Page Loader
ओडिशा: कटक प्रशासन की स्वास्थ्यकर्मियों को चेतावनी- वैक्सीन न लगवाने पर नहीं मिलेगा वेतन

ओडिशा: कटक प्रशासन की स्वास्थ्यकर्मियों को चेतावनी- वैक्सीन न लगवाने पर नहीं मिलेगा वेतन

Feb 06, 2021
12:21 pm

क्या है खबर?

ओडिशा के कटक जिला प्रशासन ने शुक्रवार को उन स्वास्थ्यकर्मियों और आंगनवाड़ी कर्मचारियों का वेतन रोकने का आदेश जारी किया है, जो कोरोना वैक्सीन नहीं लगवा रहे हैं। प्रशासन ने 10 फरवरी तक वैक्सीन लगवाने के लिए न आने वाले कर्मचारियों को वेतन न देने आदेश दिया है। कटक के जिलाधिकारी ने निगम आयुक्त, जिला मेडिकल और जनस्वास्थ्य अधिकारी, सामाजिक कल्याण अधिकारी और दूसरों को पत्र लिखकर वैक्सीन न लगवाने वाले कर्मियों का वेतन रोकने को कहा है।

आदेश

आदेश में क्या कहा गया है?

जिलाधिकारी भवानी शंकर चयानी की तरफ से लिखे पत्र में कहा गया है कि कटक राज्य के उन जिलों में शामिल हैं, जहां वैक्सीन लगवाने वाले कर्मचारियों की संख्या सबसे कम है। यह एक शर्म का विषय है। बता दें कि अभी तक कटक में लक्ष्य के सिर्फ 53.9 फीसदी कर्मचारियों को वैक्सीन लगाई गई है, जो ओडिशा में सबसे कम है। हालांकि, वैक्सीन लगवाना अनिवार्य न होने के बावजूद ऐसा आदेश नया विवाद खड़ा कर सकता है।

जानकारी

कटक में अभी तक लगभग 16,000 स्वास्थ्यकर्मियों ने ली वैक्सीन

TOI के अनुसार, कटक में 29,624 स्वास्थ्यकर्मियों ने वैक्सीन लगवाने के लिए रजिस्ट्रेशन करवाया था। अभी तक इनमें से केवल 15,965 (लगभग 54 फीसदी) स्वास्थ्यकर्मी ने वैक्सीन लगवाई है। वहीं पूरे राज्य में यह औसत 69.6 प्रतिशत है।

प्रतिक्रिया

जिलाधिकारी की तरफ से नहीं मिली प्रतिक्रिया

इस आदेश पर जिलाधिकारी की तरफ से अभी तक कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है। वहीं जब राज्य के अतिरिक्त मुख्य सचिव (स्वास्थ्य) प्रदीप्ता कुमार महापात्रा से इस बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि सभी जिले 10 फरवरी की समयसीमा तक वैक्सीन कवरेज बढ़ाने की कोशिश कर रहे हैं। हालांकि, उन्होंने चयानी के आदेश पर प्रतिक्रिया देने से इनकार कर दिया। राज्य में स्वास्थ्यकर्मियों के साथ-साथ शनिवार से फ्रंटलाइन कर्मियों को भी वैक्सीन लगनी शुरू हो जाएगी।

वैक्सीनेशन अभियान

राज्य में आज से शुरू हो रहा दूसरा चरण

राज्य में वैक्सीनेशन अभियान के दूसरे चरण की शुरुआत से पहले महापात्रा ने सभी जिलों को पत्र लिखकर वरिष्ठ अधिकारियों से वैक्सीन लगवाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि शनिवार को DGP, SP, पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों, सभी जिलाधिकारियों और दूसरे अधिकारियों को वैक्सीन लगवाकर उदाहरण पेश करना चाहिए। पत्र में सभी अधिकारियों से वैक्सीन लगवाते समय की फोटो भी सोशल मीडिया पर शेयर करने को कहा है ताकि लोगों को इस बारे में जागरूक किया जा सके।

डाटा

ओ़डिशा में महामारी की क्या स्थिति?

स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, ओडिशा में अभी तक 3,35,466 लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हो चुकी है। इनमें से 825 सक्रिय मामले हैं, 3,32,733 लोग महामारी से ठीक हो चुके हैं और 1,908 लोगों की मौत हुई है।

कोरोना वायरस

देश में संक्रमण के कितने मामले?

भारत में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस से संक्रमण के 11,713 नए मामले सामने आए और 95 मरीजों ने इसकी वजह से दम तोड़ा। इसी के साथ देश में कुल संक्रमितों की संख्या 1,08,14,304 हो गई है। इनमें से 1,54,918 लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी है और सक्रिय मामलों की संख्या घटकर 1,48,590 हो गई है। वहीं वैक्सीनेशन अभियान की बात करें तो अब तक 54.16 लाख लोगों को कोरोना वैक्सीन की पहली खुराक दी जा चुकी है।