Page Loader
भारत सरकार ने दी थी ट्विटर बंद करने की धमकी- जैक डॉर्सी; सरकार ने किया खंडन 
ट्विटर के पूर्व CEO जैक डॉर्सी ने भारत सरकार पर लगाए गंभीर आरोप

भारत सरकार ने दी थी ट्विटर बंद करने की धमकी- जैक डॉर्सी; सरकार ने किया खंडन 

लेखन नवीन
Jun 13, 2023
11:06 am

क्या है खबर?

ट्विटर के सह-संस्थापक और पूर्व मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) जैक डॉर्सी ने भारत सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने दावा किया कि भारत सरकार ने किसान आंदोलन के दौरान उन्हें कई ट्वीट्स हटाने को कहा था और ऐसा न करने पर ट्विटर को बंद करने की धमकी दी थी। भारत सरकार ने इन आरोपों का खंडन करते हुए कहा है कि किसान आंदोलन के दौरान ट्विटर पर कोई दबाव नहीं डाला गया था।

मामला

जैक डॉर्सी ने क्या कहा?

सोमवार को ट्विटर के पूर्व CEO डॉर्सी ने एक यूट्यूब चैनल को दिये साक्षात्कार में कहा कि भारत सरकार ने किसान आंदोलन के दौरान ट्विटर को धमकाया था। उन्होंने दावा किया कि आंदोलन के दौरान उनसे कई ऐसे भारतीय पत्रकारों के अकाउंट बंद करने के लिए कहा गया था, जो सरकार के आलोचक थे। उन्होंने कहा कि ऐसा न करने पर सरकार ने उन्हें ट्विटर को भारत में बंद करने और उसके कर्मचारियों पर छापा मारने की धमकी दी थी।

डॉर्सी

डॉर्सी ने और क्या कहा?

डॉर्सी ने कहा कि किसान आंदोलन के वक्त भारत सरकार से उन्हें कई अकाउंट्स को बंद करने के अनुरोध मिले थे। उन्होंने भारत की तुलना तुर्की और नाइजीरिया की सरकारों से करते हुए कहा कि वहां भी ऐसी ही दिक्कतें आईं और इन देशों ने भी ट्विटर बंद करने की धमकी दी थी। उन्होंने कहा कि सरकार और ट्विटर के बीच ऐसी लड़ाई चलती रहती हैं। डॉर्सी ने 2021 में ट्विटर के CEO का पद छोड़ दिया था।

जवाब

डॉर्सी के आरोपों पर सरकार ने क्या कहा?

भारत सरकार पर लगाए आरोपों को लेकर केंद्रीय मंत्री राजीव चंद्रशेखर ने जवाब दिया है। उन्होंने ट्विटर पर लिखा, 'यह जैक डॉर्सी का एक झूठ है। शायद ट्विटर के इतिहास के उस बहुत ही संदिग्ध दौर को मिटाने का प्रयास है। डॉर्सी और उनकी टीम वास्तव में 2020 से 2022 तक बार-बार कानून का उल्लंघन कर रही थी। जून, 2022 में उन्होंने अंततः कानूनों का अनुपालन किया। कोई भी जेल नहीं गया और न ही ट्विटर बंद हुआ।'

बयान

केंद्रीय मंत्री बोले- सरकार ने की गलत सूचनाओं को फैलने से रोकने की कोशिश

केंद्रीय मंत्री चंद्रशेखर ने आगे लिखा, 'किसान आंदोलन के दौरान जनवरी, 2021 में बहुत गलत सूचनाएं फैल रही थीं। यहां तक कि नरसंहार की फर्जी खबर भी ट्विटर पर फैलने लगी। भारत सरकार केवल उन गलत सूचनाओं को रोकने की कोशिश कर रही थी, लेकिन उस वक्त ट्विटर ने अपने प्लेटफॉर्म से गलत जानकारियां हटाने से मना कर दिया था। सरकार ने केवल ट्विटर से भारतीय कानूनों का पालन करने के लिए कहा था।'

किसान आंदोलन

किसान आंदोलन के दौरान कई अकाउंट्स पर लगाया गया था प्रतिबंध

अगस्त, 2020 से नवंबर, 2021 तक भारत सरकार के 3 नए कृषि कानूनों के खिलाफ देश में बड़ा आंदोलन हुआ था। इसमें लाखों किसान एक साल तक दिल्ली की सीमाओं पर डटे रहे थे। इस बीच फरवरी, 2021 में ट्विटर ने भारत सरकार की मांग पर किसान आंदोलन का समर्थन करने वाले कई अहम अकाउंट्स पर प्रतिबंध लगा दिया था। इनमें किसान नेताओं और संगठनों के अधिकारिक अकाउंट्स के साथ-साथ पत्रकारों और सामाजिक कार्यकर्ताओं के अकाउंट भी शामिल थे।