Page Loader
गणतंत्र दिवस: कर्तव्य पथ पर दिखी भारत की ताकत, इंडोनेशियाई मार्चिंग दस्ता भी हुआ शामिल
गणतंत्र दिवस पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने फहराया झंडा

गणतंत्र दिवस: कर्तव्य पथ पर दिखी भारत की ताकत, इंडोनेशियाई मार्चिंग दस्ता भी हुआ शामिल

संपादन आबिद खान
Jan 26, 2025
12:11 pm

क्या है खबर?

देश आज अपना 76वां गणतंत्र दिवस मना रहा है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सुबह साढ़े 10 बजे कर्तव्य पथ पर मुख्य अतिथि इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांटो की मौजूदगी में झंडा फहराया। परेड में इंडोनेशिया के जवानों ने भी हिस्सा लिया। सुबियांटो गणतंत्र दिवस में भाग लेने वाले इंडोनेशिया के चौथे राष्ट्रपति हैं। इस साल समारोह का मुख्य विषय संविधान की 75वीं वर्षगांठ है, लेकिन झांकियों का विषय 'स्वर्णिम भारत: विरासत और विकास' है।

वायुसेना

भारतीय वायुसेना और नौसेना ने दिखाई ताकत

परेड में 6 राफेल विमानों ने वज्रांग फॉरमेशन में हिस्सा लिया। वहीं, त्रिशूल फॉरमेशन में 3 सू-30 विमान उड़ान भरते दिखाए दिए। विजय फॉरमेशन में एक रफाल विमान 900 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से उड़ान भरते हुए कर्तव्य पथ के ऊपर से निकला। कर्तव्य पथ पर झांकी में INS सूरत और INS नीलगिरी नजर आया। कर्तव्य पथ पर ब्रह्मोस मिसाइल का आधुनिक स्वरूप भी नजर आया। पहली बार कर्तव्य पथ पर भीष्म टैंक भी दिखाई दिया।

ट्विटर पोस्ट

इंडोनेशियाई सैन्य अकादमी के बैंड और राष्ट्रीय सशस्त्र बलों के 152 कर्मी परेड में शामिल हुए

खास बातें

परेड की खास बातें

वायुसेना के फ्लायपास्ट में 40 विमानों ने हिस्सा लिया। दुनिया की एकमात्र सक्रिय घुड़सवार रेजिमेट 61 कैवेलरी ने मार्च किया। सेना की युद्ध निगरानी प्रणाली 'संजय' और रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (DRDO) की सतह से सतह पर मार करने वाली सामरिक मिसाइल 'प्रलय' पहली बार शामिल हुई। पहली बार सेना की तीनों अंगों की संयुक्त झांकी निकली। BSF का ऊंट दस्ता भी कर्तव्य पथ पर नजर आया। पहली बार एक साथ 5,000 कलाकारों ने प्रस्तुति दी।

ट्विटर पोस्ट

ब्रह्मोस मिसाइल, पिनाका मल्टी लॉन्चर रॉकेट सिस्टम की परेड

झंडा

राष्ट्रपति को दी गई 21 तोपों की सलामी 

प्रधानमंत्री के बाद राष्ट्रपति मुर्मू और इंडोनेशिया के राष्ट्रपति सुबियांटो 'पारंपरिक बग्गी' में पहुंचे। राष्ट्रपति के साथ उनके अंगरक्षक भी थे। यह भारतीय सेना की सबसे वरिष्ठ रेजिमेंट है। इस रेजिमेंट ने 1773 में अपनी स्थापना के बाद से सेवा के 251 वर्ष पूरे कर लिए हैं। राष्ट्रपति मुर्मू के राष्ट्रीय ध्वज फहराने के बाद राष्ट्रगान हुआ और स्वदेशी तोप 105-एमएम इंडियन फील्ड गन के साथ 21 तोपों की सलामी दी गई। इससे पूरा कर्तव्य पथ गूंज उठा।

जानकारी

परेड में दिखी सैन्य शक्ति और सांस्कृतिक विरासत

परेड लगभग 10:30 बजे शुरू हुई और इसमें देश की सैन्य शक्ति और सांस्कृतिक विविधता दोनों देखने को मिली। परेड में कुल 16 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की झाकियां निकाली गईं। इसके अलावा, केंद्रीय मंत्रालयों, विभागों और संगठनों की 15 झांकियां प्रदर्शित की गईं।

बधाई

प्रधानमंत्री मोदी ने दी गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 'एक्स' पर गणतंत्र दिवस की बधाई दी है। उन्होंने लिखा, 'गणतंत्र दिवस की ढेरों शुभकामनाएं! आज हम गौरवशाली गणतंत्र की 75वीं वर्षगांठ मना रहे हैं। इस अवसर पर हम उन सभी महान विभूतियों को नमन करते हैं, जिन्होंने हमारा संविधान बनाकर यह सुनिश्चित किया कि हमारी विकास यात्रा लोकतंत्र, गरिमा और एकता पर आधारित है। यह राष्ट्रीय उत्सव एक सशक्त और समृद्ध भारत बनाने की दिशा में हमारे प्रयासों को और मजबूत करे, यही कामना है।'

सुरक्षा

सुरक्षा के कड़े इंतजाम, लगभग 70,000 जवान तैनात

गणतंत्र दिवस को लेकर दिल्ली में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। 70,000 हजार पुलिसकर्मी और अर्द्ध सैनिक बल सड़कों पर मुस्तैद रहकर सुरक्षा व्यवस्था में जुटे हैं। 22,000 हजार सुरक्षाकर्मी केवल नई दिल्ली जिले तैनात हैं। लगभग 2,500 CCTV कैमरों ने निगरानी की जा रही है, जिनमें से कुछ हाई-रिजॉल्यूशन के हैं। हवाई सुरक्षा के लिए 4 किलोमीटर के दायरे में ड्रोन रोधी प्रणाली लगाई गई है और छतों पर स्नाइपर की तैनाती की गई है।