Page Loader
कोरोना: महाराष्ट्र सरकार ने जारी की संशोधित गाइडलाइंस, अब चार घंटे ही खुलेंगी किराना की दुकानें

कोरोना: महाराष्ट्र सरकार ने जारी की संशोधित गाइडलाइंस, अब चार घंटे ही खुलेंगी किराना की दुकानें

Apr 20, 2021
05:36 pm

क्या है खबर?

कोरोना महामारी की दूसरी लहर ने महाराष्ट्र को सबसे ज्यादा प्रभावित किया है। यहां अभी भी प्रतिदिन हजारों नए मामले सामने आ रहे हैं। इसको लेकर सरकार ने राज्य में धारा 144 लागू करते हुए लॉकडाउन जैसी पाबंदियां लागू कर रखी है, लेकिन इससे बढ़ते मामलों पर नियंत्रण नहीं हो रहा है। ऐसे में सरकार ने कर्फ्यू के लिए संशोधित गाइडलाइंस जारी की है। इसमें अब किराना, फल्-सब्जी की दुकानें और डेयरियां सुबह 7 से 11 बजे तक ही खुलेंगी।

हालात

महाराष्ट्र में यह है कोरोना संक्रमण की स्थिति

महाराष्ट्र पहली लहर की तरह दूसरी लहर से भी सबसे अधिक प्रभावित हुआ है। राज्य में सोमवार को 58,924 नए मामले सामने आए हैं और 351 मरीजों की मौत हुई हैं। इसी के साथ राज्य में संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 38,98,262 पर पहुंच गई है। इनमें से अब तक 60,824 की मौत हो चुकी है और 31,59,240 ठीक हो चुके हैं। सक्रिय मामलों की संख्या 6,78,198 पर पहुंच गई है। मुंबई और नागपुर के हालत सबसे ज्यादा खराब है।

सख्ती

मुख्यमंत्री ने 13 अप्रैल को की थी कर्फ्यू की घोषणा

तेजी से बढ़ते मामलों को देखते हुए मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने 13 अप्रैल को राज्य के नाम संबोधन के दौरान राज्य में 15 दिनों के लिए धारा 144 लागू करते हुए सख्त कर्फ्यू का ऐलान किया था। इसके साथ ही 'ब्रेक द चेन' अभियान शुरू किया था। इसमें किरान, फल-सब्जी की दुकानों, डेयरी, बेकरी, चिकन, मटन, अंडा और मछली की दुकानों को रात 8 बजे तक खोलने की अनुमति दी थी। इसी तरह ट्रांसपोर्टेशन सुविधा भी चालू रखी गई थी।

जानकारी

कर्फ्यू के बाद भी नहीं आई मामलों की कमी

सरकार द्वारा कर्फ्यू लगाने के बाद भी राज्य में संक्रमण में कमी नहीं आ रही है। प्रतिदिन 50,000 से अधिक नए मामले सामने आ रहे हैं। ऐसे में सरकार ने महामारी पर नियंत्रण के लिए कर्फ्यू को लेकर संशोधित गाइडलाइंस जारी करनी पड़ी है।

गाइडलाइंस

नई गाइडलाइंस के अनुसार यह रहेगा दुकानों का समय

सरकार की ओर से जारी की गई संशोधित गाडइलाइंस के अनुसार पूरे प्रदेश में किराना, सब्जियों की दुकानें, बेकरी और डेयरियां सुबह 7 बजे से लेकर 11 बजे तक ही खुलेंगी। इसके अलावा चिकन, मटन, अंडा और मछली बेचने वाली दुकाने के लिए भी यही समय रहेगा। इसी तरह रेस्तरां और ई-कॉमर्स के जरिए होम डिलीवरी की अनुमति रात 8 बजे तक रहेगी। ये नियम संबंधित जिलाधिकारी अपने यहां की स्थिति को देख कर बदल भी सकते हैं।

बयान

पूर्ण लॉकडाउन को लेकर जल्द किया जा सकता है निर्णय- वडेट्टीवार

राज्य के आपदा और पुनर्वास मंत्री विजय वडेट्टीवार ने कहा कि पहले पूर्ण लॉकडाउन का छोटे व्यापारी विरोध कर रहे थे, लेकिन संक्रमण को देखकर अब वो खुद इसकी मांग कर रहे हैं। कुछ अन्य जिलों से भी यही मांग उठ रही है। मुख्यमंत्री जल्द ही इस पर सभी दलों से चर्चा करने वाले हैं। उसके बाद पूरे राज्य में लॉकडाउन घोषित किया जा सकता है। ऐसे में महाराष्ट्र में लॉकडाउन की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता है।

चुनौती

ऑक्सीजन और दवा की आपूर्ति बनी बड़ी चुनौती- टोपे

महाराष्ट्र के स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने कहा कि कोरोना महामारी की दूसरी लहर चुनौतियां लेकर आई है। वर्तमान में पर्याप्त ऑक्सीजन और दवा की आपूर्ति की बड़ी चुनौती बनी हुई है। सरकार समाधान के साथ चुनौतियों से निपटने के तरीकों का पता लगा रही है। इधर, राज्य से पहली ऑक्सीजन ट्रेन भी रवाना हो गई। इसे परिवहन मंत्री अनिल परब ने हरी झंडी दिखाई। विशाखापट्टनम से ऑक्सीजन भरकर टैंक वापस तलोजा आएंगे। इससे राहत की उम्मीद है।

जानकारी

मुंबई में भी कायम है कोरोना का कहर

पाबंदी के बावजूद मुंबई भी लगातार कोरोना की चपेट में है। बीते 24 घंटे में यहां 7,381 नए केस आए हैं और इसी दौरान 58 लोगों की मौत हुई है। शहर में अभी 85,321 मरीजों का इलाज चल रहा है। यह बेहद गंभीर स्थिति है।

गाइडलाइंस

BMC ने होम क्वारंटाइन मरीजों के लिए जारी की नई गाइडलाइन

मुंबई में बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) ने होम क्वारंटाइन वाले मरीजों के लिए नई गाइडलाइंस जारी की है। इसके अनुसार क्वारंटाइन मरीजों को डॉक्टर की सलाह पर ही दवाओं का उपयोग करने, ऑक्सीजन का लेवल 95 प्रतिशत तक मेंटेन करने, बुखार होने पर 100 फारनहाइट से अधिक नहीं होने देने, लंबे समय तक खांसी का ध्यान रखने, आठ घंटे की नींद लेने, गर्म पानी का हमेशा सेवन करें और योग करने की सलाह दी गई है।