Page Loader
पूर्वोत्तर राज्यों में बाढ़ से भारी तबाही; 19 की मौत, 12,000 से ज्यादा लोग प्रभावित
पूर्वोत्तर राज्यों में बाढ़ से 19 लोगों की मौत हो गई है

पूर्वोत्तर राज्यों में बाढ़ से भारी तबाही; 19 की मौत, 12,000 से ज्यादा लोग प्रभावित

लेखन आबिद खान
May 31, 2025
04:18 pm

क्या है खबर?

देश के पूर्वोत्तर राज्यों में भारी बारिश और भूस्खलन ने जमकर तबाही मचा दी है। बीते 3 दिनों में पूर्वोत्तर के मणिपुर, मिजोरम, असम, अरुणाचल प्रदेश और त्रिपुरा में लगातार भारी बारिश के चलते भूस्खलन और बाढ़ में 19 लोगों की मौत हो चुकी है। यहां सड़कें बंद हो गई हैं और नदियां उफान पर हैं, जिसके चलते 12,000 से ज्यादा लोग प्रभावित हुए हैं। मौसम विभाग ने सभी राज्यों के लिए अलर्ट जारी किया है।

मणिपुर

मणिपुर में कई नदियां उफान पर

मणिपुर की राजधानी इंफाल के पूर्वी जिले चेकॉन में बीते 3 दिनों से मूसलाधार बारिश हो रही है। इस वजह से यहां बाढ़ जैसे हालात हो गए हैं। चेकॉन में सड़कों पर कमर तक पानी भर गया है और नदियों के किनारे बनाए गए तटबंध टूट गए हैं। चेकॉन के अलावा कई अन्य इलाके भी प्रभावित हैं। हालात को देखते हुए NDRF की टीमें लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने में जुटी हुई हैं।

मिजोरम

मिजोरम में भूस्खलन से तबाही, इमारतें ढहीं

मिजोरम के दक्षिण में स्थित लॉन्गतलाई शहर में भारी बारिश के कारण भूस्खलन हो गया है। इसके चलते कम से कम 5 घर और एक होटल ढह गई है और कई लोग मलबे में दब गए हैं। यंग लाई एसोसिएशन, SDRF और तीसरी भारतीय रिजर्व बटालियन के कर्मी बचाव कार्य में जुटे हैं। भूस्खलन के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग-54 अवरुद्ध हो गया है, जिससे लॉन्गतलाई का संपर्क मिजोरम के दक्षिणी जिले सियाहा से कट गया है।

असम

असम में 5 की मौत

भारी बारिश और भूस्खलन से असम के कामरूप मेट्रो जिले में 5 लोगों की मौत हो गई। वहीं, 5 अन्य जिलों में 12,000 से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं। गुवाहाटी और सिलचर में बाढ़ से भारी नुकसान हुआ है। मौसम विभाग के मुताबिक, पिछले 24 घंटों में गुवाहाटी और इसके आसपास के इलाकों में 90 से 134 मिलीमीटर बारिश हुई है। विभाग ने आगे भी भारी बारिश का अनुमान जताया है।

अरुणाचल प्रदेश

अरुणाचल प्रदेश में भूस्खलन, 9 लोग दबे

अरुणाचल प्रदेश में बारिश की वजह से अलग-अलग जगहों पर भूस्खलन में 9 लोगों की मौत हो गई। पूर्वी कामेंग जिले में बाना-सेप्पा रोड़ पर भूस्खलन की चपेट में आकर एक कार बह गई, जिसमें 7 लोगों की मौत हो गई। वहीं, लोअर सुबनसिरी जिले में जीरो-कामले मार्ग पर पाइन ग्रोव क्षेत्र के पास 2 मजदूरों की मौत हो गई। यहां 2 अन्य को बचा लिया गया। मौसम विभाग ने यहां बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है।

त्रिपुरा

त्रिपुरा में 100 से ज्यादा घर टूटे

त्रिपुरा में बाढ़ के पानी में डूबने से जिरानिया में एक व्यक्ति की मौत हो गई है। यहां 100 से ज्यादा मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं और सैकड़ों लोगों को राहत शिविरों में शरण लेनी पड़ी है। अगरतला में हावड़ा नदी का जलस्तर 10.01 मीटर तक बढ़ गया है। लोंगट्राई घाटी, जिरानिया, मोहनपुर, जम्पुइजाला, गोमती और दक्षिणी त्रिपुरा जिलों पेड़ गिरने के कारण सड़कें बंद हो गई है। मौसम विभाग ने भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।