कौन है पंजाब में गिरफ्तार ड्रग तस्कर शहनाज सिंह, जिसे ढूंढ रही है अमेरिका की FBI?
क्या है खबर?
पंजाब की तरनतारन पुलिस ने सोमवार को अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्कर शहनाज सिंह उर्फ शान भिंडर को गिरफ्तार किया है। सिंह पर आरोप है कि वह कोलंबिया से अमेरिका और कनाडा में कोकीन तस्करी करता है।
उसे वैश्विक नारकोटिक्स नेटवर्क चलाने के मामले में अमेरिकी संघीय जांच ब्यूरो (FBI) तलाश रही थी। वह अमेरिका से भागकर भारत आया था।
इसके बाद अमेरिकी अधिकारियों ने मामले में भारतीय एजेंसियों के साथ जरूरी जानकारी साझा की थी।
आइए जानते हैं पूरा मामला।
तलाश
कैसे सामने आया शहनाज सिंह का नाम?
अमेरिकी अधिकारियों ने 26 फरवरी को एक ऑपरेशन के दौरान अपने देश में 4 बड़े ड्रग तस्करों को गिरफ्तार किया था।
इनमें अमृतपाल सिंह उर्फ अमृत, अमृतपाल सिंह उर्फ चीमा, तकदीर सिंह उर्फ रोमी, सरबसीत सिंह उर्फ सबी और फर्नांडो वलाडेरेस उर्फ फ्रेंको शामिल थे।
इनसे पूछताछ के दौरान शहनाज सिंह का नाम सामने आया, जिसके बाद पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की। तब पता चला कि सिंह अमेरिका से भागकर भारत आ गया है।
छापा
छापे में मिली थी करोड़ों रुपये की ड्रग्स
अमेरिकी पुलिस ने ऑपरेशन के दौरान ड्रग तस्करों से जुड़े गिरोह के सदस्यों के घरों की तलाशी ली थी, जिसमें करोड़ों का मादक पदार्थ बरामद हुआ था।
पुलिस को आवास और वाहनों से 391 किलोग्राम मेथामफेटामाइन (ICE), 109 किलोग्राम कोकिन और 4 हथियार बरामद किए थे। इनकी अंतरराष्ट्रीय कीमत करोड़ों में रुपये बताई जा रही है।
गिरोह मादक पदार्थों को पूरे अमेरिका और कनाडा में आपूर्ति करते थे और एक संगठित जाल बिछा रखा था।
पहचान
कौन है शहनाज सिंह उर्फ शान भिंडर?
शहनाज सिंह अमेरिका और कनाडा के बीच मादक पदार्थों की तस्करी में अहम भूमिका निभा रहा था।
अमेरिकी अधिकारियों ने उसकी कई जानकारी भारत को साझा की थी, जिसके बाद पंजाब पुलिस ने उसकी लोकेशन ट्रेस कर उसे पकड़ा है।
अमेरिका में सिंह पर कोकिन तस्करी और अवैध अधिकार रखने का आरोप है। अमेरिका में दोषी साबित होने पर उसे 10 साल तक की सजा हो सकती है।
सिंह की गिरफ्तारी से अंतरराष्ट्रीय गिरोह में बड़े खुलासे की उम्मीद है।