अगर प्रकृति से प्रेम है तो पूर्वोत्तर भारत की इन जगहों पर जाएँ घूमने

भारत में वैसे तो घूमने-फिरने की कई बेहतरीन जगहें हैं, लेकिन जब प्राकृतिक नज़ारों की बात आती है, तो सबसे पहले पूर्वोत्तर भारत का नाम आता है। यह क्षेत्र पर्यटन की दृष्टि से काफ़ी उन्नत माना जाता है। यहाँ के प्राकृतिक नज़ारे और संस्कृति, पर्यटकों को अपनी तरफ़ आकर्षित करती है। पूर्वोत्तर भारत के सातों राज्य अपने प्राकृतिक ख़ज़ाने के लिए पूरी दुनिया में जाने जाते हैं। घूमने के लिए ज़रूर जाएँ यहाँ की इन जगहों पर।
असम राज्य का काज़ीरंगा नेशनल पार्क पर्यटकों के बीच बहुत ज़्यादा लोकप्रिय है। यह नेशनल पार्क एक सिंग वाले गैंडो के लिए पूरी दुनिया में मशहूर है। एक आँकड़े के अनुसार यहाँ लगभग 2,400 गैंडे रहते हैं। काज़ीरंगा गोलाघाट और नागांव जिले की सीमा में आता है। यहाँ पर आप सफ़ारी का आनंद ले सकते हैं। यहाँ कई तरह के जंगली जानवर और पक्षियों की प्रजातियाँ भी देखने को मिलती हैं। इस गर्मी यहाँ ज़रूर जाएँ।
असम के ब्रह्मपुत्र नदी पर बसा हुआ माजुली द्वीप, दुनिया का सबसे बड़ा नदी द्वीप है। यह लगभग 875 वर्ग किमी में फैला हुआ है। अपनी इसी ख़ूबी की वजह से इसका नाम गिनीज़ बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में भी शामिल हो चुका है। यहाँ आप असम की लोक कला और संस्कृति को भी क़रीब से देख सकते हैं। प्रकृति प्रेमियों के लिए यह जगह किसी जन्नत से कम नहीं है। यह पूरी जगह घूमने के लिए बेहतरीन है।
मेघालय के मासिनराम के बाद चेरापूंजी भारत में सबसे ज़्यादा बारिश वाला स्थान माना जाता है। इसे बारिश की राजधानी के नाम से भी जाना जाता है। शिलांग से चेरापूंजी केवल 60 किमी की दूरी पर स्थित है। बारिश के समय यहाँ पूरी दुनिया से पर्यटक घूमने के लिए आते हैं। वर्षा ऋतु में यहाँ का नज़ारा देखने लायक होता है। इसके अलावा यहाँ घूमने के लिए कई प्राचीन गुफाएँ भी हैं, जो आपको रोमांचित कर सकती हैं।
अगर आपको भी प्राकृतिक नज़ारे अपनी तरफ़ आकर्षित करते हैं, तो सिक्किम की राजधानी गंगटोक, गर्मियों में घूमने के लिए सबसे सही जगह है। यहाँ से आप हिमालय की ऊँची चोटियों का भी आनंद ले सकते हैं। यहाँ के प्राचीन मठ, मंदिर और महल आपको अपना दीवाना बना लेंगे। यहाँ आप सोमगो झील, रुमटेक मठ, इनहेंची मठ, टाशिलिंग, पोलींग, सुक-ला-खंग, गणेश टोक और डीयर पार्क जैसी जगहों पर घूम सकते हैं।
अगर घने जंगल आपको रोमांचित करते हैं, तो मणिपुर का बिशनुपुर गर्मियों में घूमने के लिए आपके लिए सबसे सही जगह है। आप यहाँ घने जंगल और विशाल घास के मैदान का आनंद ले सकते हैं। यह जगह मंदिरों और प्राचीन अवशेषों की वजह से पवित्र माना जाता है। आप यहाँ रस्मांचा, जोरेबंगला मंदिर, पंच रत्ना मंदिर, दल मडोल, सुसुनिया पहाहार, श्यामराई मंदिर, सिद्धेश्वर मंदिर के साथ केबुल लामजाओ नेशनल पार्क घूम सकते हैं।