राम मंदिर उद्घाटन: अमेरिका से लेकर फ्रांस तक, दुनियाभर में ऐसे मनाया जा रहा जश्न
क्या है खबर?
अयोध्या में आज सोमवार को राम मंदिर में रामलला की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा की जाएगी, जिसके लिए पूरे देश में उत्साह है।
राम मंदिर को लेकर उत्सव का ये माहौल केवल भारत तक ही सीमित नहीं है, बल्कि दुनियाभर के लोग इस ऐतिहासिक क्षण का जश्न मना रहे हैं।
चलिए जानते हैं कि आज इस प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम को दुनियाभर के लोग किस तरह मना रहे हैं।
अमेरिका
अमेरिका
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार, आज अमेरिका के लगभग 300 स्थानों पर राम मंदिर के उद्घाटन का सीधा प्रसारण किया जाएगा, जिसमें न्यूयॉर्क का प्रतिष्ठित टाइम्स स्क्वायर भी शामिल है।
विश्व हिंदू परिषद (VHP) की अमेरिकी शाखा ने टेक्सास, इलिनोइस, न्यूयॉर्क, न्यू जर्सी और जॉर्जिया सहित 10 राज्यों में 40 से अधिक बिलबोर्ड लगाए हैं।
यहां मंदिरों में हफ्ते भर से उत्सव चल रहा है और दर्जनों शहरों में कई बड़े पैमाने पर ऑटो रैलियां आयोजित की गईं।
ब्रिटेन
ब्रिटेन
ब्रिटेन में हिंदू समुदाय ने अभिषेक समारोह के लिए कई कार रैलियों का आयोजन किया।
रैली पश्चिम लंदन में कोलियर रोड पर द सिटी पैविलियन से शुरू हुई और शुरुआती बिंदु पर लौटने से पहले पूर्वी लंदन से होकर गुजरी।
यहां सामाजिक कार्यक्रमों से लेकर कार रैलियों और विशेष 'आरती' से लेकर 'अखंड रामायण' पाठ तक कराया जा रहा है।
इसके अलावा प्राण प्रतिष्ठा के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण 100 से अधिक स्थानों पर किया जाएगा।
मॉरीशस
मॉरीशस
मॉरीशस में लगभग 48 प्रतिशत आबादी हिंदू है। मॉरीशस सरकार ने हिंदू अधिकारियों को 22 जनवरी को 2 घंटे की विशेष छुट्टी दी है।
भारत में मॉरीशस के उच्चायुक्त हेमंडोयल डिलम ने न्यूज एजेंसी ANI को बताया को बताया था कि सभी मंदिरों में दीये जलाए जाएंगे और 'रामचरित मानस' का पाठ किया जाएगा।
इसके अलावा अयोध्या राम मंदिर के उद्घाटन से पहले एक सांस्कृतिक कार्यक्रम होगा और प्रधानमंत्री प्रविंद कुमार जुगनाथ मुख्य अतिथि होंगे।
फ्रांस
फ्रांस
फ्रांस में भव्य रथयात्रा निकाली जाएगी, जो दोपहर 12 बजे प्लेस डे ला चैपल से शुरू होगी और 3 बजे तक प्रतिष्ठित एफिल टावर के स्थान प्लेस डी ट्रोकैडेरो पर समाप्त होगी।
यात्रा आर्क डी ट्रायम्फ, मुसी डे लौवर और प्लेस डी ला रिपब्लिक जैसे महत्वपूर्ण स्थलों से होकर गुजरेगी।
यात्रा से पहले ला चैपल में एक गणेश मंदिर में प्रार्थना और 'वैश्विक कल्याण यज्ञ' किया जाएगा, जिसमें पूजा, आरती, प्रसाद वितरण और एक सांस्कृतिक कार्यक्रम शामिल होगा।
कनाडा
कनाडा
कनाडा में हिंदू समुदाय द्वारा प्राण प्रतिष्ठा के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण कई स्थानों पर किया जाएगा।
कनाडा के ओंटारियो में ओकविले और ब्रैम्पटन शहरों में 22 जनवरी को 'अयोध्या राम मंदिर दिवस' के रूप में घोषित किया गया है।
ब्रैम्पटन के मेयर पैट्रिक ब्राउन और उनके ओकविले समकक्ष रॉब बर्टन ने कहा, 'यह कार्यक्रम दुनियाभर के हिंदुओं के लिए अत्यधिक सांस्कृतिक, धार्मिक और ऐतिहासिक महत्व रखता है, जो सदियों पुराने सपने की परिणति को दर्शाता है।'
अन्य देश
ऑस्ट्रेलिया, ताइवान और नेपाल
इसके अलावा ऑस्ट्रेलिया के प्रमुख शहरों में हिंदू समुदाय द्वारा कई कार रैलियां निकाली गईं। यहां के सभी मंदिरों में भी उत्सव की योजना है और कई स्थानों पर सीधा प्रसारण दिखाया जाएगा।
ताइवान में 21 जनवरी को एक कार्यक्रम भारतीय समुदाय द्वारा और दूसरा कार्यक्रम इस्कॉन ताइवान के प्रयास से आयोजित हुआ।
नेपाल में जगह-जगह राम और सीता के भजन गूंज रहे हैं। जानकी मंदिर को रौशनी से सजाया गया है और हर जनकपुरधामवासी के चेहरे पर उत्साह है।
भारत
अयोध्या में कब होगी प्राण प्रतिष्ठा?
आज अयोध्या में अभिजीत मुहूर्त और मृगशिरा नक्षत्र के शुभ संयोग में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा होगी।
यह दोपहर 12 बजकर 29 मिनट 8 सेकंड से 12 बजकर 30 मिनट 32 सेकंड तक है। इसी 84 सेकंड के अभिजीत मुहूर्त में प्राण प्रतिष्ठा होगी और सभी धार्मिक क्रियाएं संपन्न होंगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अनुष्ठान की अध्यक्षता करेंगे।
इस कार्यक्रम में 7000 से अधिक लोग शामिल हो रहे हैं। कार्यक्रम को देखते हुए सख्त सुरक्षा के कड़े इंतजाम किये गए हैं।