Page Loader
#DailyReport: कोरोना वायरस से 12वां सबसे प्रभावित देश बना भारत, मंंगलवार को 3,525 नए मामले

#DailyReport: कोरोना वायरस से 12वां सबसे प्रभावित देश बना भारत, मंंगलवार को 3,525 नए मामले

May 13, 2020
11:18 am

क्या है खबर?

भारत में कोरोना वायरस से संक्रमण के मामले 74,000 के पार हो गए हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, पिछले 24 घंटे में देश में 3,525 नए मामले सामने आए और इसी के साथ कुल मामलों की संख्या 74,281 हो गई है। इसके अलावा पिछले 24 घंटे में कोरोना की वजह से 122 लोगों की मौत हुई और कुल मौत का आंकड़ा 2,415 पर पहुंच गया है। इसी के साथ भारत 12वां सबसे प्रभावित देश बन गया है।

सबसे अधिक मामले

इन चार राज्यों में सामने आए सबसे अधिक मामले

अगर राज्यों के आंकड़े देखें तो एक बार फिर से महाराष्ट्र, तमिलनाडु, गुजरात और दिल्ली ज्यादातर नए मामलों के लिए जिम्मेदार रहे। महाराष्ट्र में 1,026 नए मामले सामने आए और ये लगातार सातवां ऐसा दिन था जब राज्य में 1,000 से अधिक नए मामले दर्ज किए गए। वहीं तमिलनाडु में लगातार दूसरे दिन 700 से अधिक मामले सामने आए और पिछले 24 घंटे में 716 नए मामले मिले। दिल्ली में 406 और गुजरात में 362 नए मामले सामने आए।

जानकारी

पिछले 24 घंटे में ठीक हुए 1,931 मरीज

नए मामलों के साथ-साथ ठीक होने वाले मरीजों की संख्या में भी तेजी से इजाफा हो रहा है और पिछले 24 घंटे में देश में 1,931 मरीज ठीक हुए। अब तक 24,386 मरीज ठीक हो चुके हैं जो कुल मामलों के 32.82 प्रतिशत हैं।

राज्यों की स्थिति

महाराष्ट्र सबसे अधिक प्रभावित राज्य, गुजरात दूसरे नंबर पर

देश के सबसे अधिक प्रभावित राज्यों की बात करें तो महाराष्ट्र सबसे अधिक प्रभावित राज्य बना हुआ है और यहां अब तक 24,427 लोगों को कोरोना वायरस से संक्रमित पाया जा चुका है। ये देश के कुल आंकड़ों के एक तिहाई के बराबर है। राज्य में 921 लोगों की मौत हुई है। गुजरात दूसरा सबसे अधिक प्रभावित राज्य है और यहां 537 मौत समेत 8,903 लोगों को संक्रमित पाया गया है। तमिलनाडु में 8,718 और दिल्ली में 7,639 मामले हैं।

दुनिया में स्थिति

कुल संक्रमण के मामले में दुनिया में 12वें स्थान पर पहुंचा भारत

अगर अन्य देशों से भारत की तुलना करें तो भारत ने कोरोना वायरस के कुल मामलों की संख्या में कनाडा को पीछे छोड़ दिया है और 12वां सबसे प्रभावित देश बन गया है। कनाडा में कोरोना वायरस के 71,157 मामले हैं। लगभग 14 लाख पॉजिटिव मामलों और 83,000 मौतों के साथ अमेरिका सबसे अधिक प्रभावित देश बना हुआ है। वहीं यूनाइटेड किंगडम (UK), स्पेन, रूस, इटली, फ्रांस, ब्राजील, जर्मनी, तुर्की, ईरान और चीन में भी भारत से अधिक मामले हैं।

लॉकडाउन

18 मई से लॉकडाउन का चौथा चरण

बता दें कि कल ही देश को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ऐलान किया था कि 17 मई को लॉकडाउन को तीसरा चरण खत्म होने के बाद 18 मई से लॉकडाउन का चौथा चरण शुरू होगा। उन्होंने कहा कि ये चरण पिछले सभी चरणों से अलग होगा और संकेत दिए कि इसमें बड़ी छूटें दी जा सकती हैं। लॉकडाउन में इस बड़ी ढील के बाद कोरोना वायरस के मामलों के बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।