Page Loader
मुंबई से न्यूयॉर्क जा रहे एयर इंडिया उड़ान को बम की धमकी, 8 घंटे बाद लौटा
मुंबई से न्यूयॉर्क जा रहे एयर इंडिया का विमान वापस लौटा (विकिमीडिया)

मुंबई से न्यूयॉर्क जा रहे एयर इंडिया उड़ान को बम की धमकी, 8 घंटे बाद लौटा

लेखन गजेंद्र
Mar 10, 2025
01:07 pm

क्या है खबर?

महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई से न्यूयॉर्क जा रही एयर इंडिया की उड़ान को बम विस्फोट की धमकी मिली, जिसके बाद विमान वापस मुंबई लौट आया। बोइंग 777 विमान ने सोमवार तड़के 2 बजे मुंबई से उड़ान भरी थी और 10:25 बजे वापस लौट आया। विमान में 303 यात्री और 19 चालक दल के सदस्य सवार थे। विमान के उतरने के बाद हवाई अड्डे पर उसकी गहन जांच की गई, जिसमें बम धमाके की धमकी झूठी निकली।

धमकी

उड़ान भरने के बाद मिली धमकी की सूचना

एयर इंडिया की उड़ान AI-119 मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से न्यूयॉर्क के जॉन एफ कैनेडी हवाई अड्डे तक 15 घंटे में पहुंचनी थी। विमान जब अजरबैजान के ऊपर उड़ रहा था, तभी धमकी का पता चला, जिसके बाद चालक दल के सदस्यों को जानकारी दी गई। चालक दल ने आवश्यक प्रोटोकॉल का पालन करने के बाद सभी यात्रियों को मुंबई लाकर सुरक्षित तरीके से उतारा। यात्रियों को आवास, भोजन और अन्य सुविधाएं दी गई हैं।

उड़ान

शिकागो से दिल्ली आ रहा विमान भी लौटा था

एयर इंडिया के प्रवक्ता का कहना है कि सभी यात्रियों को सहायता प्रदान की गई है, अब न्यूयॉर्क के लिए नई उड़ान मंगलवार सुबह 5 बजे निर्धारित की गई है। बता दें कि एयर इंडिया की शिकागो से दिल्ली आ रही एक उड़ान को 5 मार्च को आसमान से ही 5 घंटे की यात्रा तय करने के बाद वापस अमेरिका लौटना पड़ा था। विमान में शौचालय खराब होने के बाद 300 यात्रियों को समस्या हुई थी।