Page Loader
आज 14 राज्यों में रहेगा लू का कहर, जानिए देश में मौसम का हाल 
देश के कई राज्यों में आज भी लू का प्रकोप रहेगा

आज 14 राज्यों में रहेगा लू का कहर, जानिए देश में मौसम का हाल 

Apr 23, 2025
08:53 am

क्या है खबर?

देश के अधिकांश इलाकों में गर्मी दिनों-दिन प्रचंड़ होती जा रही है। इस कारण सुबह से ही सूरज की तपिश झेलना मुश्किल हो रहा है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने आज दिल्ली, राजस्थान, उत्तर प्रदेश समेत 14 राज्यों में लू चलने की चेतावनी जारी की है। इस दौरान कई राज्यों में तापमान 3-5 डिग्री तक बढ़ सकता है। आज अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 40 और 24 डिग्री के आस-पास रहने की संभावना है।

लू 

राजस्थान और उत्तर प्रदेश कैसा रहेगा मौसम?

राजस्थान में लोगों को लू से राहत नहीं मिल रही है। आज भी बीकानेर, जैसलमेर, बाड़मेर, बूंदी, कोटा, बारां और चित्तौड़गढ़ में हीटवेव चलने के आसार हैं। राज्य में अधिकतम तापमान सामान्य से 3-5 डिग्री अधिक रह सकता है और अधिकांश जिलों में तापमान 44-46 डिग्री के बीच पहुंचने की संभावना है। उत्तर प्रदेश के कई जिलों में तापमान 44 डिग्री को पार कर चुका है। यहां आज 36 जिलों में लू चलने का अलर्ट जारी किया है।

असर 

गर्मी को देखते हुए छत्तीसगढ़ सरकार ने लिया यह फैसला

मध्य प्रदेश के 6 जिलों में आज हीटवेव के आसार है। इस दौरान अधिकतम तापमान 45 डिग्री तक रहने का अनुमान जताया गया है। छत्तीसगढ़ सरकार ने भीषण गर्मी के मद्देनजर स्कूलों में गर्मी की छुट्टियां समय से पहले ही शुरू करने का फैसला किया है। शिक्षा विभाग ने 25 अप्रैल से 15 जून तक गर्मी की छुट्टियां के अवकाश की घोषणा की है। पंजाब और हरियाणा भी तप रहे हैं। यहां तापमान 40 डिग्री के पार चला गया है।

बारिश 

इन राज्यों में बारिश का अनुमान 

मौसम विभाग ने कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु, मणिपुर समेत 12 राज्यो में आज बारिश की संभावना जताई है। आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्सों में गरज के साथ बारिश होने का पूर्वानुमान है। अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 27 अप्रैल तक भारी बारिश का अलर्ट है, जबकि असम और मेघालय में आंधी-तूफान की आशंका है। उत्तराखंड के कुछ जिलों में आज हल्की बारिश की आशंका जताई है, जबकि हिमाचल प्रदेश में मौसम साफ रहेगा।

अलर्ट

दिल्ली में लू का अलर्ट

पहाड़ों पर हुई बर्फबारी और बारिश के चलते हवा की दिशा दक्षिण-पूर्व से उत्तर-पश्चिमी होने दिल्ली में मंगलवार को गर्मी से मामूली राहत मिली। अधिकतम तापमान 39.9 डिग्री और न्यूनतम 20.9 डिग्री दर्ज किया गया। आज मौसम साफ रहने के साथ गर्मी में इजाफा होने का अनुमान है। साथ ही 10-20 किमी/घंटा की रफ्तार से हवा चलेगी। अगले 3 दिनों के लिए लू का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान तापमान 43 डिग्री तक पहुंचने के आसार हैं।