Page Loader
सर्दी गई अब तेजी से बढ़ेगा पारा, जानिए कैसा रहेगा मौसम 
आने वाले सप्ताह में देश के कई राज्यों में पारा 40 डिग्री के पार जा सकता है

सर्दी गई अब तेजी से बढ़ेगा पारा, जानिए कैसा रहेगा मौसम 

Mar 16, 2025
09:13 am

क्या है खबर?

हाेली के बाद देशभर में मौसम के अलग-अलग रंग देखने को मिल रहे हैं। पश्चिमी विक्षोभ के असर जहां पहाड़ों पर बारिश-बर्फबारी हो रही है, वहीं मैदानों में अंड़ध-बारिश देखी जा रही है। इससे तापमान में मामूली गिरावट आई है। दूसरी तरफ महाराष्ट्र, गुजरात समेत कुछ राज्यों में लू की स्थिति बनी हुई है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने आने वाले दिनों में कई राज्यों में तापमान 40 डिग्री के पार जाने के साथ हीटवेव का अलर्ट जारी किया है।

बर्फबारी 

पहाड़ों पर जारी रहेगी बर्फबारी 

पश्चिमी विक्षोभ के असर से पहाड़ी राज्यों में मौसम बिगड़ा हुआ है। हिमाचल प्रदेश में शनिवार (15 मार्च) को कई हिस्सों में बारिश और बर्फबारी हुई। आज भी प्रदेश में लाहौल-स्पीति चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला भारी बारिश या बर्फबारी के आसार हैं। इसके चलते तापमान शून्य से नीचे जा सकता है। दूसरी तरफ कश्मीर घाटी में शनिवार को अनंतनाग, कुलगाम, शोपियां, पुलवामा गुलमर्ग, सोनमर्ग और पहलगाम में ताजा बर्फबारी हुई, जो आज भी जारी रह सकती है।

बारिश 

यहां आज अंधड़-बारिश से बिगड़ेगा मौसम 

उत्तर प्रदेश में शनिवार (15 मार्च) को कई जिलों में हुई बारिश से तापमान में हल्की गिरावट देखने को मिली है। इस दौरान अधिकतम तापमान 31.2-38.4 डिग्री के बीच दर्ज किया गया। आज प्रदेश के पूर्वी इलाके के कई जिलों में हल्की बारिश के साथ अंधड़ आने की संभावना है। दूसरी तरफ राजस्थान में शनिवार को हुई बारिश और ओलावृष्टि के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई। आज यहां बीकानेर, जयपुर और भरतपुर संभाग में बारिश हो सकती है।

गर्मी 

राजधानी में गर्मी को लेकर चेतावनी 

दिल्ली NCR में होली पर हुई बारिश से अभी सुबह-शाम के वक्त हल्की ठंड़क बनी हुई है। शनिवार को भी बादल रहने से लोगों को गर्मी से राहत मिली। IMD के अनुसार, अगले सप्ताह से तापमान में तेज बढ़ोतरी होने की संभावना है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी का प्रकोप झेलना पड़ेगा। बारिश के चलते 15 मार्च को राजधानी के वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) में भी सुधार हुआ है, लेकिन आने वाले दिनों में तापमान बढ़ने से इसमें इजाफा होगा।