Page Loader
कोरोना वायरस: भारत में तीन दिन में 10,000 नए मामले, कुल संख्या 52,000 के पार

कोरोना वायरस: भारत में तीन दिन में 10,000 नए मामले, कुल संख्या 52,000 के पार

May 07, 2020
12:08 pm

क्या है खबर?

देश में लॉकडाउन का तीसरा चरण लागू है, लेकिन इसके बाद भी कोरोना संक्रमण के मामलों में लागातार इजाफा हो रहा है। प्रतिदिन सामने आने वाले नए संक्रमितों की संख्या भी बढ़ रही है। इसने सरकार की चिंता बढ़ा दी है। आपको जानकर हैरानी होगी कि 4 मई के बाद महज तीन दिनों में देश में 10,000 नए लोगों में संक्रमण की पुष्टि हो गई। इसी के साथ देश में संक्रमितों की कुल संख्या 52,000 के पार पहुंच गई।

नए केस

बुधवार को सामने आए 3,490 नए केस

देश में कोरोना के केसों में बुधवार को अपेक्षा के कहीं अधिक बढ़ोत्तरी दर्ज की गई। 24 घंटे में ही 3,490 नए केस बढ़ गए। इसके अलावा 98 लोगों की मौत हो गई। एक दिन में लोगों में संक्रमण की पुष्टि डराने वाली है। इसके साथ ही देश में संक्रमितों की कुल संख्या 52,952 हो गई, जबकि 1,783 लोगों की मौत हो चुकी है। यह बढ़त महाराष्ट्र, दिल्ली, गुजात, पंजाब, तमिलनाडु और हरियाणा में मिले मामले की वजह से हुई।

रफ्तार

तीन दिन में बढ़े 10,425 नए मामले

स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के रिकॉर्ड के अनुसार देश में 4, 5 और 6 मई को 10,425 नए मामले सामने आए हैं। तीन मई को देश में संक्रमितों की कुल संख्या 42,527 थी, जो बुधवार को बढ़कर 52,952 पर पहुंच गई। इतने मामले बढ़ने के कारण देश में दोहरीकरण की दर घटकर 10.3 दिन आ गई है, जबकि 3 मई तक यह दर 11.5 दिन थी। ऐसे में लॉकडाउन की ढील संक्रमण का कारण बनती दिख रही है।

आठ दिन

आठ दिन में बढ़े 21,623 नए मामले

देश में बढ़ती संक्रमण की रफ्तार को इसी से देखा कि जहां देश में तीन दिनों में 10,425 नए मामले सामने आए हैं, वहीं यदि पिछले आठ दिन की बात की जाए तो यह आंकड़ा 21,623 का होता है। देश में 28 अप्रैल को संक्रमितों की संख्या 31,329 थी जो आठ दिन में बढ़कर 52,952 हो गई है। यदि इसी रफ्तार से संक्रमितों की संख्या में इजाफा होता रहा तो आने वाले समय में स्थिति बहुत खराब हो सकती है।

जानकारी

देश में 43 दिन में बढ़े थे पहले 10,000 मामले

देश में संक्रमितों की संख्या 10,000 पहुंचने में 43 दिन लगे थे। अगले आठ दिनों में संख्या 20,000, सात दिन में 30,000, पांच दिन में 40,000 और तीन दिन में 50,000 पर पहुंच गई है। अप्रैल की शुरुआत में दोहरीकरण की दर 4 दिन थी।

राज्य

इन राज्यों में तेजी से बढ़ रहे हैं मामले

रिकॉर्ड के अनुसार बुधवार को महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा 1,233 नए मामले सामने आए और 34 लोगों की मौत हो गई। इससे वहां संक्रमितों की संख्या बढ़कर 16,758 हो गई है। इनमें से 10,527 संक्रमित अकेले मुंबई में मिले हैं। राज्य के 36 में से 34 जिले संक्रमण की चपेट में है। इसी तरह दिल्ली में 428 नए मामलों के साथ संक्रमितों की कुल संख्या 5,532 तथा तमिलनाडु में 771 नए केस के साथ 4,829 पहुंच गई है।

जानकारी

चिकित्सा मंत्री हर्षवर्धन करेंगे महाराष्ट्र मुख्यमंत्री के साथ बैठक

महाराष्ट्र में बिगड़ते हालातों पर चिकित्सा मंत्री हर्षवर्धन ने चिंता जाहिर की है और चर्चा के लिए मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के साथ बैठक करने का निर्णय किया है। मंत्री ने राज्य की मदद के लिए केंद्र की एक विशेष टीम भेजने का निर्णय किया है।

खतरा

विदेशियों के भारत लौटने पर बढ़ सकती है संक्रमण की रफ्तार

चिकित्सा विशेषज्ञों की माने तो भारत सरकार की ओर से शुक्रवार से 64 उड़ानों के जरिए 12 देशों में फंसे 15,000 भारतीयों को वापस लाने का अभियान चलाएगी। उनके वापस आने से देश में संक्रमण की रफ्तार और तेजी से बढ़ सकती है। हालांकि, सरकार ने साफ कर दिया है कि वापस लौटने वाले सभी लोगों को 14 दिन क्वारंटाइन में गुजारने होंगे, लेकिन कोरोना की बलती प्रकृति के कारण संक्रमण बढ़ने का खतरा बना हुआ है।

जानकारी

देश में अब तक हुई 10 लाख लोगों की जांच

स्वाथ्य मंत्रालय के अनुसार देश में गत शनिवार तक 10 लोगों की जांच की जा चुकी है। गत एक अप्रैल को देश में यह संख्या 38,914 थी। मंत्रालय ने आगामी दिनों में एक दिन में एक लाख लोगों की जांच करने की उम्मीद जताई है।