Page Loader
अब तक कोरोना वैक्सीन नहीं लगवा पाए स्वास्थ्यकर्मियों और फ्रंटलाइन कर्मचारियों को मिलेगा दूसरा मौका

अब तक कोरोना वैक्सीन नहीं लगवा पाए स्वास्थ्यकर्मियों और फ्रंटलाइन कर्मचारियों को मिलेगा दूसरा मौका

Feb 10, 2021
01:31 pm

क्या है खबर?

देश में कोरोना वायरस से बचाव के लिए अब तक 60 लाख से अधिक लोगों को वैक्सीन की पहली खुराक लगाई जा चुकी है। भले ही यह संख्या बड़ी दिख रही है, लेकिन यह निर्धारित लक्ष्य से कम है। कई स्वास्थ्य और फ्रंटलाइन कर्मियों ने वैक्सीन को लेकर हिचकिचाहट या दूसरे कारणों की वजह से अब तक खुराक नहीं लगवाई है। ऐसे लोगों को सरकार वैक्सीन लगवाने के लिए एक और मौका देने जा रही है।

वैक्सीनेशन अभियान

भारत में 16 जनवरी से शुरू हुआ था वैक्सीनेशन अभियान

भारत में 16 जनवरी से सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (SII) की 'कोविशील्ड' और भारत बायोटक की 'कोवैक्सिन' के साथ वैक्सीनेशन अभियान की शुरुआत की थी। शुरुआती दौर में सरकार ने जुलाई तक एक करोड़ स्वास्थ्यकर्मियों, दो करोड़ फ्रंटलाइन कर्मचारियों, 50 साल से अधिक उम्र के लोगों और दूसरी बीमारी के मरीजों समेत कुल 30 करोड़ लोगों को वैक्सीन लगाने का लक्ष्य रखा है। फिलहाल स्वास्थ्यकर्मियों और फ्रंटलाइन कर्मचारियों को वैक्सीन लगाई जा रही है।

कोरोना वैक्सीनेशन

राज्यों को वैक्सीनेशन अभियान तेज करने की सलाह

इंडिया टुडे के अनुसार, केंद्र सरकार ने वैक्सीनेशन के लक्ष्य को पूरा करने के लिए सभी राज्यों और केंद्र शासित को पत्र लिखकर प्राथमिकता समूह में शामिल लोगों और अब तक खुराक न लगवाने वाले स्वास्थ्यकर्मियों को वैक्सीन लगाने का काम तेजी से पूरा करने को कहा है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को 20 फरवरी तक अपने सभी स्वास्थ्यकर्मियों को वैक्सीन की पहली खुराक लगाने की सलाह दी है।

वैक्सीनेशन अभियान

स्वास्थ्यकर्मियों के पास वैक्सीन लगवाने के लिए 24 फरवरी तक का मौका

जो स्वास्थ्यकर्मी 20 फरवरी तक वैक्सीन लगवाने से रह जाते हैं या लगवा नहीं पाते हैं, उन्हें 24 फरवरी तक एक और मौका दिया जाएगा। 24 फरवरी स्वास्थ्यकर्मियों को वैक्सीन की पहली खुराक देने का आखिरी दिन होगा। इसी तरह फ्रंटलाइन कर्मियों को भी 1 मार्च तक वैक्सीन की पहली खुराक दे दी जाएगी। अगर इस दौरान कोई फ्रंटलाइन कर्मी वैक्सीन नहीं लगवा पाता तो उनके पास 6 मार्च तक का समय होगा।

जानकारी

राज्य दे सकते हैं एक से अधिक मौके

हालांकि, केंद्र की तरफ से राज्यों को कहा गया है कि वो प्राथमिकता समूह में शामिल लोगों को वैक्सीन लगवाने के लिए एक से अधिक मौके भी दे सकते हैं। यानी राज्य अपनी मर्जी से वैक्सीनेशन सेशन की योजना बना सकते हैं।

वैक्सीनेशन अभियान

अगले महीने से शुरू होगा वैक्सीनेशन का तीसरा चरण

देश में अगले महीने से प्राथमिकता समूह में शामिल 50 साल और उससे अधिक उम्र के लोगों को कोरोना वायरस वैक्सीन लगनी शुरू हो जाएगी। केंद्रीय मंत्री हर्षवर्धन ने लोकसभा में यह जानकारी दी थी। उन्होंने कहा था कि मार्च के किसी भी सप्ताह में 50 साल से अधिक उम्र के लोगों को वैक्सीन लगाने का काम शुरू कर दिया जाएगा। हर्षवर्धन ने कहा था कि इसकी तारीख तय नहीं है, लेकिन मार्च में तीसरा चरण शुरू हो जाएगा।

डाटा

अब तक कितने लोगों को लगाई गई वैक्सीन?

देश में अब तक 66,11,561 लोगों को कोरोना वैक्सीन की पहली खुराक लगाई जा चुकी है। मंगलवार को 3,52,553 लोगों को वैक्सीन लगाई गई थी। अभी स्वास्थ्यकर्मियों और फ्रंटलाइन कर्मचारियों को वैक्सीन लगाई जा रही है।

कोरोना वायरस

देश में महामारी की क्या स्थिति?

भारत में कुछ हफ्तों से संक्रमण की रफ्तार पर लगाम लगी हुई है। देश में बीते दिन कोरोना के 11,067 नए मामले सामने आए और 94 मरीजों ने इसकी वजह से दम तोड़ा। इसी के साथ देश में कुल संक्रमितों की संख्या 1,08,58,371 हो गई है। इनमें से 1,55,252 लोगों को इस खतरनाक वायरस के कारण अपनी जान गंवानी पड़ी है। अमेरिका के बाद भारत कोरोना महामारी दूसरा सर्वाधिक प्रभावित देश बना हुआ है।