Page Loader
कोरोना वायरस: मुंबई, चंडीगढ़ और ओडिशा में सार्वजनिक स्थानों पर मास्क पहनना अनिवार्य, उल्लंघन पर कार्रवाई

कोरोना वायरस: मुंबई, चंडीगढ़ और ओडिशा में सार्वजनिक स्थानों पर मास्क पहनना अनिवार्य, उल्लंघन पर कार्रवाई

Apr 08, 2020
05:32 pm

क्या है खबर?

कोरोना वायरस का केंद्र बने मुंबई में प्रशासन ने मास्क पहनना अनिवार्य कर दिया है। इस आदेश का उल्लंघन करने वालों को गिरफ्तार किया जाएगा। मुंबई के म्युनिसिपल कमिश्नर प्रवीण परदेशी ने ये आदेश जारी किया है। उन्होंने कहा है कि कोरोना वायरस महामारी के दौरान हम सबकी जिम्मेदारी है कि नियमों का पालन करें और सोशल डिस्टेंसिंग का ख्याल रखें। वहीं ओडिशा और चंडीगढ़ ने भी सार्वजनिक स्थानों पर मास्क पहनना अनिवार्य कर दिया है।

आदेश

कमिश्नर बोले- सार्वजनिक स्थानों पर मास्क लगाना जनहित में जरूरी

अपने आदेश में कमिश्नर ने लिखा है कि वे इस नतीजे पर पहुंचे हैं कि सार्वजनिक स्थानों पर निकलने वाले लोगों का जनहित में मास्क पहनना जरूरी है और इसलिए पांच गाइडलाइंस जारी कर रहे हैं। गाइडलाइंस में अस्पताल, ऑफिस, बाजार या सड़क जैसे सार्वजनिक स्थानों पर जाने वाले लोगों के लिए तीन प्लाई या कपड़े का मास्क लगाना अनिवार्य किया गया है। निजी या ऑफिस की गाड़ी से सफर करने वालों के लिए भी मास्क अनिवार्य किया गया है।

कार्रवाई

नियमों का उल्लंघन करने पर होगी IPC की धारा 188 के तहत कार्रवाई

इसके अलावा किसी साइट, ऑफिस या अन्य किसी जगह पर काम करने वाले लोगों को भी हर समय मास्क पहनकर रहने को कहा गया है। कोई भी व्यक्ति बिना मास्क के किसी बैटक में हिस्सा नहीं लेगा और न ही ऐसी किसी जगह पर जाएग जहां लोग हों। अपने आदेश में कमिश्नर ने कहा है कि जो भी व्यक्ति इन निर्देशों का उल्लंघन करेगा उस पर भारतीय दंड संहिता (IPC) की धारा 188 के तहत कार्रवाई की जाएगी।

स्थिति

मुंबई में अब तक 782 मामले, 50 की मौत

बता दें दो करोड़ से अधिक आबादी वाला मुंबई शहर कोरोना वायरस से बुरी तरह से प्रभावित हुआ है। शहर में अभी तक कोरोना वायरस के 782 मामले सामने आ चुके हैं और 50 लोगों की मौत हुई है। कुछ विशेषज्ञों ने शहर में लोकल कम्युनिटी ट्रांसमिशन शुरू होने की आशंका भी जताई है। एशिया की सबसे बड़ी झुग्गी बस्ती धारावी भी मुंबई में है और यहां कोरोना वायरस के मामले मिलने से प्रशासन की चिंता और बढ गई है।

जानकारी

मुंबई में 30 अप्रैल तक बढ़ सकता है लॉकडाउन

इस बीच मुंबई में लॉकडाउन को बढ़ाने पर भी विचार हो रहा है और इस बात की पूरी संभावना है कि इसे 30 अप्रैल तक बढ़ाया जाएगा। शहर के कई इलाकों को कंटेनमेंट जोन घोषित कर वहां आक्रामक रोकथाम योजना अपनाई जा रही है।

कोरोना वायरस

पूरे भारत में क्या है कोरोना वायरस की स्थिति?

बुधवार सुबह आठ बजे तक भारत में कोरोना वायरस से संक्रमण के 5,194 मामले सामने आ चुके हैं। इनमें से 149 लोगों को वायरस के कारण अपनी जान गंवानी पड़ी है, वहीं 402 को सफल इलाज के बाद घर भेजा जा चुका है। महाराष्ट्र सबसे अधिक प्रभावित राज्य है और यहां अब तक 1,018 मामले सामने आ चुके हैं। इसके अलावा राज्य में 64 लोगों की कोरोना वायरस की वजह से मौत हुई है।