किसान मार्च: दिल्ली पुलिस ने जारी की ट्रैफिक एडवाइजरी, जानें कौन से रास्तों से बचें
क्या है खबर?
केंद्र सरकार का प्रस्ताव खारिज करने के बाद आज आंदोलित किसान दिल्ली की तरफ कूच कर रहे हैं। पंजाब-हरियाणा के शंभू बॉर्डर से लगभग 14,000 किसान 'दिल्ली मार्च' कर रहे हैं।
ऐसे में दिल्ली पुलिस ने किसान मार्च के मद्देनजर एक ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। इसमें यात्रियों को मध्य दिल्ली के कुछ व्यस्त हिस्सों से यात्रा करने से बचने और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने को कहा गया है।
एडवाइजरी
दिल्ली पुलिस ने एक्स पर साझा की एडवाइजरी
दिल्ली पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बुधवार सुबह ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की।
इसमें कहा गया है कि 21 फरवरी को किसानों के दिल्ली मार्च के मद्देनजर किए विशेष यातायात प्रबंधों के कारण इंद्रप्रस्थ फ्लाईओवर से A-प्वाइंट और इसके विपरीत ITO चौक, दीनदयाल उपाध्याय मार्ग, BSZ मार्ग, जवाहरलाल नेहरू मार्ग, शांति वन क्रॉसिंग और राजघाट क्रॉसिंग पर सुबह 9:30 बजे से रात के 11:30 बजे तक यात्रा करने से बचें।
पुलिस व्यवस्था
दिल्ली से लगे सभी बॉर्डर सील- दिल्ली पुलिस
दिल्ली पुलिस के अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बुधवार को राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) के तीनों बॉर्डर पर ट्रैफिक जाम मिलने की संभावना है क्योंकि मुख्य सड़कों को बंद किया गया है।
प्रदर्शकारी किसानों को दिल्ली में प्रवेश करने से रोकने के लिए दिल्ली-हरियाणा बॉर्डर के टिकरी और सिंघु बॉर्डर पर पुलिसकर्मियों की भारी तैनाती है।
इन दोनों बॉर्डर को कंक्रीट बैरिकेड और लोहे की कीलों की कई परतों से सील किया गया है।
ग्रेटर नोएडा
ग्रेटर नोएडा में भी यातायात हो सकता है प्रभावित
दिल्ली पुलिस के अनुसार, बुधवार को गाजीपुर बॉर्डर और ग्रेटर नोएडा में भी यातायात प्रभावित हो सकता है।
यहां नॉलेज पार्क मेट्रो स्टेशन पर इकट्ठा होकर किसानों की मार्च निकालने की योजना है, जो इंडिया एक्सपो मार्ट से सूरजपुर में कलक्ट्रेट पर समाप्त होगा।
इस स्थिति में यातायात सुचारू करने के लिए गलगोटिया कट, परी चौक, एलजी गोलचक्कर, मोजर बियर गोलचक्कर, दुर्गा टॉकीज गोलचक्कर और सूरजपुर चौक से ट्रैफिक डायवर्ट किया जा सकता है।
हेल्पलाइन
आपातकालीन वाहनों को दी जाएगी अनुमति- दिल्ली पुलिस
दिल्ली पुलिस ने एडवाजरी में कहा है कि यातायात परिवर्तन के दौरान आपातकालीन वाहनों को सुरक्षित रूप से इन मार्गों से गुजरने की अनुमति दी जाएगी और अन्य यात्री किसी भी असुविधा से बचने के लिए वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें।
इसमें आगे कहा गया है कि यातायात एडवाइजरी का उल्लंघन करने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यात्री किसी भी यातायात असुविधा से बचने के लिए हेल्पलाइन नंबर 9971009001 पर संपर्क कर सकते हैं।