ICSE बोर्ड की 10वीं की परीक्षाएं आज से शुरू, छात्रों के लिए अहम निर्देश जारी
क्या है खबर?
इंडियन सर्टिफिकेट ऑफ सेकेंडरी एजुकेशन (ICSE) बोर्ड की 10वीं की परीक्षाएं आज से शुरू हो रही हैं। पहली परीक्षा अंग्रेजी विषय की होगी।
परीक्षा सुबह 11 बजे से शुरू होगी और 1 बजे तक चलेगी। ICSE बोर्ड की 10वीं की परीक्षाएं 29 मार्च तक आयोजित की जाएंगी।
परीक्षा को लेकर छात्रों को अहम दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
बोर्ड की 12वीं की परीक्षा 13 फरवरी से शुरू हुई थीं और 31 मार्च को समाप्त हो जाएंगी।
परीक्षा शेड्यूल
दूसरा पेपर अंग्रेजी साहित्य का, आखिरी जीव विज्ञान का
10वीं में दूसरा पेपर 1 मार्च को अंग्रेजी साहित्य का होगा। 3 मार्च को वाणिज्यिक अध्ययन, 4 मार्च को आर्ट पेपर-1, 6 मार्च को इतिहास और नागरिक शास्त्र और 10 मार्च को गणित का पेपर होगा।
11 मार्च को आर्ट पेपर-2, 13 मार्च को भूगोल, 14 मार्च को पर्यावरण विज्ञान, 15 मार्च को भाषा, 17 मार्च को भौतिकी विज्ञान, 18 मार्च को आर्ट पेपर-3, 21 मार्च को अर्थशास्त्र, 27 मार्च को हिंदी, 29 मार्च को जीव विज्ञान का पेपर होगा।
समय
इन विषयों को हल करने के लिए मिलेंगे 3 घंटे
10वीं की अधिकांश विषयों की परीक्षा 2 घंटे की होंगी, लेकिन कुछ विषयों की परीक्षा में ज्यादा समय दिया जाएगा। गणित का पेपर हल करने 2:30 घंटे दिए जाएंगे।
भाषा, जीव विज्ञान और हिंदी की परीक्षा 3 घंटे की होगी। आर्ट के चार पेपर होंगे, पेपर-1, पेपर-2, पेपर-3, पेपर-4। सभी की परीक्षा 3 घंटे की होगी।
आर्ट विषय की अलग-अलग परीक्षा के लिए समय 9:00 बजे से 12:00 बजे रखा गया है।
जानकारी
पेपर पढ़ने के लिए दिए जाएंगे अतिरिक्त 15 मिनट
ICSE बोर्ड परीक्षा की समय सारिणी में प्रश्नपत्र लिखने के लिए निर्धारित समय के अतिरिक्त 15 मिनट का समय पेपर पढ़ने के लिए दिया जाता है। 11:00 बजे से पेपर शुरू होगा, लेकिन 10:45 पर ही छात्रों को पेपर बांट दिए जाएंगे।
निर्देश
उत्तर लिखने के लिए इस तरह के पेन का इस्तेमाल करें
छात्रों को उत्तर लिखने के लिए काले/नीले बॉलपॉइंट पेन या फाइंटेन पेन का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है। पेंसिल का उपयोग केवल रेखाचित्रों के लिए किया जा सकता है।
परीक्षा हॉल के इंदर किताब, पॉकेटबुक, कैलकुलेटर, मोबाइल फोन या अन्य इलेक्ट्रॉनिक आइटम ले जाना मना है।
मुख्य उत्तर पुस्तिका के सबसे ऊपर दिए गए स्थान पर अपना विशिष्ट पहचान नंबर, इंडेक्स नंबर और विषय स्पष्ट रूप से लिखें।
उत्तर की शुरुआत में मार्जिन में प्रश्न संख्या लिखें।
दिशा
परीक्षा शुरू होने से इतने मिनट पहले केंद्र पहुंचे छात्र
छात्रों को प्रवेश पत्र और स्कूल पहचान पत्र के साथ स्कूल यूनिफॉर्म में केंद्र पहुंचना होगा। परीक्षा शुरू होने के निर्धारित समय से 5 मिनट पहले परीक्षा हॉल में बैठना होगा।
परीक्षा शुरू होने से आधे घंटे से अधिक देर होने पर उम्मीदवारों को प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
देर से आने वाले उम्मीदवारों को स्पष्टीकरण देना होगा। पेपर समाप्ति तक छात्रों को परीक्षा हॉल में रहना होगा।
परीक्षा में अनुचित व्यवहार के खिलाफ सख्त कार्रवाई का प्रावधान किया गया है।