Page Loader
IPL 2020: श्रीलंका के बाद अब UAE ने दिया टूर्नामेंट होस्ट करने का प्रस्ताव

IPL 2020: श्रीलंका के बाद अब UAE ने दिया टूर्नामेंट होस्ट करने का प्रस्ताव

लेखन Neeraj Pandey
May 10, 2020
12:58 pm

क्या है खबर?

कोरोना वायरस के कारण खेलों पर रोक लगी हुई है और बोर्ड ऑफ क्रिकेट कंट्रोल इन इंडिया (BCCI) को भी इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2020 सीजन को अनिश्चित समय तक स्थगित कर दिया गया है। कुछ समय पहले श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड (SLC) ने IPL को होस्ट करने का प्रस्ताव दिया था और अब यूनाइटेड अरब अमीरात (UAE) ने भी टूर्नामेंट होस्ट करने का प्रस्ताव दिया है। फिलहाल BCCI ने कोई निर्णय नहीं लिया है।

बयान

UAE ने दिया है टूर्नामेंट आयोजन का प्रस्ताव- BCCI कोषाध्यक्ष

BCCI कोषाध्यक्ष अरुण धूमल ने कहा, "अगर हम चाहें तो UAE ने हमें IPL होस्ट करने का प्रस्ताव दिया है। फिलहाल किसी तरह की इंटरनेशनल यात्रा संभव नहीं है तो फिर इस बात पर कोई निर्णय लेने का कोई मतलब नहीं है।" इससे पहले 2014 में लोकसभा चुनावों की तारीख टकराने के कारण UAE ने IPL के 20 मैचों का आयोजन किया था तो यह BCCI के लिए कोई नया स्थान नहीं होगा।

IPL का आयोजन

भारत में IPL का आयोजन लग रहा मुश्किल

भारत में कोरोना वायरस के मामलों के लगातार बढ़ने के बावजूद BCCI ने IPL के आयोजन की उम्मीद नहीं छोड़ी है। हालांकि, भारत में IPL के आयोजन के लिए भी इसके खाली स्टेडियम में आयोजित होने की उम्मीदें ज़्यादा हैं। यदि IPL का आयोजन खाली स्टेडियम में कराया गया तो फ्रेंचाइजियों को गेट रिसिप्ट से मिलने वाली रकम का घाटा होगा। भारत में IPL के आयोजन के लिए सरकार की अनुमति मिलना सबसे जरूरी है।

श्रीलंका

इसके पहले श्रीलंका ने दिया था टूर्नामेंट आयोजन का प्रस्ताव

श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड (SLC) ने 17 अप्रैल को ही BCCI को पत्र लिखकर IPL का आयोजन कराने का प्रस्ताव दिया था। SLC अध्यक्ष शम्मी सिल्वा ने लंकादीप अखबार को दिए इंटरव्यू में कहा था, "ऐसा लगता है कि भारत से पहले श्रीलंका में कोरोना पूरी तरह खत्म हो जाएगा। BCCI चाहे तो वह IPL 2020 की मेजबानी करने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं।" BCCI ने अब तक इस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।

विकल्प

श्रीलंका और UAE दोनों हो सकते हैं अच्छे विकल्प

2009 में दक्षिण अफ्रीका में IPL का आयोजन कराया गया था और वहां BCCI को काफी पैसे खर्च करने पड़े थे। हालांकि, दुबई में हुए 20 मैचों के लिए बोर्ड को बहुत ज़्यादा पैसे नहीं खर्च करने पड़े। यदि IPL का आयोजन केवल टीवी दर्शकों के लिए कराया जाता है तो भी दुबई और श्रीलंका की टाइमिंग भारत से ज़्यादा अलग नहीं है तो भारतीय दर्शकों पर खास असर नहीं पड़ेगा।