Page Loader
किसानों का दिल्ली मार्च स्थगित, आंसू गैस के गोलों से 5-6 लोग घायल; जानें अगली रणनीति
किसानों का दिल्ली मार्च शुरू हो गया है

किसानों का दिल्ली मार्च स्थगित, आंसू गैस के गोलों से 5-6 लोग घायल; जानें अगली रणनीति

लेखन आबिद खान
Dec 06, 2024
05:10 pm

क्या है खबर?

पंजाब-हरियाणा सीमा पर पिछले 9 महीने से बैठे किसान एक बार फिर दिल्ली कूच करने जा रहे हैं। इस बार किसानों ने बिना ट्रैक्टर-ट्रॉली के पैदल ही दिल्ली कूच करने का फैसला लिया था। इसके लिए 101 किसानों का पहला जत्था दिल्ली की ओर बढ़ रहा था, जिसे पुलिस ने शंभू बॉर्डर पर रोक दिया। हालांकि, पुलिस की सख्ती और कुछ किसानों के घायल होने के बाद किसानों ने कूच फिलहाल के लिए स्थगित कर दिया है।

अगला कदम

8 दिसंबर को फिर शुरू होगा मार्च

मार्च स्थगित करने के बाद शंभू बॉर्डर पर किसानों ने अगली रणनीति को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान पंधेर ने कहा, "पहले केंद्र और राज्य के मंत्री बोलते थे कि किसान ट्रैक्टर पर आते हैं, लेकिन आज तो हम पैदल जा रहे थे। हम बातचीत के लिए तैयार हैं, पहले भी तैयार थे। हम केंद्र के कृषि मंत्री से बातचीत करना चाहते हैं। कल यानी शनिवार को का जत्था नहीं जाएगा। अब किसान रविवार को कूच करेंगे।"

आगे की रणनीति

पंधेर बोले- सरकार दुश्मनों जैसा व्यव्हार कर रही

किसान नेता सरवण सिंह पंधेर ने कहा, "सरकार हमारे साथ दुश्मनों जैसा व्यापार कर रही है। आंसू के गोले छोड़े जा रहे हैं। 5 से 6 किसान घायल हुए हैं, उनको अस्पताल भेजा गया है। किसानों के पैदल जत्थे को वापस आने को कहा गया है। एक घंटे बाद किसान यूनियनें बैठक करेंगी और पैदल मार्च के भविष्य की रणनीति तय करने के लिए प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाएंगी।"

आंसू गैस

पुलिस ने आंसू गैस के गोले दागे

शंभू बॉर्डर पर किसानों को रोकने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले दागे हैं। यहां किसानों ने बैरिकेड और कंटीले तार उखाड़ दिए, जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई की है। आंसू गैस से एक किसान की तबीयत भी बिगड़ गई है। हरियाणा पुलिस ने किसानों को चेतावनी देते हुए कहा कि आगे बढ़ने या जाली उखाड़ने की कोशिश करने पर कार्रवाई की जाएगी। यहां कई किसानों को हिरासत में लिए जाने की खबर है।

ट्विटर पोस्ट

किसानों ने कंटीले तार हटाए

पुलिस

अंबाला के 11 गांवों में इंटरनेट बंद

अंबाला के 11 गांवों में इंटरनेट बंद किया गया है। आदेश के मुताबिक, अंबाला के डांगदेहरी, लोहगढ़, मानकपुर, डडियाना, हरी घेल, लहारसा, कालू माजरा, देवी नगर, सद्दोपुर, सुल्तानपुर और काकड़ा में इंटरनेट बंद रहेगा। हरियाणा के मंत्री अनिल विज ने कहा, "क्या किसानों ने अनुमति ली है? बिना अनुमति के उन्हें दिल्ली कैसे जाने दिया जा सकता है। आप वहां एक कार्यक्रम के लिए जा रहे हैं और आपको मंजूरी लेनी होगी।"

सुरक्षा

शंभू बॉर्डर पर सुरक्षा के क्या इंतजाम?

शंभू बॉर्डर पर पुलिस ने तीन स्तरीय बैरिकेडिंग की है और सीमेंट की पक्की दीवार बना रखी है। किसानों को रोकने के लिए कंटीले तार भी बिछाए हैं। यहां पुलिस और पैरा मिलिट्री फोर्स के करीब एक हजार जवान तैनात हैं। वज्र वाहन और एंबुलेंस भी मौजूद हैं। पुलिस ड्रोन से निगरानी रख रही है। किसानों को रोकने के लिए जमीन पर लोहे की कीलें लगाई गई हैं, ताकि वाहन आगे न जा सकें।

मांगें

क्या हैं किसानों की मांगें?

किसान सभी फसलों पर न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) की कानूनी गारंटी की मांग कर रहे हैं। स्वामीनाथन आयोग के हिसाब से फसलों की कीमत तय हो। कर्ज माफी हो, किसानों को पेंशन मिले और खाद की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। लखीमपुर खीरी मामले के दोषियों को सजा मिले। पिछले किसान आंदोलन के दौरान मारे गए किसानों के परिवारों को मुआवजा और सराकरी नौकरी मिले और किसानों के खिलाफ मुकदमे वापस हों।