
कौन थे महाराणा प्रताप के वंशज अरविंद सिंह मेवाड़, जिनका उदयपुर में हुआ निधन?
क्या है खबर?
राजस्थान के उदयपुर के पूर्व राजपरिवार के सदस्य अरविंद सिंह मेवाड़ का निधन हो गया है। वे लंबे समय से बीमार चल रहे थे और उदयपुर के सिटी पैलेस में ही उनका इलाज चल रहा था।
आज यानी 16 मार्च को उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन से पूरे राजस्थान में शोक की लहर है और उदयपुर के सिटी पैलेस को पर्यटकों के लिए बंद कर दिया गया है।
आइए जानते हैं अरविंद सिंह मेवाड़ कौन थे।
परिचय
कौन थे अरविंद सिंह मेवाड़?
अरविंद आखिरी महाराणा भगवंत सिंह और उनकी पत्नी सुशीला कुमारी के छोटे बेटे थे। उनका जन्म 13 दिसंबर, 1944 को हुआ था।
उन्होंने अजमेर के मेयो कॉलेज, उदयपुर के महाराणा भूपाल कॉलेज और ब्रिटेन और अमेरिका से होटल मैनेजमेंट की पढ़ाई की थी। वे विदेशों की कई प्रतिष्ठित होटलों में काम कर चुके हैं।
उनके परिवार में पत्नी विजयराज कुमारी, पुत्र लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ और पुत्रियां भार्गवी कुमारी मेवाड़ और पद्मजा कुमारी परमार हैं।
रणजी टीम
राजस्थान रणजी टीम के कप्तान रहे हैं अरविंद सिंह
अरविंद सिंह खेलों के बड़े शौकीन थे। उन्होंने 1945-46 में रणजी ट्रॉफी में पदार्पण किया था और राजस्थान टीम के कप्तान भी रहे थे। करीब 2 दशक तक वे क्रिकेट खेलते रहे।
उन्हें पोलो का भी बहुत शौक था। उन्होंने कैम्ब्रिज और न्यूमार्केट पोलो क्लब में 'उदयपुर कप' की स्थापना की थी।
उन्होंने उदयपुर में मेवाड़ पोलो टीम का भी गठन किया था, जिसने 1991 में प्रतिष्ठित प्रेसिडेंट कप जीता था।
पायलट
कुशल पायलट भी थे अरविंद सिंह
अरविंद सिह कुशल पायलट भी थे और छोटे विमान से पूरे भारतभर में उड़ान भर चुके थे।
शिकागो में होटल प्रबंधन में कई सालों तक काम करने के बाद उन्होंने HRH होटल समूह की स्थापना की थी। ये देश की निजी स्वामित्व वाली हेरिटेज पैलेस, होटल और रिसॉर्ट्स की एकमात्र श्रृंखला है।
अरविंद सिंह महाराणा मेवाड़ चैरिटेबल फाउंडेशन, उदयपुर के अध्यक्ष और प्रबंध ट्रस्टी थे और उन्होंने अन्य ट्रस्टों का भी नेतृत्व किया।
संपत्ति विवाद
संपत्ति को लेकर बड़े भाई से विवाद
अरविंद और उनके बड़े भाई महेंद्र सिंह मेवाड़ के बीच संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा है।
दरअसल, भगवंत सिंह ने अपनी पैतृक संपत्तियों को बेचना या लीज पर देना शुरू कर दिया था। इससे नाराज होकर महेंद्र कोर्ट चले गए। उनकी मांग थी कि संपत्तियों को हिंदू उत्तराधिकार कानून के तहत बड़े बेटे को सौंपा जाए।
इसके बाद भगवंत ने अरविंद को संपत्तियों का एग्जीक्यूटर बना दिया और महेंद्र को बेदखल कर दिया।
श्रद्धांजलि
दिग्गजों ने दी श्रद्धांजलि
अरविंद सिंह के निधन पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, गजेंद्र सिंह शेखावत, राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और वसुंधरा राजे, कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला और पवन खेड़ा, पूर्व राज्यपाल कलराज मिश्र, उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी और प्रेमचंद बैरवा, पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट, सिक्किम के राज्यपाल ओम प्रकाश माथुर और राजस्थान के तमाम मंत्रियों समेत कई दिग्गजों ने शोक जताया है।