संक्रमण की दूसरी लहर में सबसे ज्यादा युवाओं को शिकार बना रहा है कोरोना वायरस
क्या है खबर?
देश इस समय कोरोना वायरस के संक्रमण की दूसरी लहर की जद में है। मंगलवार को देश में रिकॉर्ड 1,15,736 नए मामले सामने आए हैं। इससे केंद्र सरकार और चिकित्सा विशेषज्ञों के पसीने आ गए हैं।
इस लहर में सबसे अधिक चौंकाने वाली बात यह है कि प्रतिदिन सामने आ रहे नए मामलों में सबसे अधिक संख्या युवाओं की है। ऐसे में यह बड़ी चिंता का कारण है। इसको लेकर सरकार ने सख्त कदम उठाने शुरू कर दिए हैं।
हालात
भारत में 24 घंटे में सामने आए संक्रमण के रिकॉर्ड मामले
भारत में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस से संक्रमण के 1,15,736 नए मामले सामने आए और 630 मरीजों की मौत हुई है। महामारी की शुरुआत के बाद देश में एक दिन में मिले ये सर्वाधिक मामले हैं।
इसी के साथ देश में कुल संक्रमितों की संख्या 1,28,01,785 हो गई है। इनमें से 1,66,177 लोगों को इस खतरनाक वायरस के कारण अपनी जान गंवानी पड़ी है। सक्रिय मामलों की संख्या बढ़कर 8,43,473 हो गई है।
सबसे ज्यादा
15-44 आयु वर्ग के युवा हो रहे सबसे ज्यादा संक्रमित
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बुधवार को कहा कि फरवरी से शुरू हुई संक्रमण की दूसरी लहर से देश के 11 राज्य सबसे अधिक प्रभावित हैं।
प्रतिदिन सामने आ रहे नए मामलों में करीब 85 प्रतिशत मामले इन्हीं राज्यों में सामने आ रहे हैं।
मंत्रालय ने आगे कहा प्रतिदिन सामने आ रहे नए मामलों में सबसे ज्यादा संख्या 15-44 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं की है। युवाओं के महमारी से बचाव के उपायों का पालन नहीं करने से यह हालत है।
जानकारी
60 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों की हुई सबसे अधिक मौतें
स्वास्थ्य मंत्रालय ने यह भी कहा दूसरी लहर में प्रतिदिन हो रही मौतों में सबसे अधिक संख्या 60 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों की हैं। हालांकि, इनमें पुरानी बीमारियों से ग्रसित लोगों की संख्या अधिक है। बुजुर्गों को सतर्क रहने की अधिक आवश्यकता है।
प्रभावित
24 घंटों में आठ राज्यों में सामने आए 80.70 प्रतिशत मामले
स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि देश में पिछले 24 घंटे में सामने आए 1,15,736 नए मामलों में से 80.70 प्रतिशत यानी 93,398 मामले आठ राज्यों में हैं।
इन राज्यों में महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, कर्नाटक, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, मध्य प्रदेश, तमिलनाडु और केरल शामिल है।
इसी तरह पिछले 24 घंटे में हुई कुल 630 मौतों में से 47.14 प्रतिशत यानी 297 मौतें अकेले महाराष्ट्र में हुई है। उसके बाद पंजाब में सबसे अधिक 61 मौतें हुई हैं।
जानकारी
पिछले 24 घंटे में इन राज्यों में नहीं हुई कोई मौत
स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार पिछले 24 घंटे में 11 राज्य और केंद्र शासित प्रदेशों में कोई मौत नहीं हुई। इनमें ओडिशा, लद्दाख, दमन और दीव और दादरा और नागर हवेली, नागालैंड, मेघालय, सिक्किम, मणिपुर, लक्षद्वीप, मिजोरम, अंडमानर निकोबार द्वीप समूह और अरुणाचल प्रदेश शामिल हैं।
राजधानी
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में भी बिगड़ रहे हालात
स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली मंगलवार को सामने आए 5,100 नए मामलों के बाद पांचवां सबसे प्रभावित राज्य बन गया है।
इसी तरह यह सबसे ज्यादा सक्रिय केस रखने वाले देश की शीर्ष 10 जिलों में भी शामिल है। वर्तमान में यहां 17,332 सक्रिय मामले हैं।
इसके अलावा 9,921 नए मामलों के साथ छत्तीसगढ़ सबसे ज्यादा नए मामले प्राप्त करने वाला महाराष्ट्र के बाद देश का दूसरा राज्य बन गया है।
दर
एक महीने में 6.11 प्रतिशत बढ़ी देश की सकारात्मकता दर
स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार देश की सकारात्मकता दर 8.40 पर पहुंच गई है और यह बेहद चिंता का विषय है। एक महीने पहले यह दर 2.29 प्रतिशत थी। ऐसे में इसमें 6.11 प्रतिशत का इजाफा हुआ है। ऐसे में इसके कम करने के लिए बेहतर प्रयास किए जा रहे हैं।
मंत्रालय के अनुसार देश में वैक्सीनेशन में भी खासी तेजी आई है। देश में अब तक 8.70 करोड़ खुराकें लगाई जा रही है और इसे लगातार बढ़ाया जा रहा है।
प्रयास
50 जिलों में भेजी केंद्रीय टीमें
स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार वर्तमान में देश के 50 जिले सबसे अधिक प्रभावित हैं। ऐसे में संबंधित राज्यों को परीक्षण, पहचान, बेहतर उपचार, वैक्सीनेशन और महामारी से बचाव के उपायों की सख्ती से पालना कराने को कहा है।
इसी तरह सभी प्रभावित राज्यों में केंद्रीय टीमों को भेजा गया है। ये टीम वहां तेजी से बढ़ते संक्रमण के कारणों का पता लगाकर उसके निदान के उपाय सुझाएगी तथा राज्य सरकार के साथ मिलकर काम करेगी।