Page Loader
केंद्र सरकार ने जारी की शीर्ष 10 थानों की सूची, पहले पायदान पर मणिपुर का थाना

केंद्र सरकार ने जारी की शीर्ष 10 थानों की सूची, पहले पायदान पर मणिपुर का थाना

Dec 03, 2020
04:00 pm

क्या है खबर?

सरकार ने देश के विभिन्न राज्यों की पुलिस की ओर से किए गए कार्यों के आधार पर तैयार की साल 2020 के शीर्ष 10 थानों की सूची को गुरुवार को जारी कर दिया गया है। इसमें मणिपुर के नोंगपोक सेमकई पुलिस थाने ने पहले पायदान पर कब्जा जमाया है। वहीं तेलंगाना के जम्मीकुंटा टाउन थाने ने 10वां स्थान हासिल किया है। चौंकाने वाली बात यह है कि सूची में राजधानी दिल्ली का एक भी थाना नहीं है।

सूची

ये है देश की शीर्ष 10 पुलिस स्टेशन

1. नोंगपोक सेकमई (थौबल, मणिपुर) 2. AWPS- सुरमंगलम (सेलम, तमिलनाडु) 3. खरसांग (चांगलांग, अरुणाचल प्रदेश) 4. झिलमिल भैया थाना (सूरजापुर, छत्तीसगढ़) 5. संगुएम (दक्षिण गोवा, गोवा) 6. कालीघाट (उत्तर और मध्य अंडमान, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह) 7. पॉकयोंग (पूर्वी जिला, सिक्किम) 8. कंठ (मुरादाबाद, उत्तर प्रदेश) 9. खानवेल (दादरा और नगर हवेली) 10. जम्मीकुंटा टाउन (करीमनगर, तेलंगाना)

शुरुआत

साल 2015 से हुई थी पुलिस थानों की ग्रेडिंग की शुरुआत

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने 2015 में गुजरात के कच्‍छ में DGP सम्‍मेलन को सम्‍बोधित करते हुए निर्देश दिया था कि थानों की ग्रेडिंग के लिए प्राप्‍त जानकारी के आधार पर उनके कार्य प्रदर्शन के मूल्‍यांकन के लिए मानक निर्धारित किए जाने चाहिए। उसके बाद केंद्रीय गृह मंत्रालय ने मानक निर्धारित करते हुए थानों की ग्रेडिंग की प्रकिया शुरू की गई। उसके बाद से थानों ने ग्रेडिंग हासिल करने के लिए और बेहतर तरीके से कार्य करना शुरू कर दिया।

बयान

कोरोना महामारी के चुनौतीपूर्ण समय के कार्य को देखते हुए तैयार की सूची

गृह मंत्रालय ने कहा कि इस वर्ष की सूची कोरोना वायरस महामारी के चुनौतीपूर्ण समय में पुलिस द्वारा किए गए कार्यों को ध्यान में रखते हुए भी तैयार की गई है। गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि देश के हजारों पुलिस स्टेशनों में से जो पुलिस स्टेशन मापदंडों के अनुसार चुने गए थे, उनमें से अधिकांश छोटे शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों से थे। चुने गए शीर्ष 10 थानों में अन्य सभी थानों की तुलना में बेहतरीन कार्य किया है।

प्रक्रिया

16,671 पुलिस थानों में से तैयार की गई शीर्ष 10 थानों की सूची

गृह मंत्रालय के अनुसार पहले चरण में देश के 16,671 पुलिस थानों में से डाटा विश्लेषण, सीधी परख और सार्वजनिक तौर पर लोगों से मिली जानकारी के माध्यम से रैंकिंग प्रक्रिया के तहत प्रत्येक राज्य में श्रेष्ठ कार्य प्रदर्शन करने वाले थानों की संक्षिप्त सूची तैयार की गई। इसके लिए सम्पत्ति अपराध, महिलाओं के विरूद्ध अपराध और कमजोर वर्गों के विरूद्ध अपराधों के समाधान को आधार बनाया गया था। उसके बाद शीर्ष 10 थानों का चयन किया गया।

चयन

750 पुलिस थानों को किया गया शॉर्टलिस्ट

गृह मंत्रालय के अनुसार पहले चरण की प्रक्रिया के बाद कुल 750 पुलिस थानों को शॉर्टलिस्ट किया गया था। इनमें सभी राज्यों और दिल्ली से दो थानों को शामिल किया गया और केंद्रशासित प्रदेशों से एक थानों को। इसके बाद रैंकिंग प्रक्रिया के अगले चरण के लिए उनमें से 75 थानों को चुना गया। अंतिम चरण में 19 मापदंडों की पहचान की गई। इसके अलावा थानों की आधारभूत संरचना, पुलिसकर्मियों के संपर्क और जनता के फीडबैक लिया गया।

जानकारी

4,065 लोगों का फीडबैक लेने के बाद तैयार हुई शीर्ष 10 थानों की सूची

गृह मंत्रालय ने बताया कि प्रत्येक स्थान से लगभग 55 लोगों को शामिल करके 4,065 लोगों से फीडबैक लिया गया। थानों और वहां के पुलिसकर्मियों के व्यहार पर लोगों की ओर से मिले फीडबैक के आधार पर शीर्ष 10 थानों का चयन किया गया है।