमा पर भारतीय सैनिकों ने एक पाकिस्तानी रेंजर को हिरासत में लिया है।
सीजफायर
पाकिस्तान ने 8 जगहों पर किया सीजफायर उल्लंघन
पाकिस्तान ने लगातार 10वें दिन LoC पर सीजफायर का उल्लंघन करते हुए कुपवाड़ा, बारामुल्ला, पुंछ, राजौरी, मेंढर, नौशेरा, सुंदरबनी और अखनूर इलाकों में फायरिंग की है।
सैन्य सूत्रों ने बताया कि भारतीय सेना ने इसका 'तुरंत और उचित' जवाब दिया।
बीते कुछ दिनों में पाकिस्तान की ओर से किया गया यह सबसे बड़ा सीजफायर उल्लंघन था। हालांकि, अभी तक किसी भी गोलीबारी में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
रेंजर
BSF ने पाकिस्तानी रेंजर को हिरासत में लिया, जासूसी का आरोप
राजस्थान में सीमा सुरक्षा बल (BSF) ने शनिवार को सीमा पर एक पाकिस्तानी रेंजर को हिरासत में लिया है। पाकिस्तान ने भी इसकी पुष्टि की है।
अभी रेंजर की पहचान उजागर नहीं की गई है। उस पर जासूसी करने का आरोप है। फिलहाल रेंजर BSF की हिरासत में है और उससे आज पूछताछ की जाएगी।
ये घटनाक्रम ऐसे वक्त हुआ है, जब पाकिस्तान ने भी गलती से सीमा पार करने वाले BSF जवान पूर्णम साहू को हिरासत में रखा है।
छुट्टियां
आयुध कारखाने में कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द
महाराष्ट्र के चंद्रपुर और मध्य प्रदेश के जबलपुर में स्थित ऑर्डिनेंस फैक्ट्री खमरिया (OFK) में कार्यरत सभी कर्मचारियों की छुट्टियां तत्काल प्रभाव से रद्द कर दी गई हैं। पाकिस्तान से बढ़ते तनाव के बीत यह कदम उठाया गया है।
आदेश में कहा गया है, "सभी कर्मचारियों को बिना चूके ड्यूटी पर रिपोर्ट करना होगा और इस महत्वपूर्ण अवधि के दौरान राष्ट्रीय आवश्यकताओं के अनुरूप निर्बाध उपस्थिति और योगदान सुनिश्चित करना होगा।"
बयान
पाकिस्तानी राजदूत ने दी परमाणु हथियारों के इस्तेमाल की धमकी
रूस में पाकिस्तान के राजदूत मोहम्मद खालिद जमाली ने कहा कि अगर भारत हमला करता है या सिंधु नदी का पानी रोकता है तो पाकिस्तान न सिर्फ परंपरागत बल्कि परमाणु हथियार से भी जवाब देगा।
खालिद ने कहा, "हमारे पास भारत की सैन्य कार्रवाई की योजना के पुख्ता सुराग हैं। लीक हुए दस्तावेजों में पाकिस्तान के कुछ क्षेत्रों पर हमले की योजना बनाई गई है। इससे हमें लगता है कि हमला करीब है और कभी भी हो सकता है।"
भारत के कदम
भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ उठाए 3 बड़े कदम
भारत ने बीते दिन पाकिस्तान से सभी आयात पर तत्काल प्रभाव से प्रतिबंध लगा दिया है। भारत सरकार की अनुमति के बिना अब पाकिस्तान से किसी भी सामान का आयात नहीं हो सकेगा।
इसके अलावा भारत ने पाकिस्तानी जहाजों के भारतीय बंदरगाहों में प्रवेश करने पर भी रोक लगा दी है।
भारत ने पाकिस्तान से आने वाली सभी प्रकार की डाक और पार्सल सेवाओं को भी तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।