Page Loader
मोदी सरकार का 10 लाख सरकारी नौकरियों का वादा, जानिए किस विभाग में कितनी रिक्तियां
मोदी सरकार का 10 लाख सरकारी नौकरियों का वादा

मोदी सरकार का 10 लाख सरकारी नौकरियों का वादा, जानिए किस विभाग में कितनी रिक्तियां

लेखन तौसीफ
Jun 16, 2022
08:00 pm

क्या है खबर?

14 जून को जब से प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) की तरफ से ट्वीट कर अगले डेढ़ साल में 10 लाख नौकरियां दिए जाने की बात कही गई है, तब से सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं में यह जानने की उत्सुकता बढ़ गई है कि किस मंत्रालय में आखिर कितनी-कितनी रिक्तियां हैं। न्यूजबाइट्स ने इस घोषणा के बाद विभिन्न मंत्रालयों में रिक्तियों की संख्या का आंकड़ा इकट्ठा किया है। आइए आपको इसके बारे में बताते हैं।

खर्च

PMO ने ट्वीट में क्या कहा था और इस भर्ती में सरकार का कितना खर्च आएगा?

PMO ने ट्वीट कर कहा था, 'प्रधानमंत्री ने सभी विभागों और मंत्रालयों में मानव संसाधन की स्थिति की समीक्षा की और निर्देश दिया कि सरकार अगले 1.5 साल में मिशन मोड में 10 लाख कर्मियों की भर्ती करे।' इंडियन एक्सप्रेस के मुताबिक, केंद्र सरकार को डेढ़ साल में 10 लाख पदों को भरने में लगभग 4,500 करोड़ प्रति साल खर्च करना पड़ेगा। अधिकतर रिक्त पद धीमी और जटिल भर्ती प्रक्रिया और कोरोना वायरस महामारी के कारण नहीं भर सके हैं।

केंद्र

1 मार्च, 2020 तक केंद्र सरकार में थे 8.72 लाख पद खाली

कार्मिक राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह ने फरवरी, 2022 में संसद को बताया था कि 1 मार्च, 2020 तक केंद्र सरकार के विभिन्न मंत्रालयों और विभागों में 8.72 लाख पद खाली थे। केंद्र सरकार ने इन कार्यालयों में 40 लाख से अधिक पद स्वीकृत किए हैं, लेकिन वर्तमान में 32 लाख से कम कर्मचारी कार्यरत हैं। सबसे ज्यादा रिक्तियां डाक, रक्षा (सिविल), रेलवे और राजस्व जैसे बड़े मंत्रालयों में थीं।

पद

किस मंत्रालय में कितने पद खाली?

रक्षा (सिविल) विभाग में लगभग 6.33 लाख स्वीकृत कर्मचारियों के मुकाबले लगभग 2,47,502 रिक्तियां हैं, जो कि सभी मंत्रालयों या विभागों में सबसे अधिक हैं। वहीं भारतीय रेलवे में लगभग 15 लाख स्वीकृत पदों के मुकाबले 2,37,295 लाख पद खाली हैं और केंद्रीय गृह मंत्रालय में 10.8 लाख स्वीकृत पदों के मुकाबले करीब 1,28,842 पद खाली हैं। इसके अलावा डाक विभाग में कुल 2.67 लाख स्वीकृत पदों की तुलना में लगभग 90,000 रिक्तियां हैं ।

जानकारी

केंद्र सरकार के अन्य 72 विभागों में 87,286 पद रिक्त

बता दें कि राजस्व विभाग में 1.78 लाख स्वीकृत पदों के मुकाबले लगभग 76,327 रिक्तियां हैं। इसके अलावा 72 अन्य मंत्रालयों या विभागों में रिक्त पदों की संख्या 87,286 के करीब है।

रिक्तियां

ग्रुप C के लिए सबसे अधिक 7,56,146 पद रिक्त

मार्च, 2021 तक के आंकड़ों के अनुसार, ग्रुप A के रिक्त पदों की संख्या 21,255 है। वहीं ग्रुप B के 94,842 पद और ग्रुप C के 7,56,146 पद रिक्त हैं। 2014 के बाद से सरकारी विभागों में रिक्त पदों की संख्या बढ़ी है। जहां 2014-15 में रिक्त पदों की संख्या 4,21,658 थी तो वहीं 2015-16 में रिक्त पदों की संख्या 4,20,547 रह गई। वहीं 2016-17 में 4,12,752, 2017-18 में 6,83,823, 2018-19 में 9,10,153 और 2019-20 में 8,67,302 रिक्त पद रहे।

SSC

SSC, UPSC और RRB ने पिछले तीन सालों में कितनी भर्ती कीं?

बता दें कि मुख्य तौर पर तीन भर्ती करने वाली एजेंसियां, कर्मचारी चयन आयोग (SSC), संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) और रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB), केंद्र सरकार के विभिन्न मंत्रालयों और विभागों के लिए भर्तियां आयोजित करती हैं और रिक्तियां निकालती हैं। प्राप्त आंकड़ों के मुताबिक, इन तीनों एजेंसियों ने पिछले तीन सालों यानि 2018-19 में 38,827, 2019-20 में 1,48,377 और 2020-21 में 78,264 लोगों को नियुक्ति दी।