Page Loader
ब्रिटेन के चुनावों में भारतीयों को मतदान का अधिकार, क्या आप भी डाल सकते हैं वोट? 
ब्रिटेन में आम चुनावों के लिए मतदान हो रहा है

ब्रिटेन के चुनावों में भारतीयों को मतदान का अधिकार, क्या आप भी डाल सकते हैं वोट? 

लेखन आबिद खान
Jul 04, 2024
04:19 pm

क्या है खबर?

ब्रिटेन में आज आम चुनाव हो रहे हैं। कंजर्वेटिव पार्टी से भारतीय मूल के ऋषि सुनक और लेबर पार्टी से कीर स्टार्मर प्रधानमंत्री पद के लिए आमने-सामने हैं। अनुमानों में सुनक की पार्टी को हार मिलने की संभावना जताई गई है और लेबर पार्टी को बहुमत मिल सकता है। ब्रिटेन के चुनावों में भारत समेत 54 देशों के लोग मतदान कर सकते हैं, भले उनके पास ब्रिटेन की नागरिकता नहीं हो। आइए जानते हैं ऐसा क्यों होता है।

कानून

चुनावों में भारतीय क्यों डाल सकते हैं वोट?

दरअसल, ब्रिटेन के जन प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1918 में प्रावधान था कि 'ब्रिटिश नागरिक' ही चुनावों में मतदान कर सकते हैं। हालांकि, उस समय हर उस शख्स को ब्रिटिश नागरिक माना गया, जो शाही परिवार के प्रति निष्ठा रखता था, चाहे वो कहीं भी पैदा हुआ हो। इसमें राष्ट्रमंडल देशों के लोग भी शामिल थे। इस कानून में ब्रिटिश नागरिक की परिभाषा को कभी बदला नहीं गया, इस वजह से अभी भी राष्ट्रमंडल देशों के नागरिक यहां मतदान कर सकते हैं।

मतदान

तो क्या आप कर सकते हैं ब्रिटिश चुनावों में मतदान?

राष्ट्रमंडल देशों के सभी नागरिकों को ब्रिटेन में मतदान का अधिकार नहीं है। केवल वही नागरिक मतदान कर सकते हैं, जो ब्रिटेन में रह रहे हैं, भले ही उनके पास ब्रिटेन की नागरिकता नहीं हो। ब्रिटेन में फिलहाल लगभग 18 लाख भारतीय मूल के लोग रहते हैं। ऐसे लोगों को ब्रिटेन के स्थानीय चुनावों से लेकर संसदीय चुनावों में मतदान का अधिकार मिलता है। ब्रिटेन में भी 18 साल से ज्यादा उम्र के लोग मतदान कर सकते हैं।

EU

EU के लोग कर सकते हैं ब्रिटेन में मतदान?

कुछ शर्तों के साथ यूरोपीय संघ (EU) के लोगों को भी ब्रिटेन में मतदान का अधिकार मिला हुआ है। 1 जनवरी, 2020 से पहले ब्रिटेन में रहने वाले EU के नागरिक मतदान कर सकते हैं। बशर्तें उनकी आव्रजन स्थिति वैध हो। 31 दिसंबर, 2020 के बाद आने वाले EU के नागरिक चुनावों में तभी मतदान कर सकते हैं, जब उनके देश का ब्रिटेन के साथ पारस्परिक समझौता हो। ब्रिटेन का EU के कई देशों के साथ समझौता है।

संसदीय प्रणाली

कैसी है ब्रिटेन की संसदीय प्रणाली?

भारत की तरह ब्रिटेन में भी संसद के 2 सदन हैं, जिन्हें हाउस ऑफ लॉर्ड्स और हाउस ऑफ कॉमंस कहा जाता है। प्रधानमंत्री या सरकार के गठन में हाउस ऑफ लॉर्ड्स की कोई भूमिका नहीं होती, जैसे भारत में राज्यसभा। हाउस ऑफ लॉर्ड्स के ज्यादातर सदस्य अनुभव या ज्ञान के आधार पर जीवनभर के लिए चुने जाते हैं। ब्रिटेन में आम चुनाव केवल हाउस ऑफ कॉमंस (जैसे भारत में लोकसभा) के लिए होते हैं, जिसमें 650 सदस्य होते हैं।

अनुमान

चुनाव में किसकी जीत के अनुमान?

कई पोल में लेबर पार्टी को बहुमत मिलने का दावा किया गया है। कंजर्वेटिव पार्टी कई मुद्दों पर चुनौती का सामना कर रही है, ऐसे में उसके लिए वापसी की राह मुश्किल है। 22 मई से बीते एक हफ्ते के सर्वे में लेबर को 45 प्रतिशत और कंजर्वेटिव को 24 प्रतिशत वोट मिलने का अनुमान लगाया गया है। YouGov ने अप्रैल में कहा था कि लेबर 403 जबकि कंजर्वेटिव 155 सीटें जीत सकती है।