Page Loader
किसानों के 'दिल्ली कूच' के बीच कृषि मंत्री बोले- हर फसल MSP पर खरीदेगी सरकार
MSP पर कृषि मंत्री ने बड़ा ऐलान किया है

किसानों के 'दिल्ली कूच' के बीच कृषि मंत्री बोले- हर फसल MSP पर खरीदेगी सरकार

लेखन आबिद खान
Dec 06, 2024
06:20 pm

क्या है खबर?

किसानों के 'दिल्ली कूच' आंदोलन के बीच केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार सभी फसलों को न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर खरीदेगी। चौहान ने राज्यसभा में प्रश्नकाल के दौरान किसानों की MSP के मुद्दे पर सवालों का जवाब देते हुए ये बात कही। उन्होंने भरोसा दिलाते हुए कहा कि यह मोदी सरकार है और यह मोदी जी की गारंटी है।

बयान

क्या बोले कृषि मंत्री?

चौहान ने कहा, "मैं आप लोगों को आश्वासन देता हूं कि किसानों की सारी उपज MSP पर खरीदी जाएगी। यह मोदी सरकार है और यह मोदी की गारंटी को पूरी करने की गारंटी है। जब मेरे विपक्ष के दोस्त सत्ता में थे, तब उन्होंने कहा था कि वे स्वामीनाथन आयोग की सिफारिशों को स्वीकार नहीं करेंगे। खासकर उपज की लागत पर 50 फीसदी ज्यादा देने की बात पर। पहले की सरकार ने कभी किसानों का सम्मान नहीं किया।"

MSP

चौहान ने कहा- MSP के साथ फसल भी खरीदेंगे

चौहान ने कहा, "2019 से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किसानों को उत्पादन लागत पर 50 फीसदी लाभ देकर MSP की गणना करने का फैसला किया है। 3 साल पहले से ही सरकार धान, गेहूं, ज्वार और सोयाबीन को उत्पादन लागत से 50 फीसदी अधिक मूल्य पर खरीद रही है। हम MSP 50 प्रतिशत से अधिक लाभ पर तय करेंगे और उपज भी खरीदेंगे। जब कीमतों में गिरावट आई तो सरकार ने निर्यात शुल्क और मूल्य में बदलाव कर राहत दी।"

कर्ज माफी

किसानों की कर्ज माफी पर क्या बोले चौहान?

किसानों की कर्ज माफी पर चौहान ने कहा, "हम किसानों की आय बढ़ाने में विश्वास करते हैं। सरकार इस दिशा में लगातार काम कर रही है। हम उत्पादन बढ़ाएंगे, लागत कम करेंगे, उपज के लिए लाभकारी मूल्य प्रदान करेंगे, नुकसान की स्थिति में मुआवजा देंगे, विविधता लाएंगे, प्राकृतिक खेती की ओर रुख करेंगे और सुनिश्चित करेंगे कि किसानों की आय इतनी बढ़ जाए कि उन्हें संकट में न रहना पड़े।"

किसान आंदोलन

किसान आंदोलन के बीच चौहान ने किया ऐलान

चौहान ने ये घोषणा ऐसे वक्त की है, जब हरियाणा और पंजाब के किसान MSP समेत कई मांगों को लेकर दिल्ली कूच का ऐलान कर चुके हैं। आज किसानों को शंभू बॉर्डर पर पुलिस ने रोक दिया, जिसके बाद उन्होंने कूच स्थगित कर दिया है। किसानों ने 7 दिसंबर को कृषि मंत्री से मिलकर चर्चा करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि 8 दिसंबर को फिर से दिल्ली कूच शुरू किया जाएगा।

प्लस

क्या होती है MSP?

सरकार किसान की फसल के लिए एक न्यूनतम मूल्य निर्धारित करती है, जिसे MSP कहा जाता है। यह एक तरह से सरकार की तरफ से गारंटी होती है कि हर हाल में किसान को उसकी फसल के लिए तय दाम मिलेंगे। अगर मंडियों में किसान को MSP या उससे ज्यादा पैसे नहीं मिलते तो सरकार किसानों से उनकी फसल MSP पर खरीद लेती है। इससे बाजार में फसलों की कीमतों में होने वाले उतार-चढ़ाव का किसानों पर असर नहीं पड़ता।