कोरोना वायरस: देश में बीते दिन मिले 11,713 नए मरीज, अब तक हुए 20 करोड़ टेस्ट
क्या है खबर?
भारत में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस से संक्रमण के 11,713 नए मामले सामने आए और 95 मरीजों ने इसकी वजह से दम तोड़ा।
इसी के साथ देश में कुल संक्रमितों की संख्या 1,08,14,304 हो गई है। इनमें से 1,54,918 लोगों को इस खतरनाक वायरस के कारण अपनी जान गंवानी पड़ी है।
सक्रिय मामलों की संख्या घटकर 1,48,590 हो गई है। सितंबर में महामारी के चरम पर यह संख्या 10 लाख से ज्यादा थी।
रिकवरी रेट और टेस्टिंग
अब तक किए गए 20 करोड़ कोरोना वायरस टेस्ट
कोरोना वायरस के संक्रमण को हराकर ठीक होने वालों की बात करें तो पिछले 24 घंटे में देशभर में 14,488 मरीज ठीक हुए।
इसी के साथ महामारी को हराकर ठीक होने वाले मरीजों की कुल संख्या 1,05,10,796 हो गई है। देश की रिकवरी रेट 97.19 प्रतिशत हो गई है।
इसके अलावा पिछले 24 घंटे में देशभर में 7,40,794 टेस्ट किए गए। महामारी की शुरूआत से अब तक देश में लगभग 20.06 करोड़ कोरोना वायरस टेस्ट किए जा चुके हैं।
कोरोना वायरस
ये हैं चार सर्वाधिक प्रभावित राज्य
अगर देश के चार सर्वाधिक प्रभावित राज्यों पर नजर डालें तो महाराष्ट्र में अब तक 20,38,630 लोगों को संक्रमित पाया जा चुका है और 51,255 लोगों की मौत हुई है।
दूसरे सर्वाधिक प्रभावित राज्य केरल में अब तक 9,56,421 लोगों को संक्रमित पाया गया है और 3,832 मौतें हुई हैं।
9,41,500 मामलों और 12,230 मौतों के साथ कर्नाटक और 8,88,275 मामलों और 7,158 मौतों के साथ आंध्र प्रदेश अगले दो सबसे अधिक प्रभावित राज्य हैं।
नए मामले और मौतें
कैसे हैं सर्वाधिक प्रभावित राज्यों के हालात?
नए मामलों की बात करें तो महाराष्ट्र में बीते दिन 2,628 लोगों को संक्रमित पाया गया, वहीं 40 मरीजों की मौत हुई। राज्य में स्थिति नियंत्रण में है।
केरल में बीते दिन 5,610 लोगों को संक्रमित पाया गया और 19 मरीजों की मौत हुई।
इसी तरह आंध्र प्रदेश में 97 नए मामले सामने आए और एक मरीज की मौत हुई, वहीं कर्नाटक में 430 मामले सामने आए और तीन लोगों की मौत हुई।
डाटा
अब तक 54.16 लाख लोगों को लगाई गई वैक्सीन
वैक्सीनेशन अभियान की बात करें तो देश में अब तक 54,16,849 लाख लोगों को कोरोना वैक्सीन की पहली खुराक लगाई जा चुकी है। शु्क्रवार को 4,57,404 लोगों को वैक्सीन लगाई गई। अभी स्वास्थ्यकर्मियों और फ्रंटलाइन कर्मचारियों को वैक्सीन लगाई जा रही है।
वैश्विक स्थिति
दुनियाभर में 10.53 करोड़ लोग संक्रमित
जॉन्स हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी के मुताबिक, दुनियाभर में अब तक लगभग 10.53 करोड़ लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हो चुके हैं, वहीं 22.97 लाख की मौत हुई है।
सर्वाधिक प्रभावित अमेरिका में 2.68 करोड़ लोग संक्रमित हो चुके हैं और 4.59 लाख लोगों की मौत हुई है। संक्रमितों की संख्या के मामले में केवल अमेरिका भारत से आगे है।
तीसरे नंबर पर काबिज ब्राजील में 94.47 लाख संक्रमितों में से लगभग 2.30 लाख से अधिक मरीजों की मौत हुई है।