LOADING...
कोरोना वायरस: दुनियाभर में 2 लाख मौतें, भारत मे 26 हजार पार पहुंचा संक्रमितों का आंकड़ा

कोरोना वायरस: दुनियाभर में 2 लाख मौतें, भारत मे 26 हजार पार पहुंचा संक्रमितों का आंकड़ा

Apr 26, 2020
10:11 am

क्या है खबर?

कोरोना वायरस के प्रसार को रोकने के लिए दुनियाभर की सरकारों द्वारा कड़े कदम उठाए जाने के बाद भी इसके मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। प्रतिदिन जहां हजारों लोग संक्रमण की चपेट में आ रहे हैं, वहीं सैंकड़ों लोगों की सांसें थम रही है। यही कारण है कि रविवार सुबह तक पूरी दुनिया में मौत का आंकड़ा दो लाख के पार पहुंच गया है। इसी तरह भारत में भी संक्रमितों की संख्या बढ़कर 26,000 के पार चली गई है।

दुनिया का हाल

दुनिया में 29 लाख के पार पहुंची संक्रमितों की संख्या

जॉन्स हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी के अनुसार पूरी दुनिया में संक्रमितों की संख्या 29.21 लाख हो गई है। फ्रांस में एक दिन में 369 लोगों की मौतों के बाद दुनियाभर में मृतकों का आंकड़ा दो लाख तीन हजार 289 पहुंच गया है। फ्रांस में अब तक 22,614 लोगों की मौत हुई है। अमेरिका, इटली, स्पेन और फ्रांस के बाद ब्रिटेन में भी मृतकों की संख्या 20,000 के पार पहुंच गई है। यूरोप में सबसे अधिक 26,384 मौते इटली में हैं।

जानकारी

अमेरिका में 24 घंटे में हुई 2,494 लोगों की मौत

जॉन्स हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी के अनुसार अमेरिका में पिछले 24 घंटे में 2,494 लोगों की मौत हुई है। यहां कोरोना से हुई मौतों का आंकड़ा 53 हजार 511 हो चुका है। इसी तरह यहां संक्रमितों की संख्या बढ़कर नौ लाख 60 हजार के पार पहुंच गई।

रफ्तार

महज 16 दिन में एक लाख से दो लाख पहुंच गई मृतकों की संख्या

दुनिया में कोरोना से पहली मौत 11 जनवरी को चीन के वुहान में हुई थी। उसके बाद करीब 90 दिन बाद यानी 10 अप्रैल को मृतकों की संख्या एक लाख के पार पहुंच गई थी। इसके बाद मौत का आंकड़ा इतनी तेजी से बढ़ा कि महज 16 दिन में यह संख्या एक लाख से बढ़कर दो लाख हो गई है। यदि इस पर काबू नहीं पाया गया तो मृतकों की संख्या में तेजी से इजाफा होगा।

जानकारी

एशियाई देशों में 7,000 से अधिक लोगों की मौत

पूरी दुनिया में जहां मौत का आंकड़ा दो लाख के पार पहुंच गया है, वहीं एशियाई देशों में अब तक 7,000 से अधिक लोगों की मौतें हुई हैं। मध्य पूर्व में 8,800 से अधिक और अफ्रीका में 1,350 लोगों की मौत हुई है।

भारत का हाल

भारत में 26,000 के पार पहुंची संक्रमितों की संख्या

स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार देश पिछले 24 घंटे में अब तक की सबसे बड़ी बढ़ोत्तरी 1,990 नए मामलों के साथ संक्रमितों की संख्या 26,496 पहुंच गई है। इसी तरह 49 नई मौत के साथ अब तक 824 लोगों की मौत हो चुकी है। वर्तमान में 19,868 सक्रिय मामले हैं और 5,803 स्वस्थ हो चुके है। वर्तमान में देश में संक्रमितों की संख्या दोगुनी होने की दर 9.1 दिन है, लेकिन कई राज्यों में यह बहुत कम है।

महाराष्ट्र-गुजरात

पिछले 24 घंटे में सामने आए कुल नए मामलों में महाराष्ट-गुजरात की 53 प्रतिशत हिस्सेदारी

देश में पिछले 24 घंटे में अब तक के सबसे ज्यादा 1,990 नए मामले सामने आए हैं। इनमें से 53.61 प्रतिशत यानी 1,067 मामले में महाराष्ट्र और गुजरात में बढ़े हैं। महाराष्ट्र में जहां 811 नए केस सामने आए हैं, वहीं गुजरात में यह संख्या 256 है। महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा नए केस मुंबई में 602 सामने आए हैं। महाराष्ट्र में जहां संक्रमितों की दोगुने होने की दर 4.3 दिन है वहीं गुजरात में यह दर 6.7 दिन है।

भारत में जांच

10 लाख लोगों पर हो रही 420 लोगों की जांच

भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (ICMR) के महानिदेशक और स्वास्थ्य अनुसंधान विभाग के सचिव डॉ बलराम भार्गव ने बताया कि देश में संक्रमण की दर पहले की तुलना में कम हुई है, लेकिन अभी भी ज्यादा से ज्यादा जांच करने की जरूरत है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में देश में 10 लाख लोगों पर 420 की जांच की जा रही है। शुक्रवार को देशभर की निजी लैबों में 40,000 से अधिक जांच की गई है।

बढ़ोत्तरी

चार दिन में बढ़े 5,000 नए मामले

हिंदुस्तान टाइम्स के अनुसार देश में पिछले चार दिनों में 5,000 नए मामले सामने आए हैं। जबकि संक्रमण के मामलों को 15,000 से 20,000 होने में तीन दिन का समय लगा था। ऐसे में कहा जा सकता है कि देश में संक्रमण की रफ्तार में कमी आई है। वर्तमान में 22 प्रतिशत की दर से कुल 5,803 लोग उपचार के बाद स्वास्थ्य होकर घर लौट चुके हैं। ऐसे में देश में स्वस्थ होने वालों का प्रतिशत भी बढ़ रहा है।