Page Loader
कोरोना: मास्क और PPE किट न पहनने वाले 15 हवाई यात्रियों पर प्रतिबंध लगाएंगी एयरलाइन्स

कोरोना: मास्क और PPE किट न पहनने वाले 15 हवाई यात्रियों पर प्रतिबंध लगाएंगी एयरलाइन्स

Mar 25, 2021
12:25 pm

क्या है खबर?

घरेलू उड़ानों में यात्रा के दौरान महामारी से बचाव के नियमों का उल्लंघन करने वाले 15 यात्रियों पर कार्रवाई की जा सकती है। नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) के अधिकारियों ने बताया कि नियम न मानने वाले इन 15 यात्रियों को तीन महीनों तक हवाई यात्रा से रोका जा सकता है। गौरतलब है कि नागरिक उड्डयन मंत्रालय की तरफ से आदेश जारी किए गए हैं कि नियम तोड़ने वाले यात्रियों के खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है।

पृष्ठभूमि

मंत्रालय के आदेश में क्या कहा गया था?

नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने 13 मार्च को आदेश जारी किया था कि यात्रा के दौरान अगर कोई यात्री सही तरीके से मास्क नहीं पहनता और महामारी से बचाव के नियमों का पालन नहीं करता है तो उसे विमान से उतार दिया जाएगा। वहीं अगर कोई यात्री बार-बार चेतावनी के बाद भी नियम नहीं मानता है तो उसे 'उपद्रवी यात्री' माना जाएगा और उसके खिलाफ उसी हिसाब से कदम उठाए जाएंगे। यह आदेश तुरंत प्रभाव से लागू हुआ था।

जानकारी

एक हफ्ते में 15 यात्रियों ने किया नियमों का उल्लंघन

न्यूज18 ने DGCA के अधिकारियों के हवाले से लिखा कि 15 से 23 मार्च के बीच इंडिगो एयरलाइन के विमानों में सफर करने वाले नौ, एलायंस एयर के चार और एयर एशिया के दो यात्री नियमों का उल्लंघन करते हुए पाए गए थे। महानिदेशालय ने एयरलाइन कंपनियों को ऐसे यात्रियों के खिलाफ कार्रवाई की छूट दी है। इन्हें तीन महीने से लेकर दो साल तक नो फ्लाई लिस्ट में डाला जा सकता है।

कार्रवाई

तीन महीनों तक नो फ्लाई लिस्ट में डाले जा सकते हैं यात्री

रिपोर्ट के अनुसार, इनमें से अधिकतर यात्रियों ने उड़ानों के दौरान मास्क पहनने से इनकार किया था तो बाकियों ने बीच की सीट पर बैठने वाले यात्रियों के लिए अनिवार्य PPE किट नहीं पहनी थी। इसके बाद इनके खिलाफ कार्रवाई की योजना बनाई जा रही है। अधिकारियों ने बताया कि तीनों एयरलाइंस इन यात्रियों को तीन महीने के लिए नो फ्लाई लिस्ट में डाल सकती है, जिसके बाद ये तय समय तक हवाई यात्रा नहीं कर सकेंगे।

आदेश

हाई कोर्ट ने भी दिए थे ऐसे आदेश

इसी महीने दिल्ली हाई कोर्ट ने भी ऐसे आदेश जारी किए थे। दरअसल, हाई कोर्ट के जस्टिस जस्टिस सी हरी शंकर ने अपनी यात्रा के दौरान देखा था कि लोग विमान में सफर करते समय सही तरीके से मास्क नहीं लगाए रखते हैं। इसके बाद उन्होंने इसे लेकर आदेश जारी किया था। इसमें कहा गया था कि अगर कोई यात्री उड़ान भरने से पहले नियम नहीं मानता है तो उसे बिना देर किए नीचे उतार दिया जाएगा।

कोरोना वायरस

देश में महामारी की क्या स्थिति?

भारत में बीते दिन कोरोना के 53,476 नए मामले सामने आए और 251 मरीजों की मौत हुई है। पांच महीनों बाद देश में एक दिन में इतने मरीज मिले हैं। इसी के साथ देश में कुल संक्रमितों की संख्या 1,17,87,534 हो गई है। इनमें से 1,60,692 लोगों की मौत हुई है। वहीं सक्रिय मामलों की संख्या लगातार बढ़ते हुए 3,95,192 पर पहुंच गई है। अमेरिका और ब्राजील के बाद भारत महामारी से तीसरा सर्वाधिक प्रभावित देश है।