Page Loader
दुनिया के चौथे सबसे अमीर इंसान बने गौतम अडाणी, बिल गेट्स को पीछे छोड़ा
गौतम अडाणी दुनिया के चौथे सबसे अमीर इंसान बन गए हैं।

दुनिया के चौथे सबसे अमीर इंसान बने गौतम अडाणी, बिल गेट्स को पीछे छोड़ा

Jul 21, 2022
04:08 pm

क्या है खबर?

अडाणी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अडाणी दुनिया के चौथे सबसे अमीर इंसान बन गए हैं। उन्होंने माइक्रोसॉफ्ट को-फाउंडर बिल गेट्स को पीछे छोड़ दिया है और उनकी अनुमानित संपत्ति करीब 115.5 अरब डॉलर की है। फोर्ब्स की रियल-टाइम बिलेनियर्स लिस्ट में सामने आया है कि भारतीय बिजनेसमैन की संपत्ति गेट्स से ज्यादा है, जिनका नेट वर्थ 104.6 अरब डॉलर के करीब है। बता दें, गेट्स ने हाल ही में 20 अरब डॉलर की संपत्ति दान करने का फैसला किया है।

लिस्ट

लिस्ट में इन नामों से पीछे हैं गौतम अडाणी

60 वर्षीय गौतम अडाणी संपत्ति के मामले में अमेजन CEO जेफ बेजोस, लुई विटॉन परिवार के बर्नार्ड अरनॉल्ट और स्पेस-X फाउंडर एलन मस्क से ही पीछे हैं। एलन मस्क 235.8 अरब डॉलर की सबसे ज्यादा नेट वर्थ के साथ दुनिया के सबसे अमीर इंसान बने हुए हैं। वहीं, करीब 87 अरब डॉलर की नेट वर्थ के साथ रिलायंस चेयरमैन मुकेश अंबानी इस लिस्ट में दसवीं पोजीशन पर हैं और अडाणी के बाद दूसरा भारतीय नाम हैं।

बिजनेस

अलग-अलग क्षेत्रों में फैला है अडाणी का बिजनेस

साल 2021 की तुलना में गौतम अडाणी की संपत्ति दोगुनी से ज्यादा हो गई है। उनका बिजनेस इंफ्रास्ट्रक्चर, बिजली, हरित ऊर्जा, गैस और बंदरगाहों तक फैला है। उनका लक्ष्य दुनिया का सबसे बड़ा हरित ऊर्जा उत्पादक बनने का है और अक्षय ऊर्जा परियोजनाओं पर वे करीब 70 अरब डॉलर का निवेश करने जा रहे हैं। नेट वर्थ के मामले में उन्होंने लंबे वक्त तक एशिया के सबसे अमीर इंसान रहे मुकेश अंबानी को पहले ही पीछे छोड़ दिया है।

अरबपति

पहले के मुकाबले कम हुई अरबपतियों की संख्या

दुनिया के सबसे अमीर लोगों की 36वीं-वार्षिक रैंकिंग में 2,668 अरबपति शामिल थे, जो पिछले साल की तुलना में 87 कम है। फोर्ब्स के अनुसार, युद्ध, महामारी और सुस्त बाजार ने सबसे अधिक अमीर लोगों की आय को प्रभावित किया है। हालांकि, 1,000 अरबपति अब एक साल पहले की तुलना में अधिक अमीर हैं। अरबपतियों की सूची में 236 नए कारोबारी हैं। इसी तरह सूची में 4.7 ट्रिलियन डॉलर की संपत्ति के साथ अमेरिका के कुल 735 अरबपति शामिल है।

टेलीकॉम मार्केट

5G स्पेक्ट्रम नीलामी में उतरेगा अडाणी ग्रुप?

बीते दिनों सामने आया है कि अडाणी समूह 5G टेलिकॉम स्पेक्ट्रम की नीलामी में उतर सकता है। अगर ऐसा होता है तो नीलामी के दौरान मुकेश अंबानी की जियो और टेलिकॉम दिग्गज सुनील भारती की एयरटेल और अडाणी समूह के बीच दिलचस्प प्रतिस्पर्धा देखने को मिल सकती है। माना जा रहा है कि अडाणी समूह ने 26 जुलाई को होने वाले ऑक्शन के लिए आवेदन दिया है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।