Page Loader
कई राज्यों में शुरु हुआ नागरिक सुरक्षा का पूर्वाभ्यास, जानिए कहां पर क्या तैयारी
देश के कई राज्यों में शुरू हुआ नागरिक सुरक्षा का अभ्यास (फाइल तस्वीर)

कई राज्यों में शुरु हुआ नागरिक सुरक्षा का पूर्वाभ्यास, जानिए कहां पर क्या तैयारी

May 06, 2025
04:23 pm

क्या है खबर?

पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव बढ़ गया है। इस बीच केंद्रीय गृह मंत्रालय ने 35 राज्य और केंद्र शासित प्रदेशों के 259 जिलों में नागरिक सुरक्षा तैयारियों को मजबूत करने के लिए बुधवार (7 मई) को मॉक ड्रिल (पूर्वाभ्यास) करने को कहा है। कई राज्यों में मंगलवार को ही अभ्यास शुरू कर दिया है। इनके कई वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आए हैं। आइए जानते हैं कहां, क्या अभ्यास हुआ है।

जम्मू

जम्मू में किया गया हवाई हमले के बाद की प्रतिक्रिया का अभ्यास

जम्मू में पुलिस, स्थानीय अधिकारियों, राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) के सहयोग से हवाई हमले के बाद सुरक्षा के लिए अपनाई जाने वाली प्रतिक्रिया का अभ्यास किया गया। समाचार एजेंसी ANI ने इसका एक वीडियो भी साझा किया है। इस वीडियो में जम्मू की स्कूली छात्राओं को हवाई हमले की चेतावनी के जवाब में अपनी टेबल के नीचे शरण लेते हुए दिखाया गया और उन्हें अन्य आपातकालीन उपायों के बारे में भी बताया गया है।

ट्विटर पोस्ट

यहां देखें जम्मू का वीडियो

उत्तर प्रदेश

उत्तर प्रदेश में किया गया अग्नि अभ्यास

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में भी नागरिक सुरक्षा अधिकारी, पुलिस और अन्य स्थानीय अधिकारियों ने अग्नि अभ्यास किया है। इसके वीडियो में देखा जा सकता है कि एक छोटे से बक्से में नकली आगाई जाती है और उसे एक बड़े लाल कपड़े से ढककर बुझाया जाता है। इसी तरह संभावित रूप से घायल लोगों को अपनी पीठ पर उठाकर घटनास्थल से बाहर निकालने के दृश्य भी देखे जा सकते हैं। सभी अधिकारी भी सतर्क नजर आते हैं।

ट्विटर पोस्ट

यहां देखें लखनऊ का वीडियो

दिल्ली

दिल्ली में लोगों को दी नागरिक सुरक्षा उपायों की जानकारी

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में पुलिस ने कॉनॉट प्लेस बाजार जैसे अधिक भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में हमले की स्थिति में नागरिक सुरक्षा उपायों और आपातकालीन प्रोटोकॉल के बारे में जानकारी दी। राजस्थान में सीमा से सटे जैसलमेर जिले के पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी ने लोगों को धन के लिए सूचना लीक करने पर होने वाली कार्रवाई की जानकारी दी और पाकिस्तान की ओर से कोई भी हरकत होने पर तत्काल पुलिस को सूचित करने के लिए प्रेरित किया गया।

कश्मीर

कश्मीर में डल झील में शिकारा नाव डूबने का अभ्यास

कश्मीर में अधिकारियों और NDRF के जवानों ने डल झील में शिकारा नाव के डूबने के बाद लोगों को बचाने के लिए उठाए जाने वाले कदमों का अभ्यास किया। इस दौरान झील में प्लास्टिक की नाव का इस्तेमाल किया गया। इस बीच, मणिपुर ने राजधानी इंफाल में अग्निशमन सेवाओं के बीच कस्टमाइज्ड मोटरबाइक तैनात की हैं, ताकि आपातकालीन स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित की जा सके। कर्नाटक में भी पूर्वाभ्यास की तैयारी की जा रही है।

ट्विटर पोस्ट

कश्मीर के अभ्यास का वीडियो

पूर्वाभ्यास

पूर्वाभ्यास में क्या-क्या किया जाएगा?

गृह मंत्रालय की अधिसूचना के अनुसार, पूर्वाभ्यास में हवाई हमले की चेतावनी देने वाले सायरन का संचालन किया जाएगा। इसी तरह हमले की स्थिति में खुद को बचाने के लिए नागरिकों और छात्रों को नागरिक सुरक्षा का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके अलावा, क्षेत्र में पूरी तरह से बिजली गुल (ब्लैक आउट) होने पर किए जाने वाले उपाय बताए जाएंगे, महत्वपूर्ण संयंत्रों/प्रतिष्ठानों को सुरक्षित रखने की तैयारी की जाएगी और लोगों को निकालने की योजना और उसका अभ्‍यास किया जाएगा।

अहमियत

क्यों महत्वपूर्ण मानी जा रहा है यह पूर्वाभ्यास?

गृह मंत्रालय द्वारा राज्यों को दिए गए इस पूर्वाभ्यास के आदेशों को काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है क्योंकि पिछली बार इस तरह का पूर्वाभ्यास 1971 में आयोजित किया गया था। 1971 में भारत और पाकिस्‍तान के बीच 2 मोर्चों पर युद्ध हुआ था। इस युद्ध के 54 सालों बाद अब देश में इस तरह का पूर्वाभ्यास होने जा रहा है। यह इस बात का संकेत दे रहा है कि भारत और पाकिस्तान में फिर से युद्ध छिड़ सकता है।